DK शिवकुमार IN, सिद्धारमैया OUT; कर्नाटक में नई सरकार बनाने को राहुल ने सुरजेवाला को भेजा
बैठक के बाद राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से अकेले में एक घंटे तक मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी ने उन्हें केंद्रीय राजनीति में आने का सलाह देते हुए कहा कि वर्ष 2029 में होने वाले चुनाव में उनकी भूमिका बेहद अहम होगी।

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर खींचतान जारी है। कांग्रेस भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सरकार और पार्टी संगठन में बदलाव की तैयारी कर रही है। इस वजह से मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ सकती है। पार्टी ने उन्हें केंद्रीय राजनीति में आने की सलाह दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई छह घंटे लंबी बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई। अब खबर सामने आ रही है कि कर्नाटक के प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला आज बेंगलुरु जाएंगे। वह यहां सत्ता का हस्तांतरण सुचारू रूप से हो सके, इसकी संभावना को तलाशेंगे।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता राज्यसभा की चार सीट के लिए होने वाले चुनाव है। पार्टी को तीन सीट मिलने की उम्मीद है, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला और केसी वेणुगोपाल ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से पहले अलग अलग और फिर एक साथ लंबी बैठक की।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कर्नाटक में कांग्रेस नेतृत्व परिवर्तन की संभावनाएं तलाश रही है। बैठक के बाद राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से अकेले में एक घंटे तक मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी ने उन्हें केंद्रीय राजनीति में आने का सलाह देते हुए कहा कि वर्ष 2029 में होने वाले चुनाव में उनकी भूमिका बेहद अहम होगी।
सिद्धारमैया ने बुलाई कैबिनेट सहयोगियों की बैठक
मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की अटकलों के बीच सिद्धरमैया गुरुवार सुबह अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों की नाश्ते पर एक अहम बैठक की मेजबानी कर सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है। यह अटकलें तेज होती जा रही हैं कि सिद्धरमैया अगले एक-दो दिन में संभवतः बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की घोषणा कर सकते हैं ताकि शिवकुमार के लिए रास्ता साफ हो सके।
कहा जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान ने राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का संकेत देते हुए सिद्धरमैया को पार्टी में केंद्रीय भूमिका तथा राज्यसभा सीट की पेशकश की है। हालांकि सूत्रों के अनुसार सिद्धरमैया ने अभी तक इस केंद्रीय भूमिका को स्वीकार नहीं किया है। सूत्रों का यह भी कहना है कि चूंकि यह संदेश सीधे राहुल गांधी की ओर से आया है, इसलिए सिद्धरमैया पद छोड़ने के लिए तैयार हो सकते हैं। मुख्यमंत्री पहले भी कई बार कह चुके हैं कि अगर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा तो वह पद छोड़ देंगे।
हालांकि कांग्रेस ने मंगलवार को कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं को महज अटकलबाजी बताया और कहा कि केंद्रीय व राज्य नेतृत्व के बीच दिनभर चली बैठकों का उद्देश्य केवल राज्यसभा और विधान परिषद के आगामी चुनावों पर चर्चा करना था।
बंद कमरे में बैठक
सिद्धरमैया और शिवकुमार को मंगलवार को पार्टी ने दिल्ली बुलाया था, जहां कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल तथा रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ लगातार बैठकें हुईं। इस बीच सिद्धरमैया और उनके साथ दिल्ली गए कुछ मंत्री देर रात बेंगलुरु लौट आए। बताया जा रहा है कि यहां पहुंचने के बाद भी उन्होंने मंत्रियों के साथ बंद कमरे में बैठकें कीं।
शिवकुमार के समर्थक लंबे समय से उन्हें मुख्यमंत्री बनने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि 2023 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के समय सिद्धरमैया और शिवकुमार के बीच सत्ता बंटवारे का एक समझौता हुआ था।




साइन इन