Suvendu himself in saffron kurta and on top of that Yogi has added his own distinct hue भगवा कुर्ते में खुद शुभेंदु, ऊपर से योगी ने चढ़ा दिया अपना रंग; बंगाल से BJP ने दे दिया संदेश, India News in Hindi - Hindustan
More

भगवा कुर्ते में खुद शुभेंदु, ऊपर से योगी ने चढ़ा दिया अपना रंग; बंगाल से BJP ने दे दिया संदेश

उत्साहत भीड़ को देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभेंदु अधिकारी और बंगाल भाजपा अध्यक्ष के साथ पैदल मंच तक का सफर तय किया। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले रविंद्रनाथ टैगोर की तस्वीर पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Sat, 9 May 2026 12:08 PMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
भगवा कुर्ते में खुद शुभेंदु, ऊपर से योगी ने चढ़ा दिया अपना रंग; बंगाल से BJP ने दे दिया संदेश

आज पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री पद के तौर पर शुभेंदु अधिकारी ने शपथ लिया। इस दौरान वह खुद भगवा कुर्ते में नजर आ रहे थे। शपथ लेने से पहले शुभेंदु अधिकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खुली जीप में सवार होकर समारोह स्थल पर पहुंचे। इस दौरान 'जय श्रीराम' के नारे से पूरा पंडाल गूंज उठा था। उत्साहत भीड़ को देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभेंदु अधिकारी और बंगाल भाजपा अध्यक्ष के साथ पैदल मंच तक का सफर तय किया। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले रविंद्रनाथ टैगोर की तस्वीर पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। आपको बता दें कि मंच के बैकग्राउंड में भी देवी दुर्गा की तस्वीर लगी थी।

शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मंच पर मौजूद एनडीए के तमाम नेताओं का अभिवादन किया। इस दौरान जैसे ही वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास पहुंचे तो योगी ने भगवा गमछा ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। यह देखते ही सभा में मौजूद भीड़ ने 'जय श्रीराम' का उद्घोष किया।

भाजपा ने दिया हिंदुत्व का संदेश

भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल का विधानसभा चुनाव भी हिंदुत्व को धार देकर लड़ा। इसके बाद जब सरकार बनाने का समय आया तो वहां भी इस मुद्दे को तरजीह दी गई। आज के शपथग्रहण समारोह के मंच पर देवी दुर्गा की तस्वीर लगी थी। वहीं, शुभेंदु अधिकारी खुद भगवा रंग में नजर आए थे। योगी ने उन्हें भगवा गमछा ओढ़ाकर साफ संदेश दे दिया है कि भाजपा अपनी इस विचारधारा से पीछे नहीं हटेगी।

आपको बता दें कि विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार को शपथ ली। राज्यपाल आर. एन. रवि ने यहां ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में शुभेंदु अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

पश्चिम बंगाल में आज शुभेंदु अधिकारी के अलावा भाजपा विधायक दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, खुदीराम टुडू, अशोक कीर्तनिया के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा विधायक निशीथ प्रामाणिक ने भी मंत्री के रूप में शपथ ली।