PM Modi kerala roadshow today thiruvananthapuram corporation election victory bjp mayor PM मोदी का केरल में रोड शो और बड़ी रैली; एक जीत ने खिला दिया भाजपा की उम्मीदों का कमल, India News in Hindi - Hindustan
More

PM मोदी का केरल में रोड शो और बड़ी रैली; एक जीत ने खिला दिया भाजपा की उम्मीदों का कमल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज का केरल दौरा सिर्फ एक चुनावी रैली नहीं, बल्कि तिरुवनंतपुरम नगर निगम में मिली उस ऐतिहासिक जीत का विजय जुलूस था, जिसने वामपंथियों (LDF) के 45 साल पुराने किले को ध्वस्त कर दिया है।

Fri, 23 Jan 2026 11:59 AMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, तिरुवनंतपुरम
share
PM मोदी का केरल में रोड शो और बड़ी रैली; एक जीत ने खिला दिया भाजपा की उम्मीदों का कमल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केरल दौरे ने राज्य की राजनीति में एक नई गर्मी पैदा कर दी है। दरअसल पीएम मोदी ने शुक्रवार को चुनावी राज्य केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में एक भव्य रोड शो किया। यह रोड शो थंपनूर ओवरब्रिज से शुरू होकर पुथरिकंडम मैदान तक आयोजित किया गया, जहां प्रधानमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड भी लॉन्च किया और एक लाख लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि लोन बांटे। प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में रेल संपर्क को बेहतर बनाने के लिए चार नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रोड शो के बाद प्रधानमंत्री ने यहां एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया।

केरल में कमल खिलाने की कवायद तेज

पीएम मोदी का यह दौरा कई मायनों में खास है। दरअसल लोकसभा चुनाव में त्रिशूर से सुरेश गोपी को मिली मिली ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा ने हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनाव में भी दमदार प्रदर्शन किया। राजधानी तिरुवनंतपुरम के नगर निगम की 101 में से भाजपा ने 50 सीट जीती हैं। इस नगर निगम पर पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत एलडीएफ का शासन था लेकिन पहली बार यहां भाजपा का मेयर बना है। पीएम मोदी का आज का रोड शो और रैली इसी 'उम्मीद के कमल' को और खिलाने की कवायद मानी जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी। सड़क के दोनों ओर खड़े हजारों समर्थकों ने 'मोदी-मोदी' और 'भारत माता की जय' के नारों के साथ पीएम का स्वागत किया। पूरा रास्ता भाजपा के झंडों और प्रधानमंत्री के कटआउट्स से पटा हुआ था। केरल की पारंपरिक वाद्य यंत्रों और नृत्यों के साथ पीएम का स्वागत किया गया, जिससे भाजपा का स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव दिखाने की कोशिश की गई। प्रधानमंत्री मोदी अपने वाहन के फुटबोर्ड पर खड़े होकर दोनों ओर मौजूद हजारों लोगों का अभिवादन करते नजर आए। रोड शो के दौरान ‘विकसित केरल’ लिखी तख्तियां भी कार्यकर्ताओं के हाथों में नजर आईं।

केरल की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत हुई- पीएम मोदी

तिरुवनंतपुरम में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा- आज, केरल के विकास के लिए केंद्र के प्रयासों को एक नई गति मिली है। आज से, केरल की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है। तिरुवनंतपुरम को देश का एक बड़ा स्टार्टअप हब बनाने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं। केरल से, पूरे देश में गरीबों के कल्याण के लिए एक पहल शुरू की गई है। आज, पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया गया है। इससे पूरे देश में सड़क विक्रेताओं, ठेले वालों और फुटपाथ पर सामान बेचने वालों को फायदा होगा...

इस दौरान PM मोदी ने तीन नई अमृत भारत ट्रेनों, नागरकोइल-मंगलुरु, तिरुवनंतपुरम-तांबरम, तिरुवनंतपुरम-चारलापल्ली, और त्रिशूर और गुरुवायूर के बीच एक नई पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा- विकसित भारत बनाने के लिए पूरा देश मिलकर कोशिश कर रहा है। विकसित भारत बनाने में हमारे शहर बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। पिछले 11 सालों में केंद्र सरकार शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर में बहुत ज्यादा निवेश कर रही है।

पहली बार राज्य की राजधानी को एक भाजपा मेयर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज का केरल दौरा सिर्फ एक चुनावी रैली नहीं, बल्कि तिरुवनंतपुरम नगर निगम में मिली उस ऐतिहासिक जीत का विजय जुलूस था, जिसने वामपंथियों (LDF) के 45 साल पुराने किले को ध्वस्त कर दिया है। केरल के इतिहास में पहली बार राज्य की राजधानी को एक भाजपा मेयर मिला है। वरिष्ठ भाजपा नेता वी.वी. राजेश ने मेयर का पदभार संभाल लिया है। वाममोर्चा (LDF) जो दशकों से यहां काबिज था, वह दूसरे नंबर पर खिसक गया, और कांग्रेस (UDF) तीसरे नंबर पर सिमट गई।

क्या बोले केरल सीएम?

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा-...प्रधानमंत्री ने केरल आकर राज्य के विकास में बहुत मदद करने वाली कई परियोजनाओं को लॉन्च किया है। इसमें CSIR-NIIST इनोवेशन हब की आधारशिला रखना, पूजप्पुरा हेड पोस्ट ऑफिस बिल्डिंग का उद्घाटन, एक लाख लाभार्थियों के लिए PM SVANIDHI योजना की शुरुआत शामिल है। इस कार्यक्रम में लाभार्थियों को क्रेडिट कार्ड और लोन के चेक भी दिए जा रहे हैं। माननीय प्रधानमंत्री तीन नई अमृत भारत ट्रेनों और एक पैसेंजर ट्रेन को भी हरी झंडी दिखा रहे हैं। केरल के लिए ये बहुत महत्वपूर्ण हैं। यह राज्य सरकार के लिए संतोष का एक यादगार पल है क्योंकि हम इनमें से कई परियोजनाओं के लिए लगातार केंद्र सरकार से हरी झंडी मांग रहे थे। मैं इस मौके पर इन परियोजनाओं को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में भी केरल के प्रति यह चिंता और सद्भावना बनी रहेगी। मुझे उम्मीद है कि अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी केरल की असली मांगों को भी समय पर पूरा किया जाएगा, और प्रधानमंत्री यह सुनिश्चित करेंगे कि उन सभी को समय पर लागू किया जाए।