Teach Her A Lesson Atul Subhash like cases in Gujarat Man Accuses Wife in Suicide Video मेरी पत्नी को सबक सिखाना, गुजरात में अतुल सुभाष जैसा केस; वीडियो बनाकर दी जान, India News in Hindi - Hindustan
More

मेरी पत्नी को सबक सिखाना, गुजरात में अतुल सुभाष जैसा केस; वीडियो बनाकर दी जान

  • अभी अतुल सुभाष सुसाइड केस की चर्चा ठंडी नहीं पड़ी है और गुजरात में भी ऐसा ही केस आया है। यहां पर एक व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सुसाइड किया है। वीडियो में उसने अपनी पत्नी को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है।

Sun, 5 Jan 2025 08:16 AMDeepak लाइव हिन्दुस्तान, अहमदाबाद
share
मेरी पत्नी को सबक सिखाना, गुजरात में अतुल सुभाष जैसा केस; वीडियो बनाकर दी जान

अभी अतुल सुभाष सुसाइड केस की चर्चा ठंडी नहीं पड़ी है और गुजरात में भी ऐसा ही केस आया है। यहां पर एक व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सुसाइड किया है। वीडियो में उसने अपनी पत्नी को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। उसने अपने परिवार से पत्नी को सबक सिखाने के लिए कहा है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। मामला गुजरात के बोताड़ जिले के जमराला गांव का है। यहां पर 30 दिसंबर को 39 साल के सुरेश सथादिया ने अपने घर में सीलिंग फैन से फांसी लगाकर जान दे दी थी।

बोताड़ ग्रामीण पुलिस थाने के अधिकारियों ने मामले की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक महिला के खिलाफ अपने पति को आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि घरवालों को सुरेश के मोबाइल से वीडियो मिला था। इसमें उसने अपनी पत्नी को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। साथ ही घरवालों से गुहार लगाई है कि वह लोग उसकी पत्नी को सबक सिखाएं।

सुरेश के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी जयाबेन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इस शिकायत में पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बहू ने बेटे का लगातार मानसिक उत्पीड़न किया। वह उससे अक्सर झगड़ा करती थी और अपने माता-पिता के घर चली गई थी। एफआईआर के मुताबिक सुरेश अपने ससुराल भी गया और अपनी पत्नी को मनाने की कोशिश की। लेकिन उसकी पत्नी ने वापस आने से मना कर दिया। इसके बाद सुरेश ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही इंजीनियर अतुल सुभाष का केस आया था। अतुल ने वीडियो बनाकर पत्नी निकिता, सास निशा और पत्नी के भाई अनुराग पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने और पैसे की वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। इसी वीडियो में आत्महत्या की पूरी वजह बताई थी। जिसके बाद यह केस देश का बहुचर्चित केस बन गया। इसके अलावा दिल्ली में पुनीता खुराना का मामला सामने आया है। पुनीत ने भी 59 मिनट का वीडियो बनाकर पत्नी और ससुरालवालों पर आरोप लगाया है।