Supreme court Collegium recommended appointment of five new judges sending names to Centre सुप्रीम कोर्ट में 5 नए जजों की नियुक्ति की सिफारिश, कॉलेजियम ने केंद्र को भेजे नाम, India News in Hindi - Hindustan
More

सुप्रीम कोर्ट में 5 नए जजों की नियुक्ति की सिफारिश, कॉलेजियम ने केंद्र को भेजे नाम

सुप्रीम कोर्ट में जल्द ही पांच नए न्यायाधीशों की नियुक्ति हो सकती है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने बुधवार को चार उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों और वरिष्ठ अधिवक्ता वी मोहना के नाम शीर्ष अदालत में जज नियुक्त करने के लिए केंद्र सरकार को भेज दिए हैं।

Wed, 27 May 2026 10:36 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share
सुप्रीम कोर्ट में 5 नए जजों की नियुक्ति की सिफारिश, कॉलेजियम ने केंद्र को भेजे नाम

सुप्रीम कोर्ट में जल्द ही पांच नए न्यायाधीशों की नियुक्ति हो सकती है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने बुधवार को चार उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों और वरिष्ठ अधिवक्ता वी मोहना के नाम शीर्ष अदालत में जज नियुक्त करने के लिए केंद्र सरकार को भेज दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर जारी बयान के मुताबिक, प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने 22 और 27 मई को हुई बैठकों में इन नामों पर विचार किया।

कॉलेजियम ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश शील नागू, बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश चंद्रशेखर, मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अरुण पल्ली तथा वरिष्ठ अधिवक्ता वी मोहना को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। अब इन नामों पर केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद औपचारिक नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय के निवर्तमान न्यायाधीशों न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति पंकज मिथल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और वर्षों की समर्पित सेवा के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। न्यायमूर्ति माहेश्वरी और न्यायमूर्ति मिथल दोनों उच्चतम न्यायालय में आंशिक कार्य दिवसों (एक जून से 12 जुलाई) के दौरान सेवानिवृत्त होंगे। न्यायमूर्ति माहेश्वरी जहां 28 जून को सेवानिवृत्त होने वाले हैं, वहीं न्यायमूर्ति मिथल 16 जून को अपना पद छोड़ देंगे। प्रधान न्यायाधीश सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड एसोसिएशन द्वारा न्यायमूर्ति माहेश्वरी और न्यायमूर्ति मिथल को विदाई देने के लिए आयोजित एक समारोह में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा, "उन्होंने (न्यायमूर्ति माहेश्वरी और न्यायमूर्ति मिथल ने) हमें दिखाया कि अधिकार दूरी पैदा नहीं करता और उच्च पद किसी व्यक्ति को उन स्थानों और मूल्यों से अलग नहीं करते जिन्होंने उसे आकार दिया है।" उन्होंने कहा, "न्यायाधीश के रूप में उपस्थित मेरे सहयोगियों की ओर से, संस्था की ओर से, यहां उपस्थित सभी लोगों की ओर से और जो लोग ऑनलाइन हमसे जुड़ रहे हैं, उनकी ओर से, मैं भाई माहेश्वरी और भाई मिथल को उनके वर्षों की गरिमा, सत्यनिष्ठा, संयम और दृढ़ विश्वास के साथ दी गई समर्पित सेवा के लिए धन्यवाद देता हूं।"