तमिलनाडु में विजय की TVK ने ठंडा किया DMK का जोश, टेंट समेटते नजर आए स्टालिन के कार्यकर्ता
Tamilnadu News: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में ऐक्टर विजय की नई नवेली पार्टी ने डीएमके और एआईडीएमके को चौंका दिया है। शुरुआती रुझानों में विजय की पार्टी राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। डीएमके के कार्यकर्ता अपने टेंट समेटते हुए नजर आए।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 राज्य की दो बड़ी पार्टियों के लिए एक राजनीतिक भूकंप की तरह सामने आया है। सत्ता के शिखर पर बैठी डीएमके और सत्ता को वापस पाने की आस लगाए बैठी एआईडीएमके को धता बताते हुए एक्टर विजय की पार्टी टीवीके शुरुआती रुझानों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। टीवीके इतने बड़े अंतर से आगे बढ़ती दिख रही है कि डीएमके के कार्यकर्ताओं का जोश ठंडा पड़ता नजर आ रहा है। तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों में से टीवीके 106 सीटों पर आगे दिख रही है। दूसरे नंबर पर एआईडीएमके का गठबंधन है जो कि 77 सीटों पर आगे है। सत्ता के शिखर पर बैठी डीएमके और सके साथी केवल 48 सीटों पर आगे हैं।
तमिलनाडु के चुनाव को लेकर सामने आए एग्जिट पोल्स में डीएमके को एक बार फिर से सत्ता के शिखर पर चढ़ता हुआ दिखाया गया था। ऐसे में स्टालिन के कार्यकर्ताओं ने जश्न की तैयारी शुरू कर दी थी। लेकिन अब शुरुआती रुझानों के बाद डीएमके के खेमे में निराशा साफ दिखाई दे रही है। डीएमके का गठबंधन राज्य में तीसरे नंबर पर खिसकता हुआ दिख रहा है। ऐसे रुझानों के बीच डीएमके कार्यकर्ता पार्टी ऑफिस के बाहर लगाए गए टेंट और कुर्सियों को हटाते हुए नजर आ रहे हैं।
बता दें, तमिलनाडु में पिछले कई दशकों से सत्ता पर डीएमके और एआईडीएमके का ही कब्जा रहा है। कांग्रेस और भाजपा इन दोनों पार्टियों की जूनियर पार्टनर बनकर रही हैं। लेकिन एक्टर विजय की पार्टी को मिल रहे इस ताजा रुझान ने तमिलनाडु की राजनीतिक गलियों को चर्चा से भर दिया है। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए जा रहे आंकड़ों के मुताबिक टीवीके लगातार आगे बढ़ रही है। तमिलनाडु में बहुत का आंकड़ा 118 का है। ऐसे में विजय की पार्टी अगर इसे पार करती है, तो राजनीति की बिसात पर विजय का धमाकेदार डेब्यू होगा।




साइन इन