दलाई लामा को मिलेगी Z श्रेणी की सुरक्षा, केंद्र सरकार ने खतरों को देखते हुए लिया फैसला
- केंद्र सरकार ने तिब्बत धार्मिक गुरु दलाई लामा को Z श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला किया है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को इसकी सूचना दी है।

केंद्र सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा को संभावित सुरक्षा खतरों के मद्देनजर जेड श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला किया है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को इस खबर की पुष्टि की है। अधिकारियों के मुताबिक गृह मंत्रालय ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की वीआईपी सिक्योरिटी विंग को 89 वर्षीय दलाई लामा की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया है। सूत्रों ने बताया है कि दलाई लामा को देश के सभी हिस्सों में सीआरपीएफ कमांडो के जेड श्रेणी के सुरक्षा कवर द्वारा सुरक्षित रखा जाएगा।
बता दें कि इससे पहले धर्म गुरु दलाई लामा की सुरक्षा में हिमाचल प्रदेश पुलिस की एक टुकड़ी तैनात रहती थी। वहीं जब वे दिल्ली या किसी अन्य स्थान पर जाते थे तो स्थानीय पुलिस द्वारा उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान की जाती थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय खुफिया एजेंसियों द्वारा समीक्षा के बाद सरकार ने अब उन्हें अब सभी राज्यों में समान सुरक्षा कवर प्रदान किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया है कि दलाई लामा की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के करीब 30 कमांडो की एक टीम शिफ्ट में काम करेगी। सूत्रों ने बताया है कि गृह मंत्रालय ने मणिपुर में भाजपा नेता संबित पात्रा को भी जेड श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला किया है। बता दें कि 50 वर्षीय संबित पात्रा राज्य में पार्टी के मामलों के प्रभारी हैं। पिछले डेढ़ महीने से मणिपुर में जारी हिंसा के बीच बीते दिनों राजनीतिक उथल-पुथल को लेकर संबित पात्रा राज्य में लगातार बैठकें कर रहे हैं।




साइन इन