Thalapathy vijay oath ceremony taminadu new cm ministers तमिलनाडु के 'थलापति' बने विजय, कैबिनेट में शामिल किए गए ‘नौ रत्न’; देखिए लिस्ट, India News in Hindi - Hindustan
More

तमिलनाडु के 'थलापति' बने विजय, कैबिनेट में शामिल किए गए ‘नौ रत्न’; देखिए लिस्ट

टीवीके चीफ सी जोसेफ विजय यानी विजय थलापति ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। उनके अलावा 9 मंत्रियों ने शपथ ली है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इसके अलावा कई दिग्गज नेता समारोह में उपस्थित रहे। 

Sun, 10 May 2026 10:18 AMAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
तमिलनाडु के 'थलापति' बने विजय, कैबिनेट में शामिल किए गए ‘नौ रत्न’; देखिए लिस्ट

तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के संस्थापक सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी ने भी शिरकत की। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर यहां जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में भव्य समारोह में विजय को पद की शपथ दिलाई। उनके साथ नौ मंत्रियों ने भी शपथ ली है। बड़ी संख्या में विजय के समर्थक इस शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे।

शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे थलापति के समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ विपक्ष के कई बड़े नेता इस समारोह मे शामिल हुए। टीवीके की पार्टी पहली बार चुनाव में उतरी थी और उसे जबरदस्त सफलता हासिल हुई है। इसके साथ ही तमिलनाडु की सियासत में बड़ा मोड़ आ गया है। विजय पहली बार ही विधायक भी बने हैं।

नौ मंत्री भी लेंगे शपथ

इस समारोह के साथ ही राज्य में पहली बार किसी गैर-द्रविड़ दल की सरकार बनेगी और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) तथा द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के परंपरागत वर्चस्व का अंत हो गया है। तमिलनाडु के राज्यपाल आर्लेकर ने मुख्यमंत्री पद के लिए नामित विजय की नौ मंत्रियों की नियुक्ति संबंधी सिफारिश को मंजूरी दे दी थी। इन नेताओं में एन आनंद, आधव अर्जुन, के ए सेंगोट्टैयन, एस कीर्तना सहित नौ शामिल हैं। एस कीर्तना कैबिनेट में एक मात्र महिला मंत्री हैं। वह शिवकाशी सीट से विधायक हैं और पूर्व में स्टालिन के साथ भी काम कर चुकी हैं।

विजय सरकार में कौन कौन मंत्री?

विजय सरकार में शपथ लेने वाले लोगों में जो नाम शामिल हैं वे इस प्रकार हैं-

आवध अर्जुना

केजी अरुणराज

पी वेंकटरमन

आर निर्मलकुमार

राजमोहन

टीके प्रभु

एस कीर्तना

एन आनंद

केए सैंगोट्टेयन

एक हफ्ते की मशक्कत के बाद बनी सरकार

सप्ताह भर चले राजनीतिक गतिरोध और सरकार गठन को लेकर बने असमंजस के बाद आखिरकार राज्यपाल वीआर अरलेकर ने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था। राजभवन में विजय और सहयोगी दलों के नेताओं के साथ दो घंटे से अधिक चली बैठक के बाद राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त करने की घोषणा की। शपथ ग्रहण समारोह रविवार सुबह 10 बजे जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में शुरू हुआ।

विजय ने कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के विधायकों के साथ राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उनके साथ कांग्रेस प्रभारी गिरीश चोडनकर, तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई, माकपा राज्य सचिव पी. शन्मुगम, सांसद सु. वेंकटेशन तथा सहयोगी दलों के अन्य नेता मौजूद थे।