ममता बनर्जी का दिया कपड़ा तक नहीं चाहिए, सारे गिफ्ट लौटा रहे यह नेता; क्यों हैं नाराज
रविवार को लोकसभा सांसद काकोली घोष दस्तीदार समेत 20 सांसदों के बागी गुट ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को समर्थन पत्र सौंपा है। अटकलें हैं कि आन वाले दिनों में टीएमसी के और भी सांसद और विधायक पार्टी से अलग रुख अपना सकते हैं।

तृणमूल कांग्रेस की बागी सांसद काकोली घोष दस्तीदार के बेटे डॉ वैद्यनाथ घोष ने रविवार को कहा कि वह पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा उन्हें और उनकी पत्नी को दिए गए तोहफे लौटा देंगे। उन्होंने इसके लिए 'हाल की घटनाओं' और 'अपनी अंतरात्मा' का हवाला दिया। घोष ने यह भी कहा कि ममता बनर्जी और तृणमूल के कई ऐसे सांसदों को कानूनी नोटिस भेजा जाएगा, जिन्होंने कथित तौर पर उनके खिलाफ कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। ये ऐसे सांसद हैं जो तृणमूल के बागी गुट का हिस्सा नहीं हैं।
कर दिया गिफ्ट लौटाने का ऐलान
वैद्यनाथ घोष का यह बयान तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व और उनकी मां के नेतृत्व वाले पार्टी सांसदों के बागी गुट के बीच बढ़ते राजनीतिक टकराव के बीच आया है। उन्होंने पोस्ट किया, 'मैं ममता बनर्जी की ओर से मेरी पत्नी को हमारी शादी में मिली सोने की चेन और मुझे दुर्गा पूजा के दौरान तोहफे में मिले कुर्ता-पायजामा लौटा रहा हूं। मैं इस तोहफे के लिए आभारी रहा, लेकिन हाल की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए और अपनी अंतरात्मा की आवाज को सुनते हुए इन तोहफों को लौटाना ही सही है।'
सांसद ने कर दी तारीफ
सोशल मीडिया पर अपने बेटे की पोस्ट साझा करते हुए, बारासात की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने उनके फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा, 'मुझे तुम पर और तुम्हारी पत्नी पर गर्व है।'
नोटिस भेजने की तैयारी
घोष ने यह भी कहा कि उनके एवं उनके परिवार के बारे में कथित तौर पर की गई टिप्पणियां करने को लेकर उनके वकील बनर्जी और तृणमूल के अन्य सांसदों को कानूनी नोटिस भेजेंगे। उन्होंने कहा, 'हम सोमवार या मंगलवार को ममता बनर्जी, कल्याण बनर्जी, महुआ मोइत्रा, सौगत रॉय और सोनाली गुहा को कानूनी नोटिस भेजेंगे। हम चाहते हैं कि तृणमूल प्रमुख और अन्य लोग अपनी टिप्पणियां वापस लें।'
किस बात से हैं नाराज
घोष के अनुसार, ममता बनर्जी ने लगभग एक महीने पहले प्रेसवार्ता में तृणमूल की एक सांसद का जिक्र किया था, जो कथित तौर पर अपने बेटे के लिए चुनाव का टिकट न मिलने के बाद पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सीधे तौर पर उनकी मां या उनका नाम नहीं लिया गया, लेकिन इशारा उनके परिवार की ही तरफ था।
खबरें हैं कि लोकसभा में बागी हुए TMC सांसदों की अगुवाई काकोली घोष ही कर रहीं हैं। रविवार को इस गुट ने लोकसभा स्पीकर को पत्र सौंपा है, जिसमें NDA को समर्थन देने की बात कही गई है।




साइन इन