मंगेतर को प्रपोज करना कैप्टन भरत को पड़ेगा महंगा? सफाई मांग सकती है सेना
नासिक का कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल भारतीय सेना का एक बेहद प्रतिष्ठित और प्रमुख फ्लाइंग ट्रेनिंग संस्थान है। यह सीधे तौर पर आर्मी ट्रेनिंग कमांड के तहत काम करता है, जहां बेहद कड़ी सुरक्षा और अनुशासन के मानक लागू होते हैं।

Indian Army: महाराष्ट्र के नासिक में सेना की पासिंग आउट परेड के बाद एक नवनियुक्त आर्मी पायलट का अपनी प्रेमिका को प्रपोज करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस दिल छू लेने वाले वीडियो को इंटरनेट पर खूब प्यार मिल रहा है, वहीं दूसरी तरफ सेना के कड़े नियमों और प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर एक नई बहस भी छिड़ गई है।
यह पूरा वाकया मंगलवार को महाराष्ट्र के नासिक के पास स्थित कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान हुआ। वीडियो में देखा जा सकता है कि भारतीय सेना की वर्दी पहने पायलट कैप्टन भरत भारद्वाज रनवे पर चलते हुए आते हैं। बैकग्राउंड में सेना का एक हेलीकॉप्टर खड़ा नजर आ रहा है। कैप्टन भारद्वाज अचानक घुटनों के बल बैठ जाते हैं और अपनी पार्टनर को अंगूठी पहनाकर शादी के लिए प्रपोज करते हैं। उनकी पार्टनर इस सरप्राइज से बेहद खुश हो जाती हैं और गले लगाकर प्रपोजल को स्वीकार कर लेती हैं।
सोशल मीडिया पर बंटी जनता
वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद जहां एक तरफ लोग कपल को बधाई दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सेना के सख्त अनुशासन और नियमों को लेकर सवाल भी उठाए जा रहे हैं। एक यूजर ने एक्स पर लिखा, "क्या इसकी अनुमति है? क्या आप डिफेंस ट्रेनिंग स्कूल के भीतर ऐसे प्रपोजल को फिल्मा सकते हैं और उन्हें सार्वजनिक रूप से साझा कर सकते हैं? मुझे लगा था कि सेना की एक बहुत ही सख्त आचार संहिता होती है।"
सेना ने लिया संज्ञान, मांगी जा सकती है सफाई
सोशल मीडिया पर आए रिएक्शन और विवाद के बीच सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है कि सेना ने इस पूरे मामले का संज्ञान लिया है। सेना के नियमों के मुताबिक, इस तरह का प्रपोजल और उसका सोशल मीडिया पर आना कई प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना जा रहा है। खबर है कि सेना इस मामले में पायलट कैप्टन भरत भारद्वाज से स्पष्टीकरण मांग सकती है। हालांकि, जानकारों का मानना है कि इस भावुक और व्यक्तिगत कदम के लिए कप्तान को किसी बड़ी मुश्किल या कड़ी कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इस दिन को यादगार बनाना चाहता था: कैप्टन भारद्वाज
अपनी साथी को प्रपोज करने के बाद समाचार एजेंसी एएनआई एएनआई से बात करते हुए कैप्टन भारद्वाज ने अपनी खुशी जाहिर की थी। उन्होंने कहा, "हम सभी आज पायलट और इंस्ट्रक्टर बने हैं। यह हम सभी के लिए बहुत बड़ा दिन था। हमारी कड़ी मेहनत आज रंग लाई है। हम दोनों पिछले पांच साल से एक-दूसरे को जानते हैं। मुझे नहीं लगता कि उनसे शादी का प्रस्ताव रखने के लिए इससे बेहतर कोई और दिन हो सकता था। यह मेरे परिवार के लिए भी बड़ा दिन है। मैं इस दिन को अपनी मंगेतर के लिए भी यादगार बनाना चाहता था। बस यही इसके पीछे की सोच थी।"
आपको बता दें कि नासिक का कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल भारतीय सेना का एक बेहद प्रतिष्ठित और प्रमुख फ्लाइंग ट्रेनिंग संस्थान है। यह सीधे तौर पर आर्मी ट्रेनिंग कमांड के तहत काम करता है, जहां बेहद कड़ी सुरक्षा और अनुशासन के मानक लागू होते हैं। यही वजह है कि संवेदनशील क्षेत्र में वीडियो बनाने और उसे सार्वजनिक करने पर सवाल उठ रहे हैं।




साइन इन