ट्रंप के संबोधन से पहले रुबियो का बड़ा बयान, ईरान की सत्ता पर कब्जा कर चुका है IRGC; टॉप-5
Top News Today: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्र के नाम संबोधन से ठीक पहले एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि ईरान के साथ चल रहे युद्ध में अमेरिका अपना अंतिम लक्ष्य स्पष्ट रूप से देख रहा है।

Top News Today: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्र के नाम संबोधन से ठीक पहले एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि ईरान के साथ चल रहे युद्ध में अमेरिका अपना अंतिम लक्ष्य स्पष्ट रूप से देख रहा है। रुबियो ने संकेत दिया कि अमेरिका के सैन्य अभियान के उद्देश्य जल्द ही हासिल हो जाएंगे और युद्ध कुछ हफ्तों में समाप्त हो सकता है। उन्होंने कहा कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं कर पाएगा और अमेरिका इस्लामिक गणतंत्र की आतंकवाद प्रायोजित करने की क्षमता को पूरी तरह समाप्त करने के लिए कटिबद्ध है। इधर, मध्य पूर्व में जारी इस संघर्ष के बीच ईरान की राजधानी तेहरान में सत्ता संघर्ष की खबरें तेज हो गई हैं। राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की भूमिका तेजी से सीमित होती जा रही है, जबकि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने प्रभावी रूप से देश की सत्ता पर नियंत्रण कर लिया है। पढ़ें आज की बड़ी खबरें....
ईरान युद्ध में अमेरिका जीत की ओर, रुबियो का बड़ा दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्र के नाम संबोधन से ठीक पहले विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध को लेकर बड़ा बयान दिया है। रुबियो ने दावा किया कि अमेरिका अपने अंतिम लक्ष्य को साफ तौर पर देख रहा है। फॉक्स न्यूज के कार्यक्रम ‘हनिटी’ में उन्होंने कहा कि हमें फिनिश लाइन दिख रही है। यह आज नहीं है, कल नहीं है, लेकिन यह निश्चित रूप से आ रही है। रुबियो ने जोर देकर कहा कि अमेरिका अपने निर्धारित लक्ष्यों को समय से पहले या सही समय पर हासिल कर रहा है। पढ़ें पूरी खबर...
ईरान में सत्ता को लेकर संघर्ष
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच ईरान की राजधानी तेहरान में सत्ता संघर्ष की चौंकाने वाली खबरें सामने आ रही हैं। राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की भूमिका तेजी से सीमित होती जा रही है, जबकि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने देश की असली सत्ता अपने हाथ में ले ली है। ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी-इजरायली हमलों में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और कई शीर्ष नेताओं की मौत के बाद बने राजनीतिक शून्य का फायदा उठाते हुए IRGC ने देश के दैनिक प्रशासन और महत्वपूर्ण फैसलों पर नियंत्रण कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर...
अमेरिका NATO छोड़ सकता है; ट्रंप का चौंकाने वाला बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका NATO से बाहर निकल सकता है। ट्रंप ने NATO को ‘पेपर टाइगर’ करार देते हुए कहा कि इसकी असली हैसियत रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भी पता चल गई है। ट्रंप ने कहा कि मैं इस मामले पर गंभीरता से विचार कर रहा हूं कि क्या अमेरिका को NATO से बाहर निकल जाना चाहिए। उन्होंने इसका कारण बताया कि NATO के सदस्य देशों ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी अभियान में साथ नहीं दिया। स्पेन, ब्रिटेन, तुर्की और हंगरी समेत कई देशों ने इस जंग में अमेरिका से अलग रुख अपनाया है। पढ़ें पूरी खबर...
चंडीगढ़ में भाजपा दफ्तर के बाहर जोरदार धमाका
पंजाब-हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में बुधवार शाम करीब 5 बजे भाजपा कार्यालय के बाहर जोरदार धमाके से सनसनी फैल गई। धमाका सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। धमाके से आसपास खड़े वाहनों को मामूली नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई है। पढ़ें पूरी खबर...
बहरीन में अमेरिकी कंपनी अमेजन के हेडक्वार्टर पर ईरान ने दागी मिसाइल
ईरान युद्ध के बीच दोनों पक्षों के बीच घातक हमले जारी हैं। ईरान ने फारस की खाड़ी में स्थित बहरीन में अमेजन के हेडक्वार्टर पर मिसाइल हमला किया है। इस हमले में अमेजन के अधीनस्थ बहरीन की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बैटेलको की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है। यह इमारत हमाला क्षेत्र में स्थित है। बैटेलको अमेजन वेब सर्विसेज के बुनियादी ढांचे को भी होस्ट करती है। बहरीन सरकार ने ईरान के इस हमले की पुष्टि की है। पढ़ें पूरी खबर...




साइन इन