'ट्रंप ने भारत को 'हेल होल' कहा था'; इस सवाल से असहज नजर आए रूबियो, क्या बोले?
भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान की वजह से असहजता का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को एक बार फिर से रूबियो से अमेरिका में भारतीयों के ऊपर होने वाली नस्लीय टिप्पणियों को लेकर सवाल पूछा गया।

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो इन दिनों भारत की यात्रा पर आए हुए हैं। तमाम अच्छी बातों दे बीच रूबियो को ट्रंप के बयान के चलते असहजता का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, वह इसे खारिज कर रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी यह सवाल बार-बार उनके सामने आ रहा है। सोमवार को आगरा दौरे पर पहुंचे रुबियो को एक बार फिर से डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा भारतीयों पर किए गए नस्लवादी कमेंट का सामना करना पड़ा। इसका जवाब देते हुए अमेरिका विदेश मंत्री थोड़े असहज नजर आए।
दरअसल, यह पूरा मामला रविवार को विदेश मंत्री जयशंकर के साथ हुई रूबियो की प्रेस कॉन्फ्रेंस से शुरू हुआ था। इस दौरान एक रिपोर्टर ने डोनाल्ड ट्रंप की एक पोस्ट का संकेत देते हुए अमेरिका में भारतीयों के ऊपर होने वाले नस्लीय हमलों को लेकर सवाल पूछा था। उस समय पर रूबियो ने कहा कि हर देश में ऐसे कुछ बेवकूफ लोग होते हैं। हालांकि, बाद में रिपोर्टर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर बताया कि वह डोनाल्ड ट्रंप के भारत को नरक का द्वार बताने वाले कमेंट का जिक्र कर रहे थे।
इसके बाद सोमवार को आगरा घूमने पहुंचे रूबियो एक बार फिर मीडिया के सामने थे। इस दौरान उनसे एक पत्रकार ने अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी के बारे में पूछा। इस पर रूबियो ने जवाब दिया कि उन्हें नहीं पता कि कल और आज पत्रकार किसके बारे में बात कर रहे हैं।
इसके बाद पत्रकार ने ट्रंप की उस टिप्पणी का जिक्र किया। इस पर रूबियो ने कहा, "खैर, मैंने कल भी पत्रकार को यह साफ करने का मौका दिया था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। दूसरी तरफ जहां तक राष्ट्रपति ट्रंप का सवाल है, तो वह भारत से प्यार करते हैं। उन्होंने कल रात में ही यह बात कही थी। क्या आप लोग वहां थे, जब उन्होंने कार्यक्रम के दौरान ही कॉल किया था? वह भारत के बहुत बड़े प्रशंसक हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। राष्ट्रपति चाहते थे, इसलिए मैं यहां हूं। अगर वह ऐसा नहीं चाहते, तो मैं यहां पर नहीं होता। दूसरी तरफ उन्होंने हमारे राजदूत के रूप में सर्जियो जैसे व्यक्ति को भी नहीं भेजा होता, जो राष्ट्रपति के बहुत करीबी हैं।"
ट्रंप की पोस्ट पर विवाद
यह पूरा विवाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस रिपोस्ट से जुड़ा हुआ है, जिसमें उन्होंने एक पॉडकॉस्टर की पोस्ट को रिशेयर किया था। इसमें उसने भारत को नरक कहा था। इसके साथ ही उसने भारतीयों के ऊपर अमेरिका नागरिकता नियमों का गलत उपयोग करने का भी आरोप लगाया था।
उस समय पर भारतीय विदेश विभाग ने ट्रंप का नाम लिए बिना इस पर टिप्पणी की थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि यह बयान निश्चित रूप से भारत और अमेरिका के रिश्तों को प्रदर्शित नहीं करते हैं।
गौरलतब है रविवार को ब्रीफिंग के दौरान रूबियो ने भी नस्लीय टिप्पणियों को लेकर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा, "मैं ऐसे बयानों को बहुत गंभीरता से लूंगा। मुझे यकीन है कि कुछ लोगों ने ऑनलाइन और दूसरी जगहों पर ऐसी टिप्पणियां की होंगी। दुनिया के हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं। मुझे यकीन है कि यहां भी बेवकूफ लोग हैं। अमेरिका में भी ऐसे लोग हैं, जो हर समय मूर्खता पूर्ण बातें करते रहते हैं।"




साइन इन