No possibility of an alliance with the NDA TVK makes it clear NDA के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है, TVK ने किया साफ, India News in Hindi - Hindustan
More

NDA के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है, TVK ने किया साफ

नागेंद्रन ने यहां पत्रकारों से कहा कि आप गठबंधन को लेकर चिंतित हैं और मैं जनता की समस्याओं को लेकर चिंतित हूं, खासकर राज्य में कानून-व्यवस्था की विफलता और महिलाओं की सुरक्षा की कमी को लेकर।

Sat, 14 March 2026 03:05 PMMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, चेन्नई
share
NDA के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है, TVK ने किया साफ

अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ गठबंधन की किसी भी संभावना से शनिवार को इनकार किया। टीवीके ने चुनावी समझौते को लेकर मीडिया में जारी अटकलों को भी खारिज कर दिया।

हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने पत्रकारों के इस सवाल का सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया कि क्या तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ गठबंधन के लिए बातचीत हो रही है। नागेंद्रन ने यहां पत्रकारों से कहा, ''आप गठबंधन को लेकर चिंतित हैं और मैं जनता की समस्याओं को लेकर चिंतित हूं, खासकर राज्य में कानून-व्यवस्था की विफलता और महिलाओं की सुरक्षा की कमी को लेकर।''

राजग के साथ गठबंधन के लिए बातचीत को ''अफवाह'' बताते हुए, टीवीके के संयुक्त महासचिव सी टी आर निर्मल कुमार ने कहा कि 13 मार्च को पार्टी के जिला सचिवों के साथ हुई ऑनलाइन बैठक का उद्देश्य पार्टी की ताकत और गठबंधन की संभावनाओं का आकलन करना था।

निर्मल कुमार ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''राजग के साथ गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं है। हम पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि भाजपा हमारी वैचारिक शत्रु है।'' बाद में, एक बयान में उन्होंने पार्टी सदस्यों से अपील की कि वे ''अफवाहों'' पर विश्वास न करें और पार्टी की आधिकारिक घोषणा का पालन करें।

निर्मल कुमार ने बयान में कहा, ''टीवीके के बारे में अटकलों पर आधारित कई खबरें रोजाना मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाई जा रही हैं, जिनका मकसद लोगों की समस्याओं से सभी लोगों का ध्यान भटकाना है।'' उन्होंने कहा कि पार्टी सदस्यों को केवल टीवीके की ओर से जारी की गई आधिकारिक घोषणाओं का ही पालन करना चाहिए।