Sarabjit kaur who had gone to Pakistan arrested she converted and became Noor Hussain and Married nasir नासिर के लिए नूर हुसैन बनीं सरबजीत कौर पाकिस्तान में अरेस्ट, भारत किया जाएगा डिपोर्ट; क्या वजह, India News in Hindi - Hindustan
More

नासिर के लिए नूर हुसैन बनीं सरबजीत कौर पाकिस्तान में अरेस्ट, भारत किया जाएगा डिपोर्ट; क्या वजह

48 वर्षीय सरबजीत कौर 4 नवंबर, 2025 को श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर 1932 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ अमृतसर से अटारी बॉर्डर से पाकिस्तान गई थीं। लेकिन जत्थे के साथ गई कपूरथला की सरबजीत कौर वापस नहीं आईं। इस से भारतीय सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था।

Mon, 5 Jan 2026 01:10 PMNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share
नासिर के लिए नूर हुसैन बनीं सरबजीत कौर पाकिस्तान में अरेस्ट, भारत किया जाएगा डिपोर्ट; क्या वजह

पंजाब से पाकिस्तान जाकर निकाह करने वाली महिला सरबजीत कौर को पाकिस्तान में गिरफ्तार कर लिया गया है। सरबजीत के साथ उसके पाकिस्तानी पति नासिर हुसैन को भी हिरासत में लिया गया है। कौर को अटारी बॉर्डर के रास्ते भारत डिपोर्ट किया जाएगा। पाकिस्तान शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष और पाकिस्तानी पंजाब सरकार के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने यह पुष्टि की।

अरोड़ा ने कहा कि 4 जनवरी 2026 को ननकाना साहिब के गांव पेहरे वाली में इंटेलिजेंस ब्यूरो और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सरबजीत कौर को गिरफ्तार किया और उसके पाकिस्तानी पति हुसैन को भी हिरासत में लिया गया है। पाकिस्तान सरकार ने सरबजीत को भारत डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक सरबजीत कौर को आज भारत डिपोर्ट किया जा सकता है। निकाह के लिए सरबजीत ने मुस्लिम धर्म अपनाकर अपना नाम भी नूर हुसैन रख लिया था।

सिख जत्थे के साथ पाकिस्तान गईं और वहीं रह गईं

48 वर्षीय सरबजीत कौर 4 नवंबर, 2025 को श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर 1932 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ अमृतसर से अटारी बॉर्डर से पाकिस्तान गई थीं। यह सिख जत्था 10 दिन तक पाकिस्तान में रहा, जहां उन्होंने सिख गुरुओं से जुड़े विभिन्न स्थलों के दर्शन किए और 13 नवंबर को भारत वापस लौट आए। लेकिन जत्थे के साथ गई कपूरथला की सरबजीत कौर वापस नहीं आईं। इस से भारतीय सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था।

इसके बाद अचानक उर्दू में लिखा सरबजीत का निकाहनामा वायरल हो गया। जिसमें लिखा था कि सरबजीत ने पाकिस्तान में इस्लाम धर्म अपना लिया है। उसने शेखुपुरा नूर हुसैन नाम के मुस्लिम व्यक्ति से निकाह कर लिया है। इसके बाद 15 नवंबर को उसका एक वीडियो भी वायरल हो गया। इसमें उसने मौलवी से कहा कि वह मुस्लिम बनना चाहती हैं। वह नासिर से प्यार करती हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से उसे 9 साल से जानती है। सरबजीत ने यह भी कहा था कि मेरा तलाक हो चुका है।

लाहौर हाईकोर्ट भी पहुंचा था मामला

सरबजीत कौर के पाकिस्तान में निकाह करने का मामला लाहौर हाईकोर्ट भी पहुंचा था। पाकिस्तान में सिख समुदाय के एक पूर्व विधायक महिंदर पाल सिंह ने कोर्ट में याचिका दायर करते हुए सरबजीत कौर को गिरफ्तार कर भारत भेजने की मांग की थी। सरबजीत कौर की पाकिस्तान में रुकने की वीजा अवधि समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद वह यहीं रुकी है। वह देश की सुरक्षा के लिए खतरा हो सकती हैं।

वहीं, सरबजीत और नासिर हुसैन ने भी हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि पाकिस्तान की पुलिस और अधिकारी उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। इस मामले में नवंबर महीने में लाहौर हाईकोर्ट ने फैसला दिया था कि अगर शादी और धर्म परिवर्तन सरबजीत की मर्जी से हुआ तो अधिकारी उन्हें परेशान न करें। उन पर शादी तोड़ने के लिए दबाव न डाला जाए। वहीं, सरबजीत को गिरफ्तार कर भारत भेजने की याचिका पर अभी अंतिम फैसला नहीं आया है।

पंजाब में कई आपराधिक मामले दर्ज

सरबजीत कौर पंजाब के कपूरथला के गांव अमानीपुर की रहने वाली है। उसका पति इंग्लैंड में रहता है जिस से उसका कई साल पहले तलाक हो चुका है। उसके दो बेटे हैं। तीनों मां बेटों के खिलाफ पंजाब में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

रिपोर्ट: मोनी देवी

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।