अजित पवार की मौत कैसे हुई, विमान हादसे की जांच पर पहली रिपोर्ट कब आएगी; बड़ा अपडेट सामने
रोहित पवार ने बीते दिनों अपने पत्र में कहा, ''वीएसआर कंपनी और राममोहन नायडू की पार्टी (TDP) से इसके संबंधों को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। इन संबंधों की जांच एक स्वतंत्र और सक्षम बॉडी की ओर से की जानी चाहिए।''

केंद्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री और पुणे के सांसद मुरलीधर मोहोल ने एनसीपी नेता अजित पवार की मौत मामले में जांच को लेकर बड़ा बयान दिया है। रविवार को उन्होंने कहा कि पवार की जान लेने वाले विमान हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट 28 फरवरी को या उससे पहले जारी की जाएगी। पवार और चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को बारामती हवाई अड्डे के निकट एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। एक कार्यक्रम में पत्रकारों से बात करते हुए मोहोल ने कहा, ''प्रारंभिक रिपोर्ट घटना के दिन से एक महीने के भीतर, 28 फरवरी को या उससे पहले जारी कर दी जाएगी।''
इस घटना को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक और शरद पवार के भतीजे रोहित पवार ने कई संवाददाता सम्मेलन कर विमान कंपनी से जुड़ी कुछ अनियमितताओं और अन्य तकनीकी गड़बड़ियों का दावा किया था। उन्होंने साजिश की भी आशंका जताई थी। शनिवार को कर्जत-जामखेड के विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की कि दुर्घटना की जांच पूरी होने तक नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू को पद से इस्तीफा देने के लिए कहा जाए।
रोहित पवार ने भी उठाए सवाल
रोहित पवार ने पत्र में कहा, ''वीएसआर कंपनी और राममोहन नायडू की पार्टी (TDP) से इसके संबंधों को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। इन संबंधों की जांच एक स्वतंत्र और सक्षम प्राधिकार द्वारा की जानी चाहिए तथा अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से।'' पत्र की एक प्रति केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी भेजी गई है। मोहोल ने कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने पहले ही एक प्रेस बयान जारी कर दिया है जिसमें सर्वोच्च विमानन निकाय ने चल रही जांच से संबंधित सभी बातों पर स्पष्टीकरण दिया है।
रिपोर्ट जारी होने की क्या तारीख
मुरलीधर मोहोल ने कहा, ''एजेंसी की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि प्रारंभिक रिपोर्ट 28 फरवरी से पहले जारी कर दी जाएगी। जांच से जुड़ी हर जानकारी सबके सामने रखी गई है और रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी। मैं किसी की भी टिप्पणी पर कुछ नहीं कहना चाहता।" नागर विमानन मंत्रालय ने 19 फरवरी को कहा था कि दुर्घटना के 30 दिनों के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट जारी कर दी जाएगी।




साइन इन