मां काली के प्रसाद पर पश्चिम बंगाल में राजनीति, ईरान के न्यूक्लियर प्लांट पर अटैक; टॉप-5 न्यूज
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी धर्मों का अपमान करती है। वह दूसरों के धर्मों का सम्मान नहीं करते, केवल अपना बनाया हुआ धर्म दूसरों पर थोपते हैं।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति लगातार तेज हो रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा के ऊपर सभी धर्मों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी धर्म का सम्मान नहीं करती है, वह केवल अपना बनाया हुआ धर्म दूसरों पर थोपते हैं। मां काली के प्रसाद में मांस और मछली दोनों शामिल हैं। वहीं, दूसरी ओर ईरान के बुशहर न्यूक्लियर प्लांट पर एक और हमला हुआ है। इस हमले में एक इंसान की मौत हो गई है।
लाइव हिन्दुस्तान के साथ पढ़िए देश-दुनिया की पांच बड़ी खबरें...
मां काली के प्रसाद में मछली-मांस दोनों शामिल, BJP किस धर्म की बात कर रही: ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को रोकने के लिए लोगों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने बीजेपी पर धर्मों का अपमान करने, अशांति फैलाने और मालदा में स्थानीय लोगों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी। पढ़ें पूरी खबर…
ईरान के बुशहर न्यूक्लियर प्लांट के पास मिसाइल से हमला, एक की मौत; कितना नुकसान?
अमेरिका और इजरायल के साथ चल रहे युद्ध में ईरान पर कई हवाई हमले हो रहे हैं। शनिवार की सुबह बुशहर न्यूक्लियर प्लांट की बाहरी सीमा के पास एक मिसाइल आकर गिरी, जिससे एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई। तस्नीम समाचार एजेंसी के मुताबिक, इस घटना से संयंत्र के मुख्य हिस्सों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन एक सहायक इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। समाचार एजेंसी के दावे के अनुसार, संयंत्र में उत्पादन पर कोई असर नहीं पड़ा है। बुशहर दक्षिणी ईरान में फारसी खाड़ी के तट पर स्थित है और यह देश का पहला व्यावसायिक परमाणु ऊर्जा संयंत्र है। पढ़ें पूरी खबर…
डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा को मिला प्रियंका चोपड़ा का सपोर्ट
आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के डिप्टी लीडर पद से हटा दिया है। डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने के बाद अब राघव चड्ढा ने अपने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो जारी कर पार्टी को जवाब दिया है। राघव चड्ढा के एक वीडियो पर प्रियंका चोपड़ा का कमेंट भी आया है। प्रियंका का जिस वीडियो पर कमेंट आया है उसमें राघव उन मुद्दों पर बात करते नजर आ रहे हैं जो उन्होंने राज्य सभा में उठाए थे। इसके अलावा राघव ने जो वीडियो डाला है उसमें वो पार्टी को जवाब देते नजर आ रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…
होर्मुज से पार हुआ एक और भारतीय LPG टैंकर, ईरान का स्पेशल मैसेज; गुजरात का जिक्र
अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते तेहरान ने होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि, भारत समेत अपने मित्र देशों के कुछ जहाजों को वह आने-जाने दे रहा है, जिससे ऊर्जा संकट कुछ हद तक कम हुआ है। भारत का एक और एलपीजी टैंकर ग्रीन सान्वी ने होर्मुज स्ट्रेट पार किया है। यह टैंकर गुजरात के पोर्ट पर पहुंचेगा। इसको लेकर ईरान ने स्पेशल मैसेज दिया है। मुंबई स्थित ईरानी वाणिज्य दूतावास ने कहा कि भारत और विशेष रूप से गुजरात का हमारे साझा इतिहास में एक अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। दूतावास ने यह गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी के एक पोस्ट के जवाब में लिखा। पढ़ें पूरी खबर…
होर्मुज को लेकर ईरान का अहम ऐलान, अब इन जहाजों को दी स्ट्रेट से गुजरने की इजाजत
पश्चिम एशिया में जारी जंग ने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को बुरी तरह से प्रभावित किया है। कच्चे तेल और गैस की कमी से भारत जैसे देश बड़ी मात्रा में प्रभावित हुए हैं। हालांकि, होर्मुज के बंद होने का असर ईरान पर भी पड़ा है। यहां पर भी जरूरी सामान की आपूर्ति बाधित हुई थी। अब तेहरान सरकार ने नया ऐलान करते हुए ईरानी बंदरगाहों पर जरूरी सामान लेकर आ रहे जहाजों को होर्मुज पार करने की इजाजत दे दी है। पढ़ें पूरी खबर…




साइन इन