ऑपरेशन सिंदूर: पाकिस्तान पर राजीव घई का तंज, आसिम मुनीर की तरक्की को बताया 'एंटरटेनमेंट'
पूर्व सैन्य अभियान महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की फील्ड मार्शल पद पर स्वयं की आत्म-पदोन्नति पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि भारत इस पूरी प्रक्रिया को एक तरह का मनोरंजन मानकर देखा।

पूर्व सैन्य अभियान महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की फील्ड मार्शल पद पर स्वयं की आत्म-पदोन्नति पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि भारत इस पूरी प्रक्रिया को ‘एक तरह का मनोरंजन’ मानकर देख रहा है। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर जयपुर में आयोजित विशेष मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल घई ने कहा कि फील्ड मार्शल मुनीर द्वारा खुद को पदोन्नत करने के बारे में मैं क्या कह सकता हूं? इसका जवाब उन्हें खुद देना होगा। हमने इस पूरी प्रक्रिया को कुछ हद तक मनोरंजक ढंग से देखा है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने भारत से ‘रुकने’ का अनुरोध किया था, लेकिन भारतीय बलों ने सुनियोजित और सटीक जवाबी कार्रवाई करते हुए सभी निर्धारित लक्ष्यों को हासिल कर लिया और एक लंबे संघर्ष को टाल दिया।
बता दें कि पाकिस्तान सरकार ने पिछले साल मई में ऑपरेशन सिंदूर के महज कुछ दिनों बाद जनरल आसिम मुनीर को फील्ड मार्शल पद पर पदोन्नत किया था। पाकिस्तानी पक्ष ने इस पदोन्नति का कारण ‘मरका-ए-हक’ और ‘ऑपरेशन बुनियान-उम-मरसूस’ के दौरान दिखाए गए ‘उच्च रणनीतिक नेतृत्व’ को बताया था। मुनीर वर्ष 1959 में फील्ड मार्शल अयूब खान के बाद यह सम्मान प्राप्त करने वाले पहले पाकिस्तानी सेना अधिकारी बने।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान क्या हुआ था?
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तानी क्षेत्र में अंदर तक घुसकर हमले किए। इस अभियान में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित नौ उच्च-मूल्य वाले आतंकी लॉन्च पैड पूरी तरह नष्ट कर दिए गए। नूर खान और सरगोधा हवाई अड्डों समेत पाकिस्तान के कई महत्वपूर्ण सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया। इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया कि पाकिस्तान में कोई भी आतंकवादी ठिकाना भारतीय बलों की पहुंच से बाहर नहीं है। अभियान में यूसुफ अजहर, अब्दुल मलिक रऊफ और मुदस्सिर अहमद समेत 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए थे।
क्या बोले वायुसेना उप प्रमुख?
इससे पहले भारतीय वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती ने बताया था कि ऑपरेशन के दौरान भारतीय वायुसेना ने 13 पाकिस्तानी विमान नष्ट किए और 11 हवाई अड्डों पर हमले किए। एयर मार्शल भारती ने कहा कि 7 मई को हमने उनके 9 आतंकवादी शिविरों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। इसका सबूत सबके सामने है। हमने उनके 11 हवाई अड्डों पर हमला किया। 13 पाकिस्तानी विमानों को जमीन पर या हवा में मार गिराया गया, जिनमें 300 किलोमीटर से अधिक दूरी पर नष्ट किया गया एक कीमती विमान भी शामिल है।




साइन इन