Pakistan Tops the List of Terror Affected Countries What is India Status Nepal Springs a Surprise GTI 2026 आतंकवाद से परेशान देशों की लिस्ट में टॉप पर पाकिस्तान, भारत का क्या है हाल; नेपाल ने चौंकाया, India News in Hindi - Hindustan
More

आतंकवाद से परेशान देशों की लिस्ट में टॉप पर पाकिस्तान, भारत का क्या है हाल; नेपाल ने चौंकाया

GTI रिपोर्ट ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी मौजूदा सैन्य संघर्ष से बड़े पैमाने पर विस्थापन हो सकता है। सीमा नियंत्रण कमजोर होने से एक ऐसा शून्य पैदा होगा, जिसमें TTP जैसे आतंकी संगठन और अधिक फल-फूल सकते हैं।

Fri, 20 March 2026 06:14 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
आतंकवाद से परेशान देशों की लिस्ट में टॉप पर पाकिस्तान, भारत का क्या है हाल; नेपाल ने चौंकाया

आतंकवाद को पनाह देने वाला पाकिस्तान अब खुद इससे सबसे अधिक प्रभावित देशों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गया है। वहीं, भारत की स्थिति में सुधार देखने को मिला है। नेपाल और बांग्लादेश जैसे छोटे देश भी एक मिसाल पेश कर रहे हैं। इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक्स एंड पीस द्वारा जारी ताजा वैश्विक आतंकवाद सूचकांक (GTI) 2026 की रिपोर्ट ने दक्षिण एशिया के सुरक्षा परिदृश्य की एक भयावह तस्वीर पेश की है। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान अब बुर्किना फासो को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का सबसे अधिक आतंकवाद प्रभावित देश बन गया है।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि साल 2025 पाकिस्तान के लिए पिछले 10 वर्षों में सबसे घातक रहा। आंकड़ों के अनुसार वहां 1,139 मौतें दर्ज की गईं और 1,045 आतंकी घटनाएं हुईं। पाकिस्तान में 2020 की तुलना में 2025 में आतंकी घटनाएं छह गुना बढ़ गई हैं। पिछले 12 वर्षों से पाकिस्तान लगातार शीर्ष 10 प्रभावित देशों में बना हुआ है, लेकिन हालिया गिरावट की रफ्तार विशेषज्ञों को चौंका रही है।

पाकिस्तान में बढ़ी आतंकवादी घटना के पीछे अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी को मुख्य कारण माना जा रहा है। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) जैसे समूहों ने अफगान धरती का इस्तेमाल सुरक्षित पनाहगाह और ट्रेनिंग बेस के रूप में किया है।

पाकिस्तान पर कहर बनकर टूटा है TTP

अफगानिस्तान की सत्ता में तालिबान की वापसी के बाद से 2025 में TTP के हमलों में 24% की वृद्धि हुई। इन हमलों में 637 लोगों की जान गई। यह 2011 के बाद का सबसे बड़ा आंकड़ा है। वहीं, पाकिस्तान की परेशानी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) भी बढ़ा दी है। क्वेटा के पास जाफर एक्सप्रेस ट्रेन का अपहरण कर 442 लोगों को बंधक बनाना 2025 की सबसे बड़ी वारदातों में से एक रही।

भारत का क्या है हाल

भारत में हाल के दिनों में आतंवादी घटना में कमी देखने को मिली है। वैश्विक स्तर पर 13वें स्थान पर होने के बावजूद भारत की प्रगति उत्साहजनक है। भारत का GTI स्कोर 6.428 रहा है। 2025 में भारत में आतंकी हमलों में 43% की कमी आई है। पिछले एक दशक में भारत के स्कोर में 0.415 अंकों का सुधार हुआ है, जो सुरक्षा तंत्र की मजबूती को दर्शाता है।

दक्षिण एशिया को दुनिया का सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र (औसत स्कोर 3.465) माना गया है। इस चुनौतीपूर्ण माहौल में भारत का प्रदर्शन अपने पड़ोसियों के मुकाबले काफी बेहतर रहा है।

नेपाल ने चौंकाया

रिपोर्ट में सबसे चौंकाने वाले और सकारात्मक आंकड़े भारत के अन्य पड़ोसियों से आए हैं। बांग्लादेश में आतंकी हमलों में 100% की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, नेपाल ने लगातार तीसरे साल 2025 में एक भी आतंकी घटना दर्ज न कर एक बड़ी मिसाल कायम की है। अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता पर नियंत्रण के बाद घटनाओं में कमी आई है और वह अब वैश्विक रैंकिंग में 11वें स्थान पर है।

GTI रिपोर्ट ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी मौजूदा सैन्य संघर्ष से बड़े पैमाने पर विस्थापन हो सकता है। सीमा नियंत्रण कमजोर होने से एक ऐसा शून्य पैदा होगा, जिसमें TTP जैसे आतंकी संगठन और अधिक फल-फूल सकते हैं।