अमेरिका ने हमको खरीद लिया, सरकार ब्लैकमेल हो गई, अब क्या किसान आत्महत्या कर लें: संजय राउत
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि भारत ने अमेरिका के साथ एक अच्छे व्यापार करार पर सहमति बनी है और इसमें कृषि और दुग्ध क्षेत्रों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया गया है। उन्होंने विपक्ष पर गुमराह करने के आरोप लगाए हैं।

शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) से राज्यसभा सांसद संजय राउत ने अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि इस डील के तहत अमेरिका ने भारत को खरीद लिया है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों पर झूठ बोलने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा है कि सरकार के लोगों को ब्लैकमेल किया जा रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को भारत पर लगाए टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी करने का ऐलान किया था।
पत्रकारों से बातचीत में राउत ने बुधवार को कहा, 'पीयूष गोयल झूठ बोल रहे हैं। इस देश के सभी केंद्रीय मंत्री झूठ बोल रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप के साथ जो ट्रेड डील हो गया है, वो हमारा देश लगभग अमेरिका के चरणों में डाल दिया है। अमेरिका ने हमको खरीद लिया है। बोलते हैं कि यह बहुत बड़ा हमारा विजय है। कौनसा विजय है भाई। आप बताइये। आप पूरे देश में जश्न मनाने की बात करते हो।'
उन्होंने कहा कि भारत को आज भी भारी टैरिफ देना पड़ रहा है। राज्यसभा सांसद ने कहा, '18 फीसदी टैरिफ आज भी कायम है, जो पहले 3 प्रतिशत था लगभग। उसके बावजूद अमेरिका के जो कृषि उत्पाद हैं, वो जीरो टैरिफ पर भारत के बाजार में आ जाएंगे। जिसमें सभी धान होंगे, फल होंगे, फूल होंगे, दूध होगा, डेयरी प्रोडक्ट्स होंगे। हमारे किसान खून पसीना बहाकर जो माल बनाते हैं, उससे सस्ते दामों में अमेरिका अपना माल बेचेगा। तो क्या हमारा किसान आत्महत्या करेगा।'
उन्होंने कहा, 'कोई एक रहस्यमय तरीके से हमारे सरकार के तरीके से लोगों को ब्लैकमेल किया जा रहा है...।'
भारत और अमेरिका ट्रेड डील
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि भारत ने अमेरिका के साथ एक अच्छे व्यापार करार पर सहमति बनी है और इसमें कृषि और दुग्ध क्षेत्रों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया गया है। गोयल ने अमेरिका के साथ हुए समझौते का विवरण दिए बिना कहा कि व्यापार समझौता अंतिम चरण में है और समझौते की रूपरेखा को स्पष्ट करते हुए जल्द ही भारत-अमेरिका का एक संयुक्त बयान जारी किया जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगी दलों पर समझौते को लेकर देश को गुमराह करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए उन पर निशाना साधा। उन्होंने विशेष रूप से, कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आड़े हाथ लेते हुए हुए कहा कि उनकी सोच नकारात्मक है और वह भारत की प्रगति के विरोधी हैं। गोयल ने कहा कि वह संसद में इस समझौते के बारे में बोलना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के हंगामे के कारण ऐसा नहीं कर सके।




साइन इन