No Power Center Other Than Me Vijay Thalapathy on Becoming Chief Minister मेरे अलावा कोई पावर सेंटर नहीं, मुख्यमंत्री बनते ही गरजे विजय थलापति; राहुल गांधी ने की तारीफ, India News in Hindi - Hindustan
More

मेरे अलावा कोई पावर सेंटर नहीं, मुख्यमंत्री बनते ही गरजे विजय थलापति; राहुल गांधी ने की तारीफ

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने पद ग्रहण करते ही स्पष्ट कर दिया है कि उनकी सरकार में उनके अलावा कोई भी पावर सेंटर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सरकार में पारदर्शिता और प्रतिबद्धता को महत्व दिया जाएगा। 

Sun, 10 May 2026 01:44 PMAnkit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
मेरे अलावा कोई पावर सेंटर नहीं, मुख्यमंत्री बनते ही गरजे विजय थलापति; राहुल गांधी ने की तारीफ

टीवीके चीफ विजय के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेते ही तमिलनाडु की राजनीति की धारा एक बड़ा मोड़ ले चुकी है। शपथ लेने के बाद ही वह ऐक्शन मोड में आ गए और 200 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओँ के लिए सुरक्षा दस्ता तैनात करने के आदेश पर साइन कर दिए। उन्होंने रविवार को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान उनके समर्थकों का उत्साह देखने वाला था। अपने पहले भाषण में उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम करेगी।

विजय ने अपने पहले संबोधन में कहा कि वह किसी राजघराने से नहीं हैं, लेकिन लोगों ने उन्हें स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि वह झूठे वादे कर लोगों को धोखा नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि एक नयी शासन व्यवस्था शुरू हुई है तथा वास्तविक, धर्मनिरपेक्ष एवं सामाजिक न्याय का नया युग आरंभ हो रहा है। विजय के पिता एस ए चंद्रशेखर और उनकी मां शोभा, शीर्ष अभिनेत्री तृषा तथा बड़ी संख्या में आमंत्रित लोग जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

क्या-क्या बोले विजय

विजय थलापति ने कहा कि इस सरकार में उनके अलावा कोई दूसरा पावर सेंटर नहीं होगा। वह खुद ही केवल पावर सेंटर होंगे। उन्होंने कहा कि यह पंथ निरपेक्ष, वास्तविक और सामाजिक न्याय के युग का शुभारंभ है। उन्होंने कहा, मैं कभी गलती नहीं करने वाला हूं और ना ही जनता के पैसे को व्यर्थ बहाने वाला हूं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ वह कड़ाई से शिकंजा कसेंगे।

विजय के शपथपत्र पर क्या बोले राहुल गांधी

विजय के शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी भी शामिल हुए। राहुल गांधी ने रविवार को सी जोसेफ विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर उन्हें बधाई दी और कहा कि राज्य ने एक नयी पीढ़ी, एक नयी आवाज तथा एक नयी कल्पना को चुना है। विपक्ष के नेता ने 'एक्स' पर कहा, ''तमिलनाडु ने चुनाव कर लिया है। एक नयी पीढ़ी। एक नयी आवाज। एक नयी कल्पना। थिरु विजय को मेरी शुभकामनाएं - आशा है कि वह तमिलनाडु की जनता की आशाओं को पूरा करेंगे।'