कांग्रेस के भीतर कई स्लीपर सेल; CWC की बैठक में दिग्विजय सिंह ने चेताया, खरगे ने टोका
इससे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के कार्यक्रम की एक पुरानी तस्वीर शेयर कर एक नई बहस छेड़ दी। उन्होंने कांग्रेस को भाजपा और आरएसएस से सीख लेने की सलाह दी है।

Digvijay Singh: शनिवार को देश की राजधानी नई दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की सीडब्ल्यूसी की बैठक हुई। इस बैठक के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की खूब चर्चा हो रही है। खबर है कि उन्होंने इस बैठक के दौरान मुखर होकर बोला। अपनी बेबाक छवि के लिए मशहूर दिग्विजय सिंह ने पार्टी आलाकमान को साफ शब्दों में कहा कि आज के वक्त में कांग्रेस पार्टी के भीतर कई सारे स्लीपर सेल मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी हित में इनकी पहचान कर, इनके खिलाफ कार्रवाई करने की आवश्यक्ता है।
इससे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के कार्यक्रम की एक पुरानी तस्वीर शेयर कर एक नई बहस छेड़ दी। उन्होंने कांग्रेस को भाजपा और आरएसएस से सीख लेने की सलाह दी है।
आपको बता दें कि संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत देशभर में जिला स्तर पर नए सिरे से संगठन तैयार करने की कोशिशों के बीच कांग्रेस ने मनरेगा पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने के लिए सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाई थी।
'सत्ता का विकेंद्रीकरण जरूरी'
सूत्रों के मुताबिक, दिग्विजय सिंह ने बैठक में पार्टी के अंदर सत्ता के विकेंद्रीकरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि संगठन में सत्ता का विकेंद्रीकरण जरूरी है। वरिष्ठ नेता के संगठन की शक्ति को लेकर कांग्रेस नेतृत्व को नसीहत जमीनी स्तर पर काम करने वाले कैडर की कमी पर कटाक्ष माना जा रहा है। यह सवाल कांग्रेस के भीतर काफी दिनों से उठता रहा है कि कांग्रेस के अंदर समर्पित कार्यकर्ता और स्थानीय नेताओं की कमी है।
कांग्रेस के अंदर मिल रहा समर्थन
पार्टी के अंदर एक तबका दिग्विजय की दबी जबान में हिमायत कर रहा है। वहीं पार्टी के अंदर एक गुट इस बयान को उनके बेटे और खुद उनके भविष्य से जोड़कर भी देख रहा है। दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह विधायक और जिलाध्यक्ष हैं। लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधायक दल के नेता उमंग सिगार दोनों दिग्विजय के विरोधी माने जाते हैं।
सूत्रों का यह भी कहना है कि जब दिग्विजय सिंह अपना पक्ष रख रहे तो बीच में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें टोका और अपना संबोधन खत्म करने के लिए कहा। खरगे ने कहा कि वे दूसरे नेताओं की भी राय सुनना चाहते हैं।
आखिर एक्स पोस्ट पर क्या लिखा
दिग्विजय सिंह ने एक्स पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें नरेंद्र मोदी आगे की तरफ नीचे बैठे हैं और उनके पीछे भाजपा के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी कुर्सी पर हैं। सिंह ने पोस्ट किया, कोरा वेबसाइट पर मुझे यह चित्र मिला। बहुत ही प्रभावशाली है। किस प्रकार आरएसएस का जमीनी स्वयंसेवक व जनसंघ भाजपा का कार्यकर्ता नेताओं के चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री व देश का प्रधानमंत्री बना। यह संगठन की शक्ति है। जय सियाराम।




साइन इन