भारत से भागा लश्कर का 'खरगोश' सऊदी में मिला, पाकिस्तान से आया, जयपुर में रचाई थी शादी
पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर के आतंकी खरगोश उर्फ उमर हारिस के सऊदी अरब में होने की जानकारी सामने आई थी। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक इस आतंकी ने राजस्थान में शादी कि इसके बाद फर्जी पासपोर्ट के आधार पर वह भारत से भाग गया।

पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी उमर हारिस उर्फ 'खरगोश' के सऊदी अरब में छिपे होने की जानकारी सामने आई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक इस आतंकी ने पाकिस्तान से आने के बाद कुछ साल कश्मीर में गुजारे उसके बाद राजस्थान की राजधानी जयपुर में शादी की थी। इस शादी के दस्तावेजों के आधार पर इसने फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनवाया और फिर सज्जाद नामक पहचान के आधार पर देश से फरार हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, हारिस 2012 में पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर आया था। हाल ही में गिरफ्तार किए गए आतंकियों से पूछताछ के आधार पर यह जानकारी सामने आई है।
इस मामले की जांच फिलहाल श्रीनगर पुलिस कर रही है, लेकिन जल्दी ही इसके एनआईए के हाथों में जाने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में सभी एजेंसियां एक-दूसरे से संपर्क में हैं। बता दें, हारिस को लेकर पहले सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, उसे पाकिस्तान के कराची का निवासी बताया गया था। हालांकि, ताजा रिपोर्ट में सामने आया है कि वह मुख्य रूप से खैबर पख्तूनख्वा का निवासी था। वह कराची में आकर हिंसा में सक्रिय हुआ। इसके बाद पुलिस केस से बचने के लिए उसने लश्कर ज्वाइन कर ली। बाद में आतंकी संगठन ने उसे ट्रेनिंग देकर जम्मू-कश्मीर भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक हारिस को कश्मीर में 'खरगोश' नाम से जाना जाता है। क्योंकि वह एक जगह से दूसरी जगह आसानी से भाग निकलता था। सुरक्षा एजेंसियां लगातार उसके पीछे थी, लेकिन इसके बाद भी वह उनके हाथ नहीं आया।
लगातार हारिस का पीछा कर रहीं एजेंसियों ने उसके कई करीबी साथियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के आधार पर पता चला कि भारत आने के बाद हारिस बांदीपोरा और श्रीनगर के कई इलाकों में आसान जिंदगी जीता रहा। इसी दौरान उसने एक ओवर ग्राउंड वर्कर की बेटी से जयपुर में जाकर शादी की। इन शादी के दस्तावेजों के आधार पर ही उसने सज्जाद नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाया और फिर यहां से इंडोनेशिया भाग गया। यहां पर उसने एक और फर्जी पासपोर्ट बनवाया और फिर सऊदी अरब को अपना ठिकाना बना लिया।
लश्कर के खरगोश को लेकर खुलासा तब हुआ है, जब पुलिस ने एक अंतर राज्यीय लश्कर मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें एक पाकिस्तानी आतंकी अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा भी शामिल था। हुरैरा पिछले 16 साल से फरार था। इसने जम्मू-कश्मीर और दूसरी जगह भी अपने ठिकाने बना रखे थे। अब्दुल्ला के साथ एक अन्य पाकिस्तानी नागरिक उस्मान उर्फ खुबैब की गिरफ्तारी भी श्रीनगर पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है। यह कार्रवाई फरीदाबाद के अल फलाह विश्वविद्यालय से जुड़े “व्हाइट कॉलर” आतंकी मॉड्यूल के भंडाफोड़ के छह महीने बाद हुई।
पूछताछ के दौरान अब्दुल्ला ने देशभर में खासकर राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में अपने और हारिस की गतिविधियों की जानकारी दी। इसमें शादी समारोह का जिक्र भी शामिल है, जिसके बाद दुल्हन के पिता को हिरासत में लिया गया, क्योंकि वह आतंकी की असली पहचान से वाकिफ था।




साइन इन