डिब्बे भर-भर कर समुदाय विशेष के लोग जा रहे बंगाल, AC बॉगी का वीडियो शेयर कर क्या बोले सांसद निशिकांत दूबे
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। झारखंड से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि एक समुदाय विशेष के लोग डिब्बे भर-भर कर केवल वोट डालने के लिए बंगाल की ओर जा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। झारखंड से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि एक समुदाय विशेष के लोग डिब्बे भर-भर कर केवल वोट डालने के लिए बंगाल की ओर जा रहे हैं। भाजपा सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस ट्रेन के एसी डिब्बे का एक वीडियो साझा करते हुए यह बयान दिया। वीडियो में ट्रेन की भीड़ को देखा जा सकता है, जिसमें पैर रखने की भी जगह नहीं दिख रही है।
गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने लिखा कि आज दिल्ली से चलकर मालदा तक आने वाली ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस के एसी डिब्बे का यह हाल है। डिब्बे भर-भर कर एक समुदाय विशेष के लोग केवल वोट देने आ रहे हैं। वे जबरदस्ती रेल अधिकारियों या टिकट वाले यात्रियों को धक्का-मुक्की भी कर रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि उनके रिश्तेदार इस भीड़ से तंग आकर भागलपुर स्टेशन पर ही उतर गए। हालांकि, सांसद ने यह नहीं बताया कि उनके परिवार को मूल रूप से कहां उतरना था।
बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में होने हैं। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को और दूसरे चरण का 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। 23 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए प्रचार शनिवार शाम को थम गया, जिसके तुरंत बाद दावे और प्रतिदावे शुरू हो गए हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, पहले चरण में 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान कर सकेंगे। इन मतदाताओं में लगभग 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिला और 465 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की रिकॉर्ड 2 450 कंपनियों को तैनात किया है, जिनमें लगभग 2.5 लाख कर्मी शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और पहले चरण के लिए 8,000 से अधिक मतदान केंद्रों को 'अत्यधिक संवेदनशील' के रूप में चिह्नित किया है। आयोग ने मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर, कूच बिहार, बीरभूम और बर्धमान जैसे कुछ जिलों को 'विशेष रूप से संवेदनशील' के तौर पर चिह्नित किया है और इन क्षेत्रों के सभी निर्वाचन क्षेत्रों को कड़ी निगरानी में रखा है।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को बड़ी संख्या में तैनात किया गया है, जिन्हें निगरानी टीम और 2,193 त्वरित प्रतिक्रिया टीम का सहयोग प्राप्त है, ताकि किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। इस चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी (भाजपा, नंदीग्राम), पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रामाणिक (भाजपा, माथाभांगा), राज्य के मंत्री उदयन गुहा (तृणमूल, दिनहाटा), गौतम देब (तृणमूल, सिलीगुड़ी) और अधीर रंजन चौधरी (कांग्रेस, बहरामपुर) शामिल हैं।




साइन इन