rahul gandhi wants to unstable modi govt said bjp sambit patra विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे राहुल गांधी, बीजेपी बोली- सरकार गिराना चाहती है कांग्रेस, India News in Hindi - Hindustan
More

विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे राहुल गांधी, बीजेपी बोली- सरकार गिराना चाहती है कांग्रेस

बीजेपी ने राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह विदेशी एजेंडे पर काम कर रहे हैं। बीजेपी ने कहा कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के इशारे पर मोदी सरकार का अस्थिर करना चाहते हैं।

Sun, 24 May 2026 03:40 PMAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे राहुल गांधी, बीजेपी बोली- सरकार गिराना चाहती है कांग्रेस

बीजेपी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश में अराजकता पैदा कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं। बीजेपी सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने दावा किया कि गांधी की ''साजिश'' तब उजागर हो गई, जब उन्होंने मंगलवार को कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की सलाहकार परिषद की बैठक में कथित तौर पर कहा कि मोदी सरकार एक साल के भीतर गिर जाएगी।

विदेशी एजेंडा चलाने का आरोप

पात्रा ने एक वीडियो संदेश में कहा, 'लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर दुस्साहस दिखाया है। उन्होंने कल एक बैठक में कहा कि मोदी सरकार एक साल के भीतर गिर जाएगी। राहुल गांधी दंगे भड़काकर और अराजकता के जरिये (मोदी) सरकार को गिराने की कोशिश कर रहे हैं।' बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की टिप्पणी से यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि वह भारत में लोकतंत्र को खत्म करने के इरादे से जॉर्ज सोरोस जैसे अपने ''आकाओं'' और उनकी विदेश यात्राओं के लिए धन उपलब्ध कराने वाली विदेशी कंपनियों के इशारे पर ''विदेशी एजेंडा'' आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ''देश की जनता समझदार है। भारत के लोगों में आध्यात्मिक चेतना है। क्या आप भारत के लोगों को भड़काकर दंगे करवा पाएंगे? नहीं, राहुल जी। आपने पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव में देखा कि क्या हुआ।'' पात्रा ने कहा, ''भारत में संविधान का शासन है और यहां लोकतंत्र की जीत होती है। यह भारत के 140 करोड़ लोगों की सरकार है। सोरोस समेत आपके विदेशी आका इस देश का कुछ नहीं बिगाड़ सकते।''

उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश विभिन्न हिस्सों में जारी संघर्षों के कारण समस्याओं का सामना कर रहे हैं, जबकि भारत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ''प्रगति'' कर रहा है। भाजपा नेता ने कहा, ''इस सरकार को जब तक जनता का आशीर्वाद प्राप्त है, यह देश की सेवा करती रहेगी।'

वहीं यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा, देश की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है और अब वह वैचारिक दिवालियापन के दौर से गुजर रही है। राहुल गांधी और उनके नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी को अपनी गिरती राजनीतिक भाषा पर आत्ममंथन की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि जनता उनके कुत्सित विचारों को कभी स्वीकार नहीं करेगी।

दो दिवसीय दौरे पर रविवार को मुरादाबाद पहुंचे उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने बुद्धि विहार स्थित व्हाइट हाउस में आयोजित भाजपा महानगर प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में शामिल होने के पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वो (राहुल गांधी) इस समय भारी हताशा के दौर से गुज़र रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी इस बात को अच्छी तरह समझते हैं कि जनता अब उनके किसी बहकावे में आने वाली नहीं है।