तारीख नोट कर लो, ममता नहीं रहेंगी सीएम; एक साल पहले ही शुभेंदु अधिकारी ने कर दी थी भविष्यवाणी
बंगाल में टीएमसी के अंदर-उथल पुथल के बीच सीएम शुभेंदु अधिकारी का एक पुराना वीडियो वायरल होरहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो एक साल पुराना है जिसमें वह दावा कर रहे हैं कि अगले साल ममता बनर्जी सीएम नहीं रहेंगी।

बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आक्रामक तरीके से फैसले ले रहे हैं और सरकार की योजनाओं को लागू कर रहे हैं। कभी ममता बनर्जी के करीबी रहे शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें इस कदर शिकस्त दी है जिसके बाद टीएमसी पार्टी भी संभाले नहीं संभल रही है। टीएमसी में बगावत के बीच शुभेंदु अधिकारी का एक साल पुराना वीडीयो भी वायरल होने लगा है। दावा किया गया है कि यह वीडियो 11 जून 2025 का है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इसकी पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो में शुभेंदु अधिकारी कहते हैं, एक साल बाद ममता बनर्जी मुख्यमंत्री नहीं रहेंगी। समय और तारीख नोट कर लो। पत्रकारों से बात करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने यह बात कही थी। एक साल से भी कम समय में यह बात सच साबित हो गई। 4 मई को चुनाव परिणाम आया तो बीजेपी ने जबरदस्त जीत हासिल करते हुए पहली बार पश्चिम बंगाल की सत्ता पर कब्जा कर लिया और 15 साल बाद टीएमसी को हार का मुंह देखना पड़ा। इतना ही नहीं ममता बनर्जी खुद अपनी भी सीट शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ बचा नहीं पाईं।
टीएमसी पर गहराता जा रहा संकट
टीएमसी पर संकट लगातार गहराता ही जा रहा है। टीएमसी के तीन सांसदों ने इस्तीफा दे दिया है। वहीं चर्चा है कि कम से कम 20 सांसद बीजेपी के संपर्क में हैं। गुरुवार को राज्यसभा सदस्य प्रकाश चिक बराइक ने उच्च सदन और पार्टी, दोनों से इस्तीफ़ा दे दिया।वहीं टीएमसी के वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी ने टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला किया और कहा कि वह पार्टी में तभी बने रह पाएंगे जब अभिषेक को सभी नेतृत्व पदों से हटा दिया जाएगा।
पिछले हफ्ते, पार्टी के दो-तिहाई से ज़्यादा विधायकों - 80 में से 58 ने आधिकारिक टीएमसी विधायक दल से अलग होकर, पार्टी से निष्कासित विधायक रिताब्रता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विधानसभा में मुख्य विपक्षी गुट के तौर पर मान्यता हासिल कर ली। बाद में, यह संकट संसद सदस्यों तक भी पहुँच गया, जहाँ काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में बागी सांसदों ने 20 से ज़्यादा लोकसभा सदस्यों के समर्थन का दावा किया।
ममता का साथ नहीं छोड़ेंगे शत्रुघ्न सिन्हा
गुरुवार को टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि संकट के ऐसे समय में वह ममता बनर्जी का साथ नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जब वह अपने राजनीतिक करियर में एक कठिन दौर से गुजर रहे थे, तब ममता बनर्जी उनके साथ खड़ी थीं। उन्होंने कहा, ''मैं अपने लिए तीन लाइन का व्हिप जारी कर रहा हूं- मैं तृणमूल कांग्रेस और ममता जी के साथ था, मैं तृणमूल कांग्रेस और ममता जी के साथ हूं तथा मैं तृणमूल कांग्रेस और ममता जी के साथ ही रहूंगा। मेरा कहीं और जाने का कोई इरादा नहीं है।'




साइन इन