no difference between terrorism and Pakistan Bihari MP Sanjay Jha exposed neighbor in a Muslim country indonesia आतंकवाद और पाकिस्तान में कोई भेद नहीं; मुस्लिम देश में बिहार के सांसद ने खोली पड़ोसी की पोल, India News in Hindi - Hindustan
More

आतंकवाद और पाकिस्तान में कोई भेद नहीं; मुस्लिम देश में बिहार के सांसद ने खोली पड़ोसी की पोल

संजय झा ने इंडोनेशिया की आतंकवाद विरोधी नीति की सराहना करते हुए कहा, “हर बातचीत में इंडोनेशिया की ओर से आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और स्पष्ट निंदा का संदेश मिला है।”

Thu, 29 May 2025 01:45 PMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
आतंकवाद और पाकिस्तान में कोई भेद नहीं; मुस्लिम देश में बिहार के सांसद ने खोली पड़ोसी की पोल

आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति को दोहराते हुए जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राज्यसभा सांसद संजय झा ने बुधवार को मुस्लिम बहुल देश इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में पाकिस्तान की पोल खोलकर रख दी। वहां के थिंक टैंक और शिक्षाविदों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत अब आतंकियों और उन्हें संरक्षण देने वाले राष्ट्रों में कोई भेद नहीं करेगा। आपको बता दें कि संजय झा बिहार से आते हैं और संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकी हमला भारत की शांति व्यवस्था को बिगाड़ने और समाज में विघटन फैलाने के लिए किया गया था। ऐसे हमलों के पीछे पाकिस्तान का नापाक इरादा है।”

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “भारत अब आतंकवाद और उसे प्रायोजित करने वाले देशों के बीच कोई फर्क नहीं करेगा। जो देश आतंकियों को शरण देते हैं, वे अब परमाणु हथियारों की आड़ में नहीं छिप सकते। भारत किसी भी परमाणु ब्लैकमेल को बर्दाश्त नहीं करेगा।”

इंडोनेशिया से मिला स्पष्ट समर्थन

संजय झा ने इंडोनेशिया की आतंकवाद विरोधी नीति की सराहना करते हुए कहा, “हर बातचीत में इंडोनेशिया की ओर से आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और स्पष्ट निंदा का संदेश मिला है।”

प्रतिनिधिमंडल के सदस्य और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा, “हम एक बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल हैं। सात अलग-अलग टीमें दुनियाभर में भारत की ओर से एकजुट आवाज पेश कर रही हैं। भारत और इंडोनेशिया के सामाजिक ताने-बाने में समानताएं हैं। दोनों देशों में बड़ी मुस्लिम आबादी है। हमारे दुश्मन इसी सामाजिक सौहार्द को तोड़ना चाहते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “इंडोनेशिया ने अतीत में आतंकवाद झेला है, इसलिए वह भारत की पीड़ा और चिंता को बेहतर समझता है। इसलिए आज हम यहां अपने मित्रों के साथ मिलकर यह रणनीति बनाने आए हैं कि हम मिलकर वैश्विक आतंकवाद को हमेशा के लिए कैसे समाप्त करें।”

प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को आसियान महासचिव काओ किम होर्न से भी भेंट की, जहां उन्होंने भारत और आसियान के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा की।

आपको बता दें कि इस प्रतिनिधिमंडल में संजय झा के साथ भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी, बृज लाला, प्रदान बरुआ, हेमांग जोशी, तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी, माकपा सांसद जॉन ब्रिटास, और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद व मोहन कुमार भी शामिल हैं।