मुस्लिमों पर था ममता को गुमान, बंगाल के उन इलाकों में भी BJP के पक्ष में रुझान; TMC से मोहभंग?
जांगीपारा सीट की बात करें तो यहां भाजपा के उम्मीदवार प्रसन्नजीत बाग 2915 मतों से आगे चल रहे हैं। मुर्शिदाबाद से टीएमसी शाओनी सिंह रॉय को उतारा था। वह भाजपा के गौरी शंकर घोष से 22 हजार से अधिक मतों से पीछे चल रही हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) को बड़ा झटका लगा है। 8 बजे से शुरू हुई काउंटिंग के शुरुआती 4 घंटे के रुझान हैं उसके मुताबिक यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत होती दिख रही है। ममता बनर्जी के लिए चिंता की बात यह है कि जिस मुस्लिम वोट पर उनकी पार्टी को गुमान था, उसमें भी सेंध लगती दिख रही है। कई मुस्लिम बहुल इलाकों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। इसके कई कारण हो सकते हैं। जैसे टीएमसी को डर था कि एसआईआर में मुस्लिम वोट कटने से उसे नुकसान हो सकता है। वहीं, हिंदुओं ने इस चुनाव में खुलकर मतदान किया है। कुछ ऐसी सीटें ऐसी भी हैं जहां कांग्रेस टीएमसी के लिए वोटकटवा साबित होती दिख रही है।
शुरुआती रुझानों में भाजपा कई मुस्लिम बहुल सीटों पर भी बढ़त बनाए हुई है। उनमें जांगीपारा, मुर्शिदाबाद, मालदा, मोथाबाड़ी और रतुआ जैसी विधानसभा सीट है। शुभेंदु अधिकारी ने भी यह दावा किया कि इस चुनाव में हिंदू मतदाता कमल यानी भाजपा के पक्ष में पूरी तरह एकजुट दिखे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस बार मुस्लिम मतदाताओं ने एकतरफा TMC को वोट नहीं दिया है। मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर जैसे जिलों में मुस्लिम वोटों का विभाजन हुआ है।
टीएमसी के वोट बैंक में कांग्रेस ने लगाई सेंध
जांगीपारा सीट की बात करें तो यहां भाजपा के उम्मीदवार प्रसन्नजीत बाग 2915 मतों से आगे चल रहे हैं। मुर्शिदाबाद से टीएमसी शाओनी सिंह रॉय को उतारा था। वह भाजपा के गौरी शंकर घोष से 22 हजार से अधिक मतों से पीछे चल रही हैं। कांग्रेस ने यहां अलि सिद्दिकी को उतारा था। मालदा जैसी सीट पर भी भाजपा कैंडिडेट गोपाल चंद्र साह लगभग 300 मतों से आगे चल रहे हैं। मुस्लिम बहुल मोथाबाड़ी विधानसभा सीट के नतीजें तो चौंकाने वाले हैं। भाजपा के निबार्ण घोष यहां 5000 से अधिक मतों से आगे हैं। टीएमसी ने यहां इस्लाम नजरूल को मैदान में उतारा था। वहीं कांग्रेस के सयेम चौधरी को भी 5600 मत मिले हैं। कांग्रेस ने यहां टीएमसी के वोट बैंक में सेंध लगाई है।
पश्चिम बंगाल की रतुआ विधानसभा सीट भी मुस्लिम बहुल सीट है। यहां टीएमसी के समर मुखर्जी और भाजपा के अभिषेक सिंघानिया के बीच सीधी लड़ाई है। भाजपा यहां 6 राउंड के बाद 13 हजार से अधिक मतों से आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस ने यहां आलम मोत्तकिन को मैदान में उतारा था।
आपको बता दें कि 293 में से 181 पर आगे चल रही है। वहीं, टीएमसी को सिर्फ 100 सीटों पर संतोष करना पड़ रहा है। अभी भी पांच सीटों के रुझान आने अभी भी बाकी हैं। किसी भी पार्टी को यहां सरकार बनाने के लिए 147 सीटों की जरूरत होती है। भाजपा उसे आसानी से पार करती दिख रही है। इस चुनाव में मुस्लिम मतदाता टीएमसी के लिए एक्स फैक्टर साबित होते दिख रहे हैं।




साइन इन