डोनाल्ड ट्रंप के नरक वाले पोस्ट पर शशि थरूर का पलटवार, मैं भारत सरकार की जगह होता तो…
शशि थरूर ने तब कमेंट किया है, जब ट्रंप ने माइकल सैवेज द्वारा होस्ट किए गए एक कंजर्वेटिव पॉलिटिकल टॉक शो की ट्रांसक्रिप्ट शेयर की थी। इस चर्चा में भारत, चीन और दूसरे देशों को नरक जैसी जगह बताया गया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत को नरक का द्वार बताने वाली सोशल मीडिया पोस्ट पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पलटवार किया है। थरूर ने France24 से कहा, "भारत को ट्रंप की सोशल मीडिया पोस्ट जैसी छोटी सी बात पर इतना ज्यादा भड़कना नहीं चाहिए। यह हमारी कूटनीति के तरीके के लायक नहीं है। अगर मैं भारत सरकार की जगह होता, तो मैं इसे पूरी तरह से इग्नोर कर देता।"
ये टिप्पणियां तब आईं, जब ट्रंप ने माइकल सैवेज द्वारा होस्ट किए गए एक कंजर्वेटिव पॉलिटिकल टॉक शो की ट्रांसक्रिप्ट शेयर की थी। इस चर्चा में भारत, चीन और दूसरे देशों को 'नरक जैसी जगह' बताया गया था। साथ ही यह भी दावा किया गया था कि प्रवासी लोग अपने बच्चों के लिए नागरिकता हासिल करने के मकसद से, प्रेग्नेंसी के आखिरी दिनों में अमेरिका आते हैं।
कहा गया था ''यहां पैदा होने वाला बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है, और फिर वे चीन, भारत या दुनिया के किसी और नरक जैसी जगह से पूरे परिवार को यहां ले आते हैं। यह देखने के लिए आपको ज्यादा दूर जाने की जरूरत नहीं है। यहां अब अंग्रेजी नहीं बोली जाती। आज जो प्रवासी वर्ग यहां आ रहा है, उनमें इस देश के प्रति लगभग कोई वफादारी नहीं है। हालांकि हमेशा ऐसा नहीं था।''
इस ट्रांसक्रिप्ट में अमेरिकन सिविल लिबर्टीज यूनियन (ACLU) से जुड़े वकीलों की भी कड़ी आलोचना की गई थी। उन्हें लैपटॉप वाले गुंडे बताया गया और उन पर सभी माफिया परिवारों के कुल नुकसान से भी ज्यादा देश को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया। वहीं, भारत ने इस विवाद पर आधिकारिक तौर पर जवाब दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ये टिप्पणियां स्पष्ट रूप से बिना जानकारी के, अनुचित और खराब सोच वाली थीं। उन्होंने आगे कहा कि ये टिप्पणियां आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित भारत-अमेरिका संबंधों की वास्तविकता को नहीं दर्शातीं।
प्रधानमंत्री भारत के बारे में ट्रंप के पोस्ट साझा करने पर प्रतिक्रिया दें: खरगे
वहीं, इस मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत के संदर्भ में 'अपमानजनक' पोस्ट साझा किए जाने को लेकर को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुनाव प्रचार से समय निकालकर इस बारे में प्रतिक्रिया देनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि आखिर प्रधानमंत्री मोदी किस बात से ''डरे हुए हैं।'' खरगे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''मोदी जी के प्रिय मित्र "नमस्ते ट्रंप" ने भारत के बारे में अपशब्द कहते हुए और बेहद अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल करते हुए एक नोट साझा किया है। मोदी जी इन बेतुके बयानों पर बिल्कुल चुप रहते हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि 'मैं इसे यहीं छोड़ता हूं।''




साइन इन