Sonia Gandhi called to become CM Himanta Sarma said Rahul Gandhi had spoiled CM बनने के लिए आया था सोनिया गांधी का फोन, हिमंत सरमा बोले- राहुल गांधी ने बिगाड़ दिया था खेल, India News in Hindi - Hindustan
More

CM बनने के लिए आया था सोनिया गांधी का फोन, हिमंत सरमा बोले- राहुल गांधी ने बिगाड़ दिया था खेल

असम के मुख्यमंत्री ने पुराने घटनाक्रम को याद करते हुए कहा कि 2014 में जब कांग्रेस के 58 विधायकों ने उनका समर्थन किया तो सोनिया गांधी का फोन आया कि शपथ ग्रहण की तारीख तय कर ली जाए। लेकिन राहुल गांधी के फोन के बाद स्थित बदल गई।

Tue, 17 Feb 2026 02:45 PMAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
CM बनने के लिए आया था सोनिया गांधी का फोन, हिमंत सरमा बोले- राहुल गांधी ने बिगाड़ दिया था खेल

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को दावा किया कि 2014 में जब कांग्रेस के 58 विधायकों ने उनका समर्थन किया था, तब तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनसे पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने की तारीख तय करने को कहा था। हालांकि, उस समय अमेरिका यात्रा पर गए राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं को फोन किया और स्थिति बदल गई। शर्मा ने राज्य विधानसभा में मंत्रिमंडल की एक बैठक के बाद यहां संवाददाताओं से यह बात कही।

असम में 2011 के विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस में असंतोष देखा गया था, जब विधायकों के एक वर्ग ने तत्कालीन मुख्यमंत्री तरुण गोगोई की जगह शर्मा को मुख्यमंत्री के तौर पर समर्थन दिया था। शर्मा 2015 में पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए और उन्होंने विधानसभा चुनावों में पार्टी की पहली जीत सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई। शर्मा ने कहा, ‘मैडम (सोनिया गांधी), जिन्हें मैं अब भी इसी तरह पुकारता हूं, ने मुझसे तारीख तय करने को कहा था और मैंने उनसे कहा था कि मैं जून (2014) में कामाख्या मंदिर में अंबुबाची मेले के बाद शपथ लूंगा।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:केरल से असम तक गुटबाजी ने बढ़ाई राहुल गांधी की टेंशन, DMK की कांग्रेस को दो टूक

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के फोन करने के बाद स्थिति बदल गई। शर्मा ने कहा, 'तब मुझे दुख हुआ था, लेकिन अब मेरा मानना ​​है कि किसी की जिंदगी में जो भी होता है, वह अच्छे के लिए होता है और कांग्रेस में रहने पर मुझे जो मिलता, भगवान ने उससे ज्यादा दिया।' साल 2021 में मुख्यमंत्री बने शर्मा ने कहा, 'भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री बनने के बाद मुझे पूरे दिल से असम और सनातन धर्म दोनों की सेवा करने का मौका मिला, जो कांग्रेस में रहने पर मुमकिन नहीं होता।' उन्होंने कहा कि अगर वह कभी कोई किताब लिखेंगे तो इन घटनाक्रम के बारे में विस्तार से बताएंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:असम कांग्रेस में ड्रामा, इस्तीफे के कुछ घंटे बाद ही यू-टर्न; क्या बोले बोरा