Railway Minister gives update on when Vande Bharat sleeper train will start operating कब से चलेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, रेल मंत्री ने दिया अपडेट; दीवाली पर मिल सकती है खुशखबरी, India News in Hindi - Hindustan
More

कब से चलेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, रेल मंत्री ने दिया अपडेट; दीवाली पर मिल सकती है खुशखबरी

अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि रेल मंत्रालय ने नई दिल्ली और फिरोजपुर कैंट के बीच नई वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। यह ट्रेन फरीदकोट, बठिंडा, धुरी, पटियाला, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र और पानीपत स्टेशनों को जोड़ेगी।

Tue, 23 Sep 2025 04:38 PMNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share
कब से चलेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, रेल मंत्री ने दिया अपडेट; दीवाली पर मिल सकती है खुशखबरी

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के लिए यात्रियों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। मंगलवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया है कि दूसरी ट्रेन के तैयार हो जाने के बाद ही दोनों ट्रेनों को पटरियों पर उतारा जाएगा। उन्होंने संभावनाएं जताई हैं कि इसमें अक्तूबर मध्य तक का समय लग सकता है। बहरहाल, अभी तक यह साफ नहीं है कि ट्रेन किन रूट पर चलेगी।

वैष्णव ने कहा है कि दूसरी ट्रेन को बनाने का काम जारी है और यह 15 अक्तूबर 2025 तक पूरा हो सकता है। उन्होंने कहा, 'दोनों ट्रेनें एकसाथ लॉन्च की जाएंगी।' उन्होंने कहा है कि सेवाओं को सुचारू रूप से चलाए रखने के लिए दूसरी ट्रेन जरूरी है। उन्होंने कहा, 'इसलिए हम दूसरी रेक का इंतजार कर रहे हैं। जैसे ही हमें वो मिल जाती है, तो हम रूट तय करेंगे और संचालन शुरू कर देंगे।'

अटकलें हैं कि नई ट्रेनें नई दिल्ली और पटना के बीच दौड़ेंगी। इसके अलावा वैष्णव और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब में चल रहे रेल परियोजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया है कि आगामी 18 किमी लंबी राजपुरा-मोहाली लाइन इस क्षेत्र को अंबाला-अमृतसर मेन लाइन पर सबसे छोटे रास्ते से चंडीगढ़ से जोड़ेगी।

वैष्णव ने कहा है कि रेल मंत्रालय ने नई दिल्ली और फिरोजपुर कैंट के बीच नई वंदे भारत ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। यह ट्रेन फरीदकोट, बठिंडा, धुरी, पटियाला, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र और पानीपत स्टेशनों को जोड़ेगी। रेल मंत्रालय का कहना है कि ट्रेन दिल्ली से फिरोजपुर कैंट के बीच 486 किमी के सफर को 6 घंटे 40 मिनट में पूरा करेगी। उन्होंने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री से फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत ट्रेन को मंजूर करने का अनुरोध करता हूं।'