UAE में पीएम मोदी, राष्ट्रपति अल नाहयान ने लगाया गले; UPI समेत कई समझौतों पर हस्ताक्षर
पीएम मोदी ने कहा, 'मेरा और मेरे दल का भव्य स्वागत करने के लिए मैं आपका आभारी हूं। जैसा कि आपने कहा कि मैं जब भी यहां आया हूं, मैंने हमेशा महसूस किया है कि मैं अपने घर और परिवार में आया हूं।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को 2 दिवसीय यात्रा पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पहुंचे। पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। इस दौरान द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर बातचीत हुई। मोहम्मद बिन जायद ने हवाई अड्डे पर मोदी की अगवानी की जहां उन्होंने एक-दूसरे को गले लगाकर अभिनंदन किया। बाद में मोदी को सलामी गारद पेश किया गया। PM मोदी ने एक्स पर लिखा, 'अबू धाबी हवाई अड्डे पर मेरे स्वागत के लिए समय निकालने के लिए मेरे भाई मोहम्मद बिन जायद के प्रति अत्यंत आभारी हूं।'
प्रधानमंत्री ने UAE के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक में अपने उद्घाटन वक्तव्य में कहा, 'मेरा और मेरे दल का भव्य स्वागत करने के लिए मैं आपका आभारी हूं। जैसा कि आपने कहा कि मैं जब भी यहां आया हूं, मैंने हमेशा महसूस किया है कि मैं अपने घर और परिवार में आया हूं।' उन्होंने कहा कि हम पिछले 7 महीने में पांच बार मिले हैं। आज भारत और यूएई के बीच हर क्षेत्र में परस्पर साझेदारी है। मोदी अबू धाबी में पहले हिंदू मंदिर बोचासनवासी श्री अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था मंदिर का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा, 'यूएई में बीएपीएस मंदिर भारत के लिए आपके स्नेह का उदाहरण है।'
अबू धाबी में पहले हिंदू मंदिर का करेंगे उद्घाटन
पीएम मोदी ने कहा कि अबू धाबी में बीएपीएस मंदिर का निर्माण यूएई के नेतृत्व के सहयोग के बिना संभव नहीं होता। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और यूएई एक द्विपक्षीय निवेश संधि पर हस्ताक्षर भी करेंगे। बता दें कि प्रधानमंत्री अबू धाबी में पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन भी करेंगे। 2015 के बाद से प्रधानमंत्री मोदी की यह यूएई की 7वीं यात्रा है। मोदी के यूएई आगमन पर उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया। यूएई के लिए रवाना होने से पहले अपने बयान में मोदी ने कहा कि वह यूएई के साथ भारत की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।
यूएई में UPI रुपे कार्ड सर्विस का शुभारंभ
पीएम मोदी और राष्ट्रपति नाहयान ने UPI रुपे कार्ड सर्विस का शुभारंभ किया। नाहयान ने इसकी शुरुआत करने के लिए अपने नाम के कार्ड को स्वाइप किया। मोदी ने इसे देश की बड़ी उपलब्धि करार दिया। उन्होंने कहा कि हमारे यूपीआई रुपे कार्ड और आपके जयवान कार्ड की शुरुआत से फिनटेक का नया युग शुरू होगा। दोनों देशों के बीच समझौतों को लेकर विदेश मंत्रालय की ओर से बयान जारी किया गया। इसके मुताबिक, दोनों नेता कई द्विपक्षीय समझौतों के आदान-प्रदान के गवाह बने हैं। इनमें तत्काल भुगतान प्लेटफॉर्म UPI (भारत) और AANI (यूएई) को इंटरलिंक करने से जुड़ा समझौता शामिल है। पिछले साल जुलाई में पीएम मोदी ने अबू धाबी की यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने पेयमेंट और मैसेज सिस्टम को इंटरलिंक करने को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया थे।
(एजेंसी इनपुट के साथ)




साइन इन