pakistan spy accused jasbir tells jyoti malhotra new pak connection जासूस ने ज्योति मल्होत्रा के खोल दिए कई राज, मास्टरमाइंड का भी बताया नाम, India News in Hindi - Hindustan
More

जासूस ने ज्योति मल्होत्रा के खोल दिए कई राज, मास्टरमाइंड का भी बताया नाम

पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार जसबीर सिंह ने ज्योति मल्होत्रा को लेकर कई राज उगले हैं। उसने यह भी बताया कि पाकिस्तान पुलिस का एक पूर्व सब इंस्पेक्टर जासूसी रैकेट का मास्टरमाइंड है।

Fri, 6 June 2025 11:16 PMAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
जासूस ने ज्योति मल्होत्रा के खोल दिए कई राज, मास्टरमाइंड का भी बताया नाम

पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार पंजाब के मोगा के जसबीर सिंह का तीन दिन का रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस कल उसे ​फिर जिला अदालत में पेश करेगी। जसबीर सिंह ने पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है कि पाकिस्तान में पुलिस का एक पूर्व सब इंस्पेक्टर जासूसी रैकेट का मास्टरमाइंड है। पूर्व सब इंस्पेक्टर का नाम नासिर ढिल्लो ने ही जसबीर को आईएसआई के अधिकारियों से लाहौर में मिलवाया था। नासिर ढिल्लो पेशे से अब पाकिस्तानी यूटूबर है और ज्योति मल्होत्रा को भी जानता है। जसबीर और ज्योति मल्होत्रा लाहौर में एक साथ 10 दिन रुके थे।

नासिर ढिल्लो पाकिस्तान आने वाले भारतीय यूटूबर्स का दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के अधिकारी दानिश से संपर्क करवाता ​था। जसबीर सिंह की दानिश से नासिर ने ही पाकिस्तान में मुलाकात करवाई थी। जसबीर जान महल नाम से यूट्यूब चैनल चलाता है। वह पाकिस्तान खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ऑफिसर शाकिर के संपर्क में था और तीन बार पाकिस्तान जा चुका है। उसके मोबाइल से पाकिस्तान के कई नंबर मिले हैं।

अब जसबीर-ज्योति मल्होत्रा को आमने-सामने ​बैठाकर होगी पूछताछ

आरोपी जसबीर सिंह ने अपने मोबाइल से कई कांटैक्ट, चैटिंग व अन्य जानकारी को डिलीट किया है। मोबाइल की फोरैंसिक जांच के दौरान आरोपी द्वारा अपने मोबाइल से डिलीट की गई सारी चैटिंग का पता लगाया जाएगा। यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी पिछले दिनों अपने किन कांटैक्टस के साथ लगातार सम्पर्क में था। इसके साथ ही उसके बैंक खातों की जांच की जा रही है। वहीं, पंजाब पुलिस इस प्रकरण की जांच को लेकर हाल ही में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार की गई हिसार की ज्योति मल्होत्रा और आरोपी जसबीर सिंह को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी।

ज्योति-जसबीर कनेक्शन की चर्चाएं

ज्योति मल्होत्रा और जसबीर सिंह के इस कनेक्शन की चर्चाएं हो रही हैं क्योंकि दोनों यूट्यूबर हैं और दोनों कई बार पाकिस्तान जा चुके हैं। अब दोनों एक ही तरह के आरोपों के तहत गिरफ्तार भी हुए हैं। इतना ही नहीं, ज्योति मल्होत्रा की तरह जसबीर सिंह के भी पाक उच्चायुक्त के निष्कासित अधिकारी दानिश से गहरे संबंध थे। उसने भी ज्योति की तरह ही दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन में काम करने वाले दानिश के निमंत्रण पर पाकिस्तान नेशनल डे के कार्यक्रम में शिरकत की थी। जसबीर सिंह भी तीन बार पाकिस्तान जा चुका है। उसके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज से पाकिस्तान के कई नंबर मिले हैं, जिससे साफ होता है कि जसबीर सिंह भी पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क का हिस्सा है। हालांकि ज्योति मल्होत्रा के वकील कुमार मुकेश ने इन चर्चाओं को बेबुनियाद बताया है। कुमार मुकेश ने कहा कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है कि ज्योति मल्होत्रा का यूट्यूब जसबीर के साथ किसी तरह का संपर्क रहा है।

(रिपोर्ट: मोनी देवी, लाइव हिंदुस्तान)