Tomorrow Weather 22 May 2026 Thunderstorm Rain Alert Kal Ka Mausam Delhi Bihar Rajasthan Uttar Pradesh Temperature कल का मौसम 22 मई 2026: लू और हीट स्ट्रोक के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट, 90 की स्पीड में हवा, IMD का अपडेट, India News in Hindi - Hindustan
More

कल का मौसम 22 मई 2026: लू और हीट स्ट्रोक के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट, 90 की स्पीड में हवा, IMD का अपडेट

 Tomorrow Weather 22 May 2026: 22 मई 2026  को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत कुल 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ तेज आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है…

Thu, 21 May 2026 09:13 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
कल का मौसम 22 मई 2026: लू और हीट स्ट्रोक के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट, 90 की स्पीड में हवा, IMD का अपडेट

Kal Ka Mausam 22 May 2026: देश के अधिकांश हिस्सों में पिछले एक सप्ताह से ज्यादा समय से चल रही भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन को पूरी तरह ठप कर दिया है। सड़कें सूनी पड़ी हैं, स्कूलों के समय बदले गए हैं, और स्वास्थ्य विभाग ने हीट स्ट्रोक की चेतावनी जारी कर रखी है। कई राज्यों में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। ऐसे कठिन मौसम में भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने लोगों को बड़ी राहत की खबर दी है।

कल शुक्रवार ( 22 मई 2026 ) को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत कुल 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ तेज आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ उखड़ने, बिजली के खंभे गिरने और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

दो सक्रिय चक्रवाती सिस्टम और तेजी से बढ़ता मानसून

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों पर एक सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर मणिपुर तक एक नया चक्रवाती सिस्टम विकसित हो रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून भी अपनी रफ्तार बढ़ा रहा है। अगले 3-4 दिनों में दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 22 मई को निम्नलिखित क्षेत्रों के लिए भारी बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, असम, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, कई जगहों पर हवा 90 किमी/घंटे की रफ्तार से चल सकती है। पूर्वी भारत के राज्यों में खासतौर पर बहुत अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल शाम के समय तेज आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, कल दिल्लीवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश कल का मौसम

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी, दोनों हिस्सों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, गोरखपुर, प्रयागराज, देवरिया, वाराणसी, आजमगढ़, बलिया, आगरा, मथुरा, सोनभद्र, भदोही, बहराइच, गोंडा समेत कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश और 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार वाली आंधी चलने की आशंका है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार कल का मौसम

बिहार में कल मौसम सबसे खराब रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, गया, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, अररिया, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मधुबनी, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, बांका, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी समेत लगभग सभी प्रमुख जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी की चेतावनी है। पटना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, बोकारो, धनबाद, रांची, देवघर, गिरिडीह, खूंटी, सरायकेला, दुमका, जमशेदपुर, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और गुमला में भारी बारिश के साथ 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी चलने की आशंका है। रांची में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

अभी भी गर्मी की चपेट में राजस्थान

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान इन दिनों भीषण लू झेल रहा है। गंगानगर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। अगले एक सप्ताह तक ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि अगले 48 घंटों में कुछ जिलों में 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार वाली आंधी और हल्की बारिश हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर का मौसम

पहाड़ी राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई है, जिससे तापमान में कई डिग्री की गिरावट आई है। बांदीपोरा, श्रीनगर-लेह, जोजिला दर्रा और सोनमर्ग में बर्फबारी जारी है। शुक्रवार को भी कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। जम्मू क्षेत्र में हालांकि लू की स्थिति बनी हुई है।

दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत में एक नया चक्रवाती सर्कुलेशन सक्रिय है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पश्चिमी घाट के जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान तूफानी हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बाकि अन्य इलाकों में हीटवेव की चेतावनी बरकरार है।

आम लोगों से अपील

मौसम विभाग ने सभी राज्यों के प्रशासन और आम नागरिकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें, बिजली के उपकरणों को अनप्लग कर दें। अगर घर से बाहर हैं तो पेड़ों के नीचे खड़े न हों। मौसम विभाग का कहना है कि इस मौसम प्रणाली से आम लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है।