असम में कांग्रेस को बड़ा झटका, चुनाव से पहले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने छोड़ू दी पार्टी
असम में अगले कुछ महीनों में ही चुनाव होने वाले हैं और उससे ठीक पहले कांग्रेस को करारा झटका लगा है। पार्टी के सीनियर लीडर और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सभी पदों के साथ ही प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है।

असम कांग्रेस के सीनियर नेता भूपेन कुमार बोरा ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफे का कारण नहीं बताया है, लेकिन कहा है कि जरूरत पड़ने पर ऐसा किया जाएगा। इस बीच पार्टी के प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह ने दावा किया है कि उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। इस पर भी वह सामने आए हैं और कहा कि मैंने अपने फैसले पर विचार करने के लिए कुछ समय कांग्रेस हाईकमान से मांगा है। लेकिन अभी अपना इस्तीफा वापस नहीं लिया है। वह 2021 से 2024 तक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं।
इसके अलावा 2006 से 2016 तक दो बार विधायक भी बने थे। भूपेन बोरा का कहना है कि उन्होंने आत्मसम्मान के लिए यह फैसला लिया है। उन्होंने लिखा, 'आत्मसम्मान का मामला है। मैंने अपनी चिंताओं को केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष भी रखा था। यदि पार्टी इसी तरह चली तो आखिर भविष्य क्या रहेगा।' माना जा रहा है कि सांसद रकीबुर हुसैन से उनका विवाद चल रहा था और इसी मामले को लेकर वह पार्टी से नाराज चल रहे थे।
भूपेन बोरा के इस्तीफे के बाद चर्चा है कि वह भाजपा में जा सकते हैं। इस बीच हिमंत बिस्वा सरमा और गौरव गोगोई में आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। पहले सीएम हिमंत पर आरोप लगा था कि उनके पास 1000 बीघा जमीन है। वहीं सरमा ने गोगोई पर आरोप लगाया कि उनके पाकिस्तान से लिंक हैं। इसके जवाब में गौरव गोगोई ने कहा कि ऐसा लगता है कि सीएम हिमंत का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। इस मामले में कांग्रेस के कई सीनियर नेताओं ने भी सीएम हिमंत पर हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा कि यदि सरमा के आरोपों में कोई दम है तो ऐक्शन क्यों नहीं हुआ। यहां तक कि असम पुलिस ने एक केस भी दर्ज नहीं किया है।
सरमा का आरोप- गोगोई और ब्रिटिश पत्नी के पाकिस्तानी से संबंध
इससे पहले सरमा ने आरोप लगाया था कि गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कॉलबर्न ब्रिटिश हैं और उनके पाकिस्तान के नागरिक अली तौकीर शेख से रिश्ते हैं। इन लोगों ने इंटेलिजेंस ब्यूरो की जानकारी को पड़ोसी देश को दिया है। इसी के जवाब में कांग्रेस महासचिव जितेंद्र सिंह ने कहा, 'ऐसा लगता है कि सीएम मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उनके पास अपने दावे के लिए कोई आधार नहीं है। कोई सबूत नहीं है। राजनीति अलग चीज है, लेकिन किसी सम्मानित परिवार के खिलाफ ऐसे निजी हमले करना और बेजा आरोप लगाना स्तरहीन है।'




साइन इन