बंगाल में कौन-कौन बनेगा मंत्री? 1 जून को शुभेंदु अधिकारी कैबिनेट का विस्तार, 11 बजे 35 मंत्री लेंगे शपथ
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सोमवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बात की जानकारी देते हुए लिखा कि पश्चिम बंगाल की जनता के फैसले से चुनी गई राष्ट्रवादी सरकार की पूर्ण मंत्रिपरिषद का गठन सोमवार को किया जाएगा।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सोमवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बात की जानकारी देते हुए लिखा कि पश्चिम बंगाल की जनता के फैसले से चुनी गई राष्ट्रवादी सरकार की पूर्ण मंत्रिपरिषद का गठन सोमवार को किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि 35 नए मंत्री सोमवार सुबह 11 बजे राज्य सचिवालय 'नबन्न' में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। राज्यपाल आरएन रवि नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। हालांकि अभी मंत्रियों के नाम सामने नहीं आया है।
इस विस्तार के बाद मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल की कुल संख्या 41 हो जाएगी। संविधान के अनुच्छेद 164 (1A) के तहत किसी राज्य में मंत्रियों की संख्या (मुख्यमंत्री सहित) विधानसभा सदस्यों की कुल संख्या के 15 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकती है। 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा में 15 प्रतिशत की सीमा 44 मंत्रियों की है। भाजपा के पास वर्तमान में 208 विधायक हैं।
ये बन सकते हैं मंत्री
बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए वरिष्ठ नेता तापस रॉय, शंकर घोष और स्वपन दासगुप्ता जैसे दिग्गजों को जगह मिलने की संभावना है। इसके अलावा बैरकपुर के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता रितेश तिवारी भी प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। कुछ महिला विधायकों को भी मंत्री पद दिए जाने की चर्चा है, जिनमें अभिनेत्री रूपा गांगुली और चंदना बाउरी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि भाजपा न केवल वरिष्ठता बल्कि क्षेत्रीय और सामुदायिक संतुलन पर भी खास ध्यान दे रही है। पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं समेत सभी वर्गों को राज्य के पहले भाजपा मंत्रिमंडल में उचित प्रतिनिधित्व मिले। उत्तर बंगाल और दक्षिण-पश्चिम बंगाल दोनों क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व भी इस मंत्रिमंडल में दिखाई देने की उम्मीद है, जिसे पिछले शासनों में अक्सर नजरअंदाज किया गया था।
9 मई को शुभेंदु ने ली सीएम पद की शपथ
बता दें कि भाजपा के विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बाद तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन का अंत हुआ था। 9 मई को शुभेन्दु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उसी दिन अग्निमित्रा पॉल, निसिथ प्रमाणिक, अशोक कीर्तनिया और के टुडु ने मंत्री पद की शपथ ली थी। अब पूर्ण मंत्रिमंडल के गठन के साथ सरकार अपने शासन की दिशा और मजबूत करने की तैयारी में है।




साइन इन