Mallikarjun Kharge post BJP a matchstick which burnt Manipur he targets PM Modi 'बीजेपी माचिस की तीली जिसने मणिपुर को जलाया', मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, India News in Hindi - Hindustan
More

'बीजेपी माचिस की तीली जिसने मणिपुर को जलाया', मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

  • मल्लिकार्जुन खरगे ने पोस्ट में कहा, ‘मणिपुर में ताजा हिंसा तब देखी गई जब भीड़ ने कांगपोकपी जिले में पुलिस अधीक्षक पर हमला कर दिया, जिसके चलते वह घायल हो गए। आपके अक्षम और बेशर्म मुख्यमंत्री ने खेद तो जताया, मगर राज्य में आपकी अनुपस्थिति को उजागर भी कर दिया।’

Sat, 4 Jan 2025 02:44 PMNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
'बीजेपी माचिस की तीली जिसने मणिपुर को जलाया', मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

मणिपुर के कांगपोकपी में भीड़ ने पुलिस अधीक्षक (SP) के कार्यालय पर शुक्रवार शाम हमला कर दिया। सैबोल गांव से केंद्रीय बलों को नहीं हटाए जाने को लेकर यह अटैक किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक घायल हो गए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके कहा, 'नरेंद्र मोदी जी, आपने मणिपुर की आखिरी यात्रा जनवरी 2022 में बीजेपी के लिए वोट मांगने के लिए की थी। यहां 3 मई 2023 से हिंसा भड़की हुई है। 600 से अधिक दिन बीत चुके हैं। सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि राज्य में एक के बाद एक गांव मिटा दिए गए हैं।' उन्होंने मणिपुर के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता एन बीरेन सिंह पर भी सवाल उठाए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मणिपुर में फिर झड़प, कूकी प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों में भिड़ंत; एसपी घायल
ये भी पढ़ें:मणिपुर क्यों नहीं जाते हैं PM मोदी? कांग्रेस के सवाल पर CM बीरेन सिंह का जवाब

मल्लिकार्जुन खरगे ने पोस्ट में कहा, 'मणिपुर में ताजा हिंसा तब देखी गई जब भीड़ ने कांगपोकपी जिले में पुलिस अधीक्षक पर हमला कर दिया, जिसके चलते वह घायल हो गए। आपके अक्षम और बेशर्म मुख्यमंत्री ने खेद तो जताया, मगर राज्य में आपकी अनुपस्थिति को उजागर भी कर दिया। 250 से अधिक निर्दोष लोगों की मौत हुई और 60 हजार लोगों के विस्थापित होना पड़ा। लोग बीते 20 महीने से शिविरों में रह रहे हैं। हम पूरी जिम्मेदारी से दोहरा रहे हैं कि इस खूबसूरत सीमावर्ती राज्य का माहौल बिगाड़े रखने में भाजपा के कुछ निहित स्वार्थ हैं। सुप्रीम कोर्ट भी कह चुका है कि शांति और सामान्य स्थिति सुनिश्चित करना केंद्र और राज्य सरकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।'

कांग्रेस अध्यक्ष ने अपनी पोस्ट में कहा कि 6 दिसंबर को मणिपुर में भारतीय पार्टियों ने आपसे 3 मांगें रखी थीं...

1. साल 2024 समाप्त होने से पहले मणिपुर का दौरा करें, मगर आप नहीं गए।

2. नई दिल्ली में अपने कार्यालय में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बुलाएं, लेकिन ऐसा नहीं किया।

3. आप खुद को सीधे तौर पर मणिपुर से जोड़ें, मगर ऐसा लगता नहीं कि आपने यह किया है।

मई 2023 से मेइती-कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भाजपा वह माचिस है जिसने मणिपुर को जला दिया! मालूम हो कि मई 2023 से मेइती और कुकी समुदायों के बीच जातीय हिंसा जारी है। इन घटनाओं में 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हुए हैं। कुकी संगठन सैबोल गांव में बीते 31 दिसंबर को सुरक्षा बलों की ओर से महिलाओं पर लाठीचार्ज किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच, सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को जिले के लोइबोल खुनोउ इलाके से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। पुलिस ने बताया कि 7.62 मिमी स्नाइपर राइफल, लंबी दूरी की क्षमता वाला मोर्टार (जिसे स्थानीय रूप से पंपी कहा जाता है), मैगजीन के साथ 9 मिमी की तीन पिस्तौल, 12 बोर की बंदूक, एक एसबीबीएल बंदूक, 10 गोला-बारूद, तीन हथगोले, तीन पिकेट ग्रेनेड, आंसू गैस के 2 ग्रेनेड और एक वायरलेस सेट बदामद किया गया।