Relief news amid Middle East tensions all Indians in Israel safe MEA Big update मिडिल ईस्ट तनाव के बीच राहत वाली खबर, इजरायल में सभी भारतीय सुरक्षित; MEA का बड़ा अपडेट, India News in Hindi - Hindustan
More

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच राहत वाली खबर, इजरायल में सभी भारतीय सुरक्षित; MEA का बड़ा अपडेट

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बड़ा अपडेट देते हुए कहा कि इजरायल में सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। एक भारतीय के घायल होने की खबर थी, लेकिन दूतावास की निगरानी में वह व्यक्ति भी सुरक्षित है।

Mon, 23 March 2026 08:08 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच राहत वाली खबर, इजरायल में सभी भारतीय सुरक्षित; MEA का बड़ा अपडेट

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बड़ा अपडेट देते हुए कहा कि इजरायल में सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। एक भारतीय के घायल होने की खबर थी, लेकिन दूतावास की निगरानी में वह व्यक्ति भी सुरक्षित है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में बताया कि क्षेत्र में जारी हिंसा में अब तक छह भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, एक घायल है और एक लापता है। इससे पहले शुक्रवार (20 मार्च) को विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की थी कि सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर 18 मार्च को हुए मिसाइल और ड्रोन हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। इस घटना के साथ पश्चिम एशिया में मरने वाले भारतीयों की संख्या छह पहुंच गई है।

खाड़ी क्षेत्र में यह सऊदी अरब में संघर्ष शुरू होने के बाद पहली भारतीय मौत है। इससे पहले ओमान के एक औद्योगिक क्षेत्र पर 13 फरवरी को हुए हमले में दो भारतीय मारे गए थे, जबकि संघर्ष के शुरुआती दिनों में व्यापारिक जहाजों पर हमलों में तीन भारतीय नाविकों की जान गई। एक अन्य भारतीय अभी भी लापता है। विदेश मंत्रालय के सचिव (खाड़ी) असीम महाजन ने रियाद घटना पर स्पष्ट करते हुए कहा कि गुरुवार देर रात हमें 18 मार्च को रियाद हमले में एक भारतीय की दुखद मौत की सूचना मिली। हम मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने परिवार से संपर्क किया है और शव को जल्द स्वदेश लाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।

महाजन ने समुद्री सुरक्षा पर जानकारी देते हुए बताया कि बसरा के पास निशाना बनाए गए अमेरिकी स्वामित्व वाले तेल टैंकर 'सेफसी विष्णु' के 15 भारतीय चालक दल सदस्य सऊदी अरब के रास्ते घर लौट रहे हैं। हमले में मारे गए एक अन्य भारतीय नाविक के शव को वापस लाने के प्रयास जारी हैं। बताया गया कि 28 फरवरी से अब तक पश्चिम एशिया से करीब 3 लाख भारतीय भारत लौट चुके हैं। ईरान से भाग रहे भारतीयों के लिए निकासी मार्गों पर जयसवाल ने पुष्टि की कि अब तक 913 भारतीय ईरान से आर्मेनिया और अजरबैजान पार कर चुके हैं, जिनमें से अधिकांश वाणिज्यिक उड़ानों से भारत पहुंच चुके हैं। इस दौरान विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है। स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है।