राहुल गांधी प्योर हार्ट के हैं, चिढ़ने वाली क्या बात है; गद्दार कमेंट पर बिट्टू से बोले उदित राज
Ravneet Singh Bittu News: संसद परिसर में सांसदों का प्रदर्शन चल रहा था। वहां, राहुल गांधी भी मौजूद थे। उस दौरान बिट्टू सामने से आ रहे थे। उन्हें देखकर राहुल ने कहा, 'खिए यहां एक गद्दार चला आ रहा है...मेरे गद्दार मित्र, चिंता मत करो, वापस आओगे।'

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को लेकर दिए 'गद्दार' बयान पर विवाद जारी है। इस बीच कांग्रेस नेता उदित राज ने राहुल गांधी का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि बात हंसी मजाक में कही गई थी। साथ ही उन्होंने कहा कि बिट्टू ने कांग्रेस के साथ विश्वासघात तो किया ही है। बुधवार को संसद परिसर में राहुल ने बिट्टू को गद्दार कह दिया था।
उदित राज ने राहुल गांधी के बयान का बचाव किया है और कहा है कि वह साफ दिल के हैं। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी जी बहुत प्योर हार्ट के आदमी हैं। हंसी मजाक में कह दिया, लेकिन उसको हवा दी बीजेपी ने और रवनीत बिट्टू को चढ़ा दिया। कहते हैं कि झाड़ पर चढ़ाना। ऐसा नहीं करना चाहिए। राहुल जी ने लाइट मूड में कहा था, मैंने देखा था।'
राज ने आगे कहा, 'दूसरी बात यह है कि चिढ़ने की क्या बात है। कांग्रेस ने ही तो इनको नेता बनाया। इनके पूरे खानदान को नेता बनाया। तो विश्वासघात किया भी है। लेकिन जिस टोन में राहुल गांधी ने कहा उसमें कुछ गलत नहीं था।'
क्या था मामला
संसद परिसर में सांसदों का प्रदर्शन चल रहा था। वहां, राहुल गांधी भी मौजूद थे। उस दौरान बिट्टू सामने से आ रहे थे। उन्हें देखकर राहुल ने कहा, 'खिए यहां एक गद्दार चला आ रहा है...मेरे गद्दार मित्र, चिंता मत करो, वापस आओगे।' इसपर केंद्रीय मंत्री ने जवाब दिया, 'ये देश के दुश्मन हैं।' राहुल गांधी ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री बिट्टू से हाथ मिलाने का प्रयास किया, हालांकि भाजपा नेता ने हाथ नहीं मिलाया और सीधे संसद भवन के अंदर चले गए।
सिख के अपमान के आरोप
बिट्टू ने बाद में राहुल गांधी को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का 'बिगड़ा हुआ बेटा' करार दिया। भाजपा नेता ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा, 'उन्होंने यह बात कई अन्य सांसदों से क्यों नहीं कही, बल्कि केवल एक सिख से ही क्यों कही?' बिट्टू ने एक वीडियो संदेश में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 'वे (गांधी परिवार) खुद को सबसे बड़ा 'देशभक्त' मानते हैं क्योंकि उनके पिता (राजीव गांधी) ने अपना जीवन कुर्बान किया था। मैंने पार्टी में यह लड़ाई लड़ी कि मेरे दादा, बेअंत सिंह गांधी परिवार द्वारा लगाई गई आग के कारण पंजाब में शहीद हुए।'
उन्होंने दावा किया, 'आप (कांग्रेस) देश के खिलाफ हैं और आपके हाथ सिखों के खून से रंगे हैं।' केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरदार और पगड़ी देखकर कांग्रेस नेता ने इस तरह का व्यवहार किया। बिट्टू ने कहा, 'यह सरदार गांधी परिवार के उस वंशज से कभी हाथ नहीं मिलाएगा, जो सिखों का हत्यारा है और जिसने गुरुद्वारों को ध्वस्त किया है।' जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कांग्रेस में दोबारा शामिल होंगे, तो बिट्टू ने पलटवार किया, 'वापस आए, मेरी जूती।'
राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन
भाजपा के कई शीर्ष नेताओं ने गांधी पर हमला करते हुए उनपर 'सिख विरोधी मानसिकता' रखने का आरोप लगाया, जबकि कुछ सिख सांसदों ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का समर्थन किया। भाजपा की दिल्ली इकाई के नेताओं ने भी कांग्रेस के अकबर रोड स्थित कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की।




साइन इन