Sitting in Delhi they make fun of Biharis Prashant Kishor attacks Rahul Gandhi on Bihar assembly elections दिल्ली में बैठकर बिहारियों का उड़ाते हैं मजाक, प्रशांत किशोर का राहुल गांधी पर हमला, India News in Hindi - Hindustan
More

दिल्ली में बैठकर बिहारियों का उड़ाते हैं मजाक, प्रशांत किशोर का राहुल गांधी पर हमला

Prashant Kishor: जन सुराज के प्रमुख नेता प्रशांत किशोर ने राहुल गांधी पर बिहार और बिहारियों का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनके नेता बिहार का मजाक उड़ाते हैं। वह बिहार आते हैं लेकिन कभी रुकते नहीं।

Thu, 26 June 2025 09:02 PMUpendra Thapak एएनआई
share
दिल्ली में बैठकर बिहारियों का उड़ाते हैं मजाक, प्रशांत किशोर का राहुल गांधी पर हमला

बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव ने राजनीतिक सरगर्मी को तेज कर दिया है। जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने गुरुवार को लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तगड़ा हमला करते हुए उन पर बिहारियों का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं पिछले काफी समय से बिहार में पद यात्रा कर रहे किशोर ने राहुल गांधी को बिहार के किसी भी गांव में एक रात बिताने की चुनौती भी दे डाली।

एएनआई से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कांग्रेस के ऊपर बिहार और बिहार की धरती की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी की बिहार यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा, "राहुल जी बिहार आते-जाते रहते हैं, लेकिन वास्तव में कोई यात्रा नहीं करते। अगर राहुल गांधी ने कभी बिहार के किसी गांव में एक रात भी बिताई हो, तो मुझे बताएं। अगर वह किसी गांव में एक रात भी बिता सकें, तो हम इसे स्वीकार करेंगे।"

उन्होंने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा, "वह दिल्ली में बैठकर बिहारियों पर हंसते हैं... फिर यहां आकर हमें उपदेश देने लग जाते हैं।"

प्रशांत किशोर यहीं नहीं रुके उन्होंने कांग्रेस नेता और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की बिहारियों को लेकर की गई टिप्पणी पर भी निशाना साधते हुए उन्हें माफी मांगने को कहा। उन्होंने कहा, "तेलंगाना में उनके (कांग्रेस) के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी हैं। उन्हें सीएम बने दो साल हो गए हैं। उससे पहले वह टीडीपी में थे.. उससे पहले वह संघ में और बीजेपी में थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने आधिकारिक तौर पर कहा था कि मजदूरी करना तो बिहारियों के डीएनए में है। बिहारी मजदूर बनकर ही काम करने के लिए पैदा हुए हैं।"

जन सुराज प्रमुख ने कहा आखिर ऐसा क्या था कि उन्होंने ऐसा कहा। ऐसा इसलिए था क्योंकि उनके विरोधी केसीआर के ज्यादातर अधिकारियों की पृष्ठभूमि बिहार की थी। इसलिए उनका मतलब यह था कि बिहारी तेलंगाना चला रहे हैं, इसलिए तेलंगाना की हालत खराब है।

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।