NEET-UG पेपर लीक मामले में संसदीय समिति का ऐक्शन, NTA चेयरमैन प्रदीप जोशी तलब
नीट यूजी पेपर लीक मामले में संसदीय समिति ने एनटीए चेयरमैन प्रदीप कुमार जोशी को तलब किया है। कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता वाली समिति ने शिक्षा मंत्रालय के सचिव को भी तलब किया है।

नीट यूजी पेपर लीक के मामले में संसदीय समिति ने ऐक्शन लिया है। शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के चेयरमैन प्रदीप कुमार जोशी और अन्य अधिकारियों समेत शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को नीट पेपर लीक पर अब तक हुई जांच की जानकारी हासिल करने और नए सुधारों पर चर्चा करने लिए तलब किया है। राज्यसभा से सामने आए नोटिस के मुताबिक यह समिति एनटीए और शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से पेपर लीक के मामले पर और एनटीए में किए जा सकने वाले सुधारों पर अधिकारियों की राय लेगी।
राज्यसभा के नोटिस के मुताबिक कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता वाली इस समिति के एजेंडे में एनटीए के सुधारों पर के. राधाकृष्णन समिति की रिपोर्ट पर चर्चा और नीट पेपर लीक मामले की जांच की स्थिति पर अपडेट शामिल है।
गौरलतब है कि मेडीकल कॉलेजों की प्रवेश परीक्षा में इस वर्ष करीब 23 लाख अभ्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। बाद में इसके लीक होने की जानकारी सामने आने के बाद इसे रद्द कर दिया गया। एनटीए के मुताबिक, परीक्षा के संपन्न होने के चार दिन के बाद पेपर लीक की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इसे रद्द करने का फैसला लिया गया।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को ऐलान किया कि नीट-यूजी की परीक्षा 21 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष से मेडीकल प्रवेश परीङा कंम्यूटर आधारित प्रारूप में आयोजित की जाएगी।
इससे पहले, नीट यूजी पेपर लीक होने के बाद सरकार और एनटीए की लिखित शिकायत के आधार पर सीबीआई ने इस केस की जांच शुरू की। अब तक इस मामले में एक दर्जन से ज्यादा गिरफ्तारी हो चुकी हैं। इसमें बायोलॉजी और केमिस्ट्री के प्रोफेसर से लेकर आम छात्र भी शामिल हैं। सीबीआई लगातार इस मामले की जांच कर रही है। मामले के जानकार लोगों के मुताबिक अभी इस मामले में और भी परतें खुलना बाकी हैं।




साइन इन