Police raided Abhishek Banerjee home at 3 AM breaking the lock to enter Mamata also arrived दरवाजा तोड़कर अभिषेक बनर्जी के घर में घुसी पुलिस, खबर मिलते ही ममता भी पहुंचीं, India News in Hindi - Hindustan
More

दरवाजा तोड़कर अभिषेक बनर्जी के घर में घुसी पुलिस, खबर मिलते ही ममता भी पहुंचीं

Abhishek Banerjee: सूत्रों के अनुसार, सालबोनी थाने की पुलिस अभिषेक के घर पहुंची थी। महिला अधिकारी भी साथ थीं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि किस मामले के कारण यह कार्रवाई की गई।

Sat, 13 June 2026 09:44 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता।
share
दरवाजा तोड़कर अभिषेक बनर्जी के घर में घुसी पुलिस, खबर मिलते ही ममता भी पहुंचीं

Abhishek Banerjee: ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी के कद्दावर नेता अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर पर आज सुबह-सुबह पुलिस पहुंची। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद उन्होंने ताला तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हुए। पूरे घर की तलाशी ली गई। इस समय पटुआपाड़ा स्थित घर के बाहर केंद्रीय बलों के जवान पहरा दे रहे थे। खबर मिलते ही ममता बनर्जी भी मौके पर पहुंचीं। सुबह करीब 8 बजे के बाद पुलिस घर से निकली और ममता भी वहां से चली गईं। घर से बाहर निकलने पर अभिषेक ने मीडिया से कहा, "उन्होंने ताला तोड़ा, अंदर आए और पूरे घर की तलाशी ली। हर चीज का रिकॉर्ड मौजूद है।"

सूत्रों के अनुसार, सालबोनी थाने की पुलिस अभिषेक के घर पहुंची थी। महिला अधिकारी भी साथ थीं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि किस मामले के कारण यह कार्रवाई की गई। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि शनिवार को तड़के 3 बजे के बाद पुलिस अभिषेक के घर के सामने पहुंची। शुरुआत से ही उनके साथ केंद्रीय बलों के जवान भी थे।

अधिकारियों ने घर में घुसने की कोशिश की और घर में मौजूद लोगों को आवाज दी। काफी देर तक इंतजार करने के बाद उन्होंने ताला तोड़ने का फैसला किया। पुलिस लगभग पांच घंटे तक घर के परिसर में रही, जबकि बाहर केंद्रीय बलों के बड़ी संख्या में जवान तैनात थे। सुबह 7 बजे के बाद कुछ पुलिस अधिकारी घर से बाहर निकले। थोड़ी देर आपस में बातचीत की और फिर वापस अंदर चले गए। आखिरकार सुबह 8 बजे के बाद वे वहां से चले गए।

CID ने की थी लंबी पूछताछ

आपको बता दें कि इससे पहले सीआईडी ने गुरुवार को अभिषेक बनर्जी से पूछताछ की थी। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद वह भवानी भवन स्थित CID हेडक्वार्टर पहुंचे थे। उनसे विधानसभा से जुड़े सिग्नेचर फ्रॉड केस में साढ़े पांच घंटे तक पूछताछ हुई थी। इसके बाद सीआईडी शुक्रवार को अभिषेक के कालीघाट स्थित घर पहुंची थी, लेकिन इस बार मामला अलग था। साल्ट लेक में उनकी एक टिप्पणी को लेकर साइबर शिकायत दर्ज की गई थी और CID उस जांच के सिलसिले में कालीघाट पहुंची थी। उस समय वह घर पर नहीं थे, जिसकी वजह से सीआईडी की टीम को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।