Rahul Gandhi Dulha rest barati Congress leader decoded Lalu Yadav statement - India Hindi News राहुल गांधी ही बनेंगे दूल्हा, बाकी सब बाराती; कांग्रेस नेता ने लालू यादव का बयान किया डिकोड, India News in Hindi - Hindustan
More

राहुल गांधी ही बनेंगे दूल्हा, बाकी सब बाराती; कांग्रेस नेता ने लालू यादव का बयान किया डिकोड

Rahul gandhi and Lalu Yadav: आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने राहुल गांधी को जल्दी ही शादी करने की सलाह दी थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि अप दूल्हा बनिए, हम सब बाराती जाएंगे।

Wed, 12 July 2023 09:50 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली।
share
राहुल गांधी ही बनेंगे दूल्हा, बाकी सब बाराती; कांग्रेस नेता ने लालू यादव का बयान किया डिकोड

विपक्षी एकता की पहली बैठक के बाद से ही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव काफी एक्टिव दिख रहे हैं। वह लगातार बयान दे रहे हैं। विपक्षी दलों की पटना में हुई पहली बैठक के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी उन्होंने एक बड़ा बयान दिया था। उन्होंने राहुल गांधी को जल्दी ही शादी करने की सलाह दी थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि अप दूल्हा बनिए, हम सब बाराती जाएंगे। उनके बयान पर पीसी में खूब ठहाके लगे, लेकिन बाद में उसके सियासी मायने मतलब निकाले जाने लगे।

सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गई कि लालू यादव ने दूल्हा बताकर राहुल गांधी को 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया। बिहार में साथ मिलकर सरकार चला रही आरजेडी और जेडीयू के बीच इसी मुद्दे पर तनाव के भी कयास लगाए गए। इस सबके बीच कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद तारिक अनवर ने लालू यादव के बयान के सियासी मायने बताए हैं।

विपक्षी एकता की दूसरी बैठक 17-18 जुलाई को बेंगलुरु में होने वाली है। इस बैठक में विपक्ष की तरफ से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि विपक्षी दलों के बीच सीट शेयरिंग पर भी सहमति बन जाएगी। इससे पहले कांग्रेस नेता तारिक अहमद ने कहा है कि प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार तो सिर्फ राहुल गांधी ही होंगे। आज तक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने लालू यादव के बयान के सियासी मायने बताते हुए कहा, 'दूल्हा तो राहुल गांधी ही बनेंगे, बाकी सब बाराती हैं।'

तारिक अनवर का कहना है, 'लालू यादव का कहना था कि आप दूल्हा बनिए और हम बारात जाएंगे। यानी कि वह उनको प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार मानने के लिए तैयार हैं। साथ ही बाराती बनने के लिए भी तैयार हैं।'