raja bhaiya tweet on pope francis illness viral पोप की बीमारी पर राजा भैया का ट्वीट वायरल, चमत्कार वाले दावों पर उठा दिया सवाल, India News in Hindi - Hindustan
More

पोप की बीमारी पर राजा भैया का ट्वीट वायरल, चमत्कार वाले दावों पर उठा दिया सवाल

  • कुछ ईसाई मानते हैं कि हालेलुया बोलने से चमत्कार हो सकते हैं। वे मानते हैं कि यह शब्द इतना शक्तिशाली है कि यह बीमारियों को ठीक कर सकता है, समस्याओं का समाधान कर सकता है और यहां तक कि मृतकों को भी जीवित कर सकता है। हालांकि ईसाइयों का ही एक वर्ग मानता है कि हालेलुया बोलने से चमत्कार नहीं होते हैं।

Tue, 25 Feb 2025 01:44 PMSurya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
पोप की बीमारी पर राजा भैया का ट्वीट वायरल, चमत्कार वाले दावों पर उठा दिया सवाल

महाकुंभ में हिंदुत्व का संदेश देने वाले रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का एक ट्वीट वायरल है। उन्होंने ईसाई समुदाय के शीर्ष धर्मगुरु पोप की बीमारी को लेकर टिप्पणी की है। उन्होंने एक्स पर लिखा है, 'आदिवासियों और अशिक्षितों को ‘हालेलुइया’ का झांसा देकर करिश्मा दिखाने वाले भारत के ईसाई धर्मगुरुओं को चाहिए कि एक साथ जाकर वेटिकन सिटी में जीवन-मरण के बीच जूझ रहे पोप के सिर पर हाथ फेर कर उन्हें ठीक कर दें। वैसे भी पोप लंबे समय से वील चेयर पर हैं। अब अस्पताल में काफ़ी गंभीर अवस्था में भर्ती हैं, उन्हें तत्काल ही ‘हालेलुइया’ रूपी चमत्कार की आवश्यकता है।' राजा भैया के इस ट्वीट पर काफी लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

दरअसल भारत के आदिवासी इलाकों झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मणिपुर, नगालैंड, असम, अरुणाचल समेत कई राज्यों में ईसाई मिशनरियों पर धर्मांतरण के आरोप लगते रहे हैं। कहा जाता है कि ईसाई मिशनरी से जुड़े लोग आदिवासी लोगों को लालच देते हैं और उन्हें चमत्कार के नाम पर बरगलाते हैं। कई बार उनकी बीमारी ठीक करने के लिए हालेलुया जैसी चीजें भी की जाती हैं। अब सवाल है कि हालेलुया क्या है। दरअसल हालेलुया भी एक तरह की प्रार्थना को ही कहा जाता है। इसके तहत ईसा मसीह के नाम पर भजन गाए जाते हैं। हालेलुया ईसाई धर्म में एक महत्वपूर्ण शब्द है। यह अक्सर चर्च सेवाओं और अन्य धार्मिक समारोहों में भगवान की स्तुति और प्रशंसा के लिए प्रयोग किया जाता है।

कुछ ईसाई मानते हैं कि हालेलुया बोलने से चमत्कार हो सकते हैं। वे मानते हैं कि यह शब्द इतना शक्तिशाली है कि यह बीमारियों को ठीक कर सकता है, समस्याओं का समाधान कर सकता है और यहां तक कि मृतकों को भी जीवित कर सकता है। हालांकि ईसाइयों का ही एक वर्ग मानता है कि हालेलुया बोलने से चमत्कार नहीं होते हैं। वे मानते हैं कि चमत्कार केवल परमेश्वर की इच्छा से ही हो सकते हैं। हालेलुया का शाब्दिक अर्थ है- ईश्वर की भक्ति करो। यह हिब्रू भाषा से लिया गया शब्द है, जो फिलहाल भारत समेत दुनिया भर में प्रचलित है। हालेलुया का उपयोग विभिन्न प्रकार के ईसाई समारोहों में किया जाता है, जैसे कि चर्च सेवाएं, प्रार्थना सभाएं और संगीत कार्यक्रम। इसका उपयोग व्यक्तिगत प्रार्थना में भी किया जा सकता है।