TMC 22 Rebel MPs May Merge with NCP Nationalist Citizen Party and support NDA ममता बनर्जी के 22 बागी सांसदों ने थामा NCP का दामन, बोले- असली TMC कौन, कोर्ट तय करे, India News in Hindi - Hindustan
More

ममता बनर्जी के 22 बागी सांसदों ने थामा NCP का दामन, बोले- असली TMC कौन, कोर्ट तय करे

ममता बनर्जी से बगावत करके नया गुट बनाने वाले TMC के 22 सांसद नेशनलिस्ट सिटिजन पार्टी (NCP) का दामन थाम लिया है। सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि हम नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी में शामिल हो गए हैं। असली TMC कौन सी है, यह कोर्ट तय करेगा।

Sun, 14 June 2026 08:43 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
ममता बनर्जी के 22 बागी सांसदों ने थामा NCP का दामन, बोले- असली TMC कौन, कोर्ट तय करे

तृणमूल कांग्रेस (TMC) में मची बगावत के बीच बागी सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटिजन पार्टी (NCP) का दामन थाम लिया है। 22 बागी सांसदों में से एक सुदीप बंद्दोपाध्याय ने बताया कि सभी बागी सांसद एनसीपी में शामिल हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी के बागी सांसदों ने किसी भी कानूनी अड़चन से बचने के यह कदम उठाया है। इसके बाद, वे बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को सपोर्ट करेंगे। सुदीप ने कहा कि भविष्य में टीएमसी पर भी दावा करेंगे और तब कोर्ट तय करेगा कि असली टीएमसी कौन सी है।

नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी वर्तमान समय में पूर्वोत्तर के राज्यों में काम करती है। असम, त्रिपुरा, बंगाल और अन्य राज्यों में इसकी मौजूदगी है। इस पार्टी ने त्रिपुरा का विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा, "हम नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी में शामिल हो गए हैं। यह एक राजनीतिक पार्टी है। यह एक मान्यता प्राप्त क्षेत्रीय पार्टी है। हमने इसमें विलय कर लिया है। असली TMC कौन सी है, यह अदालत तय करेगी।"

सुदीप ने आगे कहा, ''नियम यह है कि जब आप पार्टी के दो-तिहाई सदस्यों के साथ अलग होते हैं, तो आप पहले ही दिन उस पार्टी का नाम नहीं मांग सकते। जुलाई में, हम तृणमूल का नाम हमें देने की मांग करेंगे, क्योंकि हमारे पास तृणमूल का दो तिहाई बहुमत है। फिर कोर्ट तय करेगा।'' वहीं, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के साथ अपनी मुलाकात पर उन्होंने कहा, "ओम बिरला ने सभी हस्ताक्षरों की पुष्टि की। 20 हस्ताक्षर थे। अब यह दो तिहाई है।" इसके अलावा, TMC सांसद कीर्ति आज़ाद और TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के बारे में वे कहते हैं, “बिहार के लोग बंगाल की पार्टी को ज्यादा समर्थन देते हैं।”

बागी सांसदों में 22 नाम शामिल

बागी सांसदों की लिस्ट में काकोली घोष, यूसुफ पठान, सुदीप बंदोपाध्याय, सायोनी घोष समेत तकरीबन 22 सांसद हैं। ये सभी सांसद 2024 का लोकसभा चुनाव टीएमसी के टिकट पर लड़कर जीते थे। बंगाल विधानसभा में पार्टी की हार के इन बागी सांसदों ने ममता बनर्जी से बगावत कर दी और नया गुट बना लिया। रविवार को लोकसभा अध्यक्ष से मूल तृणमूल कांग्रेस संसदीय दल के तौर पर मान्यता मांगने से पहले केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर बैठक की।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिले बागी सांसद

बागी TMC सांसदों ने आज दिल्ली में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से उनके आवास पर मुलाकात की। उनसे मिलने के बाद, बागी TMC सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने कहा, "AITC से चुने गए हम बीस सांसदों ने स्पीकर से मुलाकात की और अलग बैठने का अनुरोध करते हुए एक पत्र सौंपा। ये बीस सांसद हमारी कुल संख्या का दो-तिहाई से ज्यादा हिस्सा हैं। हम नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी में विलय कर रहे हैं। आगे चलकर, हम देश के लिए काम करेंगे और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में NDA के साथ मिलकर काम करेंगे।"

20 से बढ़कर 22 हो गई बागियों की संख्या

इससे पहले, तृणमूल कांग्रेस के बागी खेमे के सांसदों का नेतृत्व कर रहीं सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया कि दो और सांसद बागी खेमे में शामिल होने वाले हैं, जिससे लोकसभा में इस गुट में सदस्यों की संख्या बढ़कर 22 हो जाएगी। उन्होंने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हम लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात के लिए दिल्ली जा रहे हैं। हमारे साथ 22 सांसद हैं। अध्यक्ष ने हमें समय दिया है।