लोकसभा में नहीं पास हो सका महिला आरक्षण बिल, विपक्ष ने नहीं दिया साथ lok sabha parliament proceeding nari shakti vandan adhiniyam pm modi live updates - national news
More
Hindi Newsदेशलोकसभा में नहीं पास हो सका महिला आरक्षण बिल, विपक्ष ने नहीं दिया साथ

लोकसभा में नहीं पास हो सका महिला आरक्षण बिल, विपक्ष ने नहीं दिया साथ

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: परिसीमन और महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए चर्चा के उद्देश्य से तीन दिवसीय संसद का विशेष सत्र चल रहा है। आज इसका दूसरा दिन है। लोकसभा में कुल सदस्यों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है।

लोकसभा में नहीं पास हो सका महिला आरक्षण बिल, विपक्ष ने नहीं दिया साथ

Parliament

Ankit Ojha| लाइव हिन्दुस्तान | Fri, 17 Apr 2026 08:00 PM
हमें फॉलो करें

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: महिला आरक्षण विधेयक में संशोधन और परिसीमन बिल 2026 को लेकर तीन दिनों का संसद का विशेष सत्र चल रहा है। 16 अप्रैल से शुरू हुए इस सत्र का आज दूसरा दिन है। इस सत्र का उद्देश्य लोकसभा सदस्यों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 तक करने के लिए परिसीमन और महिला आरक्षण पर चर्चा है। कुल सीटों की 33 फीसदी सीटों महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी। यह व्यवस्था 15 सालों के लिए लागू की जाएगी और संसद चाहे तो इसे बढ़ा सकती है।

महिला आरक्ष कानून लागू

महिला आरक्षण अधिनियम 2023 गुरुवार से लागू हो गया। केंद्रीय विधि मंत्रालय द्वारा जारी एक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। हालांकि, यह तुरंत पता नहीं चल पाया है कि संसद में इस कानून में संशोधन करने और इसे 2029 में लागू करने पर जारी चर्चा के बीच 2023 के अधिनियम को 16 अप्रैल से प्रभावी क्यों अधिसूचित किया गया। कानून को लागू करने के संबंध में एक अधिकारी ने ''तकनीकी खामियों'' का हवाला दिया, लेकिन इसके बारे में विस्तार से नहीं बताया। अधिकारी ने कहा कि हालांकि अधिनियम लागू हो चुका है, लेकिन मौजूदा सदन में आरक्षण को क्रियान्वित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इसे अगली जनगणना के आधार पर परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही क्रियान्वित किया जा सकता है। अधिसूचना के अनुसार, संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम, 2023 की धारा 1 की उपधारा (2) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, केंद्र सरकार एतद्द्वारा 16 अप्रैल, 2026 को वह तिथि घोषित करती है जिस दिन से उक्त अधिनियम के प्रावधान लागू होंगे।

सितंबर 2023 में, संसद ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' पारित किया था, जिसे आमतौर पर महिला आरक्षण अधिनियम के रूप में जाना जाता है, जो विधायी निकायों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अधिनियम में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीट आरक्षित करने का प्रावधान किया गया है। 2023 के कानून के तहत, आरक्षण 2034 से पहले लागू नहीं हो पाता, क्योंकि यह 2027 की जनगणना के बाद परिसीमन प्रक्रिया के पूरा होने से जुड़ा हुआ है।

17 Apr 2026, 07:48:43 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: संविधान का 131वां संशोधन विधेयक पास नहीं हुआ

ओम बिरला ने लोकसभा में कहा कि संविधान (131वां संशोधन) विधेयक सदन में मतदान के दौरान आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका, इसलिए यह पारित नहीं हो पाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संवैधानिक संशोधन के लिए निर्धारित बहुमत अनिवार्य होता है और इसके अभाव में विधेयक को मंजूरी नहीं दी जा सकती।

17 Apr 2026, 07:41:52 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: लोकसभा में तीन विधेयकों पर वोटिंग

लोकसभा में तीन महत्वपूर्ण विधेयकों - द कॉन्स्टिट्यूशन (131वां संशोधन) बिल 2026, यूनियन टेरिटरीज लॉज (संशोधन) बिल 2026 और परिसीमन बिल 2026 - पर मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन विधेयकों को लेकर सदन में व्यापक चर्चा के बाद अब निर्णय की दिशा में अगला कदम उठाया जा रहा है, जिससे देश की संवैधानिक और प्रशासनिक व्यवस्था में अहम बदलाव संभव हैं।

17 Apr 2026, 07:39:07 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पर मतदान

संविधान (131वां संशोधन) विधेयक के पक्ष में 278 और विपक्ष में 211 वोट पड़े। लोकसभा में 489 सदस्यों ने मतदान किया।

17 Apr 2026, 07:09:26 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: दक्षिणी राज्यों की सीटों पर क्या बोले

अमित शाह ने लोकसभा में कहा कि कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल - इन पांच राज्यों की 543 संसदीय सीटों में वर्तमान हिस्सेदारी 129 सीटें है, जो 23.76% बनती है। उन्होंने बताया कि 50% सीटों की वृद्धि के बाद जब इन राज्यों को नई सीटें आवंटित की जाएंगी, तो उनकी संख्या 129 से बढ़कर 195 हो जाएगी, जो 816 सीटों में 23.87% के बराबर होगी। शाह ने जोर देकर कहा कि इस प्रक्रिया में किसी भी राज्य को नुकसान नहीं होगा।

17 Apr 2026, 06:58:27 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को उत्तर-दक्षिण या पूर्व-पश्चिम जैसे नैरेटिव के आधार पर बांटना नहीं चाहिए और सभी को इससे ऊपर उठना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि संसद में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के समान अधिकार हैं और देश की एकता व अखंडता को बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है।

17 Apr 2026, 06:56:36 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: जाति जनगणना पर क्या बोले गृह मंत्री

अमित शाह ने लोकसभा में कहा कि 140 करोड़ भारतीयों के मन में किसी भी तरह का भ्रम न रहे, इसलिए वह स्पष्ट करना चाहते हैं कि नरेंद्र मोदी की कैबिनेट ने 2026 की जनगणना के साथ ही जाति जनगणना कराने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह स्पष्ट है और पारदर्शिता के साथ देशहित में निर्णय ले रही है।

17 Apr 2026, 06:45:10 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: महिला आरक्षण कानून पर क्या बोले अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में कहा कि अगर 543 सीटों के आधार पर महिला आरक्षण लागू किया जाए तो तमिलनाडु में 13 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी और 26 सीटें सामान्य रहेंगी। उन्होंने आगे कहा कि अगर 2011 की जनगणना के आधार पर आरक्षण लागू किया जाए तो संसद की सीटों में 6 की कमी आ सकती है, लेकिन सरकार ऐसा नहीं कर रही है। इसके बजाय सरकार हर राज्य में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है, ताकि प्रतिनिधित्व को और व्यापक बनाया जा सके।

17 Apr 2026, 06:37:03 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: परिसीमन पर क्या बोले अमित शाह

अमित शाह ने लोकसभा में कहा कि वह सभी को आश्वस्त करते हैं कि अगर वे परिसीमन के लिए सरकार का समर्थन करते हैं, तो हर निर्वाचन क्षेत्र में प्रत्येक वोट का मूल्य समान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य सभी मतदाताओं को बराबरी का अधिकार देना है, ताकि लोकतंत्र और अधिक संतुलित और न्यायसंगत बन सके।

17 Apr 2026, 06:30:48 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: 'संसद में महिलाओं की आवाज पहले से अधिक मजबूत'

अमित शाह ने लोकसभा में कहा कि इस महत्वपूर्ण संवैधानिक संशोधन विधेयक पर सदन में करीब 133 सांसदों ने अपनी बात रखी, जिनमें 56 महिला सदस्य शामिल थीं। उन्होंने इसे अपने आप में एक रिकॉर्ड बताते हुए कहा कि यह संख्या दर्शाती है कि महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और संसद में उनकी आवाज पहले से अधिक मजबूत हुई है।

17 Apr 2026, 06:26:35 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: अगर और लेकिन का सहारा लेकर विरोध- अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन विधेयक पर बहस का जवाब देते हुए कहा, 'महिला आरक्षण का किसी ने विरोध नहीं किया है, लेकिन बारीकी से देखें तो इंडी गठबंधन के सभी सदस्यों ने अगर और लेकिन का सहारा लेकर इसका विरोध किया है।'

17 Apr 2026, 06:24:21 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: संसद में बोल रहे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन विधेयक पर बहस का जवाब देते हुए कहा, 'परिसीमन का विरोध करने वाले वास्तव में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की सीटों में वृद्धि का विरोध कर रहे हैं।'

17 Apr 2026, 05:13:57 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: 'मैजिशियन शब्द अनपार्लियामेंट्री नहीं'

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मैजिशियन वाले बयान पर डीएमके सांसद टीआर बालू ने कहा कि मैजिशियन शब्द अनपार्लियामेंट्री नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह बिल सदन के फ्लोर पर ही हार जाएगा। बालू ने स्पष्ट किया कि यह शब्द पूरी तरह संसदीय मर्यादा के दायरे में है और विपक्ष इस विधेयक को हराने के लिए पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेगा।

17 Apr 2026, 04:48:40 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने क्या कहा

लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण पर कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि जब भी विपक्ष के नेता राहुल गांधी बोलते हैं, सरकार उन्हें बीच में रोकती है और अब उनकी स्पीच को हटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने जादूगर की कहानी सुनाई थी, लेकिन सरकार इसे प्रधानमंत्री मोदी से जोड़ने लगी। टैगोर ने पूछा कि राहुल गांधी ने सिर्फ एक कहानी सुनाई थी, फिर सरकार हर बात को पीएम मोदी से क्यों जोड़ती है? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संसद में राहुल गांधी को बोलने ही नहीं देना चाहती।

17 Apr 2026, 04:20:04 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: हरसिमरत कौर बादल ने केंद्र को घेरा

शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा, 'वे महिला आरक्षण के बहाने परिसीमन कराना चाहते हैं। संशोधनों के जरिए वे जनगणना को हमेशा के लिए खत्म करना चाहते हैं, जो परिसीमन के लिए जरूरी थी। वे बनावटी तरीके से देश का नक्शा बदलना चाहते हैं। आप सिर्फ नक्शा नहीं बदल रहे बल्कि सत्ता के समीकरण भी बदल रहे हैं। इनमें से किसी भी बात का उनके पास कोई जवाब नहीं है।'

17 Apr 2026, 04:15:22 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: भाजपा सांसद हेमा मालिनी की प्रतिक्रिया

लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण पर भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा, 'मैं सिर्फ इतना कह सकती हूं कि यह मनोरंजक तो था, लेकिन इसमें कुछ ठोस नहीं था। प्रधानमंत्री को जादूगर कहना सही नहीं है। यह असंसदीय है।'

17 Apr 2026, 04:13:53 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: राहुल गांधी के भाषण पर कंगना रनौत

लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण पर भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा, 'उनकी बात सुनना इतना सिरदर्द भरा था। वे अपने बचपन के ट्रॉमा से गुजर रहे हैं और बचपन में देखे गए जादू के शो के बारे में बता रहे हैं। यह एक उपद्रव था। चेयर ने भी उन्हें रोकने को कहा। उन्होंने संसद का मजाक उड़ाया है।'

17 Apr 2026, 04:12:31 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: जादूगर वाली टिप्पणी पर क्या बोले राहुल गांधी

अपनी जादूगर वाली टिप्पणी पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि यह एक पहेली है, मैं उत्तर इतनी आसानी से नहीं बता सकता। अगर मुझे इसका समाधान मिलता है तो मैं आपको बताऊंगा कि यही है।

17 Apr 2026, 03:37:57 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: राहुल गांधी ने पीएम मोदी को बताया जादूगर

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जादूगर बताया। उन्होंने कहा कि हर कोई जानता है कि इस जादूगर और उस व्यवसायी के बीच साझेदारी है।

17 Apr 2026, 03:31:52 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: राज्यसभा में क्या बोले राघव चड्ढा

राज्यसभा में बोलते हुए आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि मेरी पार्टी के नेता सदन में मौजूद नहीं हैं, साथ ही हाल ही में नियुक्त नए उपनेता भी अनुपस्थित हैं, जबकि हाल ही में हटाए गए उपनेता के रूप में मैं सदन में उपस्थित हूं। उन्होंने उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह को उनके तीसरे कार्यकाल के लिए बधाई दी और अपने साथ उनके मीठे-खट्टे संबंधों को अब मीठा बनाने का संकल्प जताया। साथ ही उन्होंने सभापति सी.पी. राधाकृष्णन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके कार्यभार संभालने के बाद शून्यकाल में सांसदों को बोलने के लिए पर्याप्त समय मिल रहा है।

17 Apr 2026, 03:20:45 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: प्रतिनिधित्व छीन लेने का लगाया आरोप

राहुल गांधी ने संसद में कहा कि भाजपा दक्षिण भारतीय राज्यों, पूर्वोत्तर के राज्यों और छोटे राज्यों को यह संदेश दे रही है कि अपनी सत्ता बरकरार रखने के लिए हम आपका प्रतिनिधित्व छीन लेंगे। उन्होंने इसे राष्ट्र-विरोधी कार्य करार देते हुए कहा कि यह पूरी तरह से एक एंटी-नेशनल एक्ट है और हम आपको ऐसा करने की अनुमति नहीं देंगे।

17 Apr 2026, 03:18:19 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: भाजपा को राहुल गांधी ने घेरा

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा देश की राजनीति में हो रहे बदलाव से डरी हुई है, अपनी ताकत के क्षरण से भयभीत है और इसलिए भारतीय राजनीतिक नक्शे को फिर से गढ़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने यह असम और जम्मू-कश्मीर में किया और अब पूरे भारत में करने की कल्पना कर रही है, लेकिन ऐसा करने के लिए संवैधानिक संशोधन की जरूरत है।

17 Apr 2026, 03:10:43 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: अमित शाह पर लगाया आरोप

राहुल गांधी ने संसद में कहा कि यह मनुवाद बनाम संविधान की लड़ाई है। उन्होंने अमित शाह पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने चालाकी से दो बार दोहराया कि घरों में जाति नहीं होती, लेकिन असली मुद्दा यह है कि क्या जाति जनगणना का इस्तेमाल संसद और राज्य विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व के लिए किया जाएगा या नहीं। राहुल गांधी ने आगे कहा कि अब सरकार जो प्रयास कर रही है, वह यह है कि अगले 15 वर्षों तक जाति जनगणना का प्रतिनिधित्व से कोई लेना-देना नहीं होगा।

17 Apr 2026, 03:08:59 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: जाति जनगणना पर राहुल गांधी ने घेरा

राहुल गांधी ने संसद में कहा कि भारतीय समाज ने दलितों, पिछड़ों (OBC) और उनकी महिलाओं के साथ ऐतिहासिक रूप से अन्याय किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जाति जनगणना को बायपास करने की कोशिश कर रही है, ताकि उनके ओबीसी भाई-बहनों को सत्ता और प्रतिनिधित्व न दिया जा सके। उनसे सत्ता छीनी जा सके।

17 Apr 2026, 02:58:04 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: 'भारत के चुनावी नक्शे को बदलने का प्रयास'

लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन पर विशेष सत्र के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, 'पहली सच्चाई यह है कि यह महिला विधेयक नहीं है। इसका महिला सशक्तिकरण से कोई लेना-देना नहीं है। यह भारत के चुनावी नक्शे को बदलने का एक प्रयास है।'

17 Apr 2026, 02:56:25 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: राहुल गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी को किया याद

राहुल गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा, ‘मेरे पेरेंट्स डिनर के लिए गए थे। इसी दौरान मेरी दादी मुझे साथ लेकर गईं और एक अंधेरे गार्डन में मुझे छोड़ दिया। फिर वह चली गईं। मुझे दूर से ही उनकी साड़ी दिख रही थी, लेकिन अंधेरे में मेरी तो हवा निकल गई। वह पूरा वाकया दो से तीन मिनट का ही था, लेकिन मेरे लिए तो दो घंटे के बराबर था। फिर मैंने देखा कि मेरी दादी आ रही हैं। उन्होंने पूछा कि मैं किस बात से डर रहा था। मैंने कहा कि मैं उस डॉग से डर रहा था, जिसके बारे में पता तक नहीं कि वह आकर काट लेगा। मुझे उन चीजों से भी डर लग रहा था, जो वहां थी ही नहीं। इस पर दादी ने कहा कि तुम्हें अंधेरे से या किसी अन्य चीज से डर नहीं लग रहा था। डर तो वास्तव में तुम्हारे दिमाग के अंदर था।’

17 Apr 2026, 02:52:04 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: यह सरकार डरी हुई है- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि यह सरकार भी ऐसे ही डरी हुई है। यह सरकार अंधेरे में जाना ही नहीं चाहती यानी समस्याओं से बच रही है। अगर आप समाधान चाहते हैं तो समस्याओं के पार जाना होगा।

17 Apr 2026, 02:49:10 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: संसद में बोले रहे राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महिला आरक्षण और परिसीमन पर संसद के विशेष सत्र के दौरान कहा, 'महिलाएं हमारे राष्ट्रीय कल्पना की प्रेरक शक्ति हैं। हम सभी अपनी जिंदगी में महिलाओं से बहुत कुछ सीखा है, प्रभावित हुए हैं और उनसे बहुत ज्ञान प्राप्त किया है।'

17 Apr 2026, 02:36:00 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: संसद पहुंचे राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार दोपहर को संसद पहुंचे। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद संसद में उनका संबोधन होना है। राहुल गांधी महिला आरक्षण बिल पर अपने विचार जाहिर कर सकते हैं।

17 Apr 2026, 02:25:40 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: ध्यान हटाने के लिए लाया गया- बघेल

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने महिला आरक्षण बिल पर कहा, 'ये बिल तो 2023 में पास हो गया था और यही भाजपा है जो इसे राज्यसभा में पारित करवा दिया। लेकिन लोकसभा में समर्थन नहीं किया था और कांग्रेस इसे पूरा समर्थन दिया और 2023 में सर्वसम्मति से पास हुआ था तो इस लाने की जरूरत तो थी नहीं अभी ये परिसीमन के लिए लाए हैं और महत्वपूर्ण बात है कि तेल की कीमत बढ़ने वाली है इससे ध्यान हटाने के लिए इसे लाया गया है।'

17 Apr 2026, 02:08:20 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: पीएम मोदी की अपील

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी सांसदों से अपील की है कि वे इस अधिनियम के समर्थन में वोटिंग करें। प्रधानमंत्री ने कहा, आजादी के इतने दशकों बाद भी भारत की महिलाओं का निर्णय प्रक्रिया में इतना कम प्रतिनिधित्व रहे, ये ठीक नहीं अब कुछ ही देर लोकसभा में मतदान होने वाला है। मैं सभी राजनीतिक दलों से आग्रह करता हूं… अपील करता हूं... कृपया करके सोच-विचार करके पूरी संवेदनशीलता से निर्णय लें, महिला आरक्षण के पक्ष में मतदान करें।

17 Apr 2026, 01:48:22 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: महिला आरक्षण विधेयक केवल मुखौटा- डिंपल यादव

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला आरक्षण का मुखौटा पहनकर परिसीमन के जरिये खुद को सशक्त बनाना चाहती है। उन्होंने लोकसभा में महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित 'संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026', 'परिसीमन विधेयक, 2026' और 'संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026' पर चर्चा में भाग लेते हुए यह दावा भी किया कि सरकार विधेयक को लेकर जल्दबाजी दिखा रही है क्योंकि वह जाति जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन नहीं चाहती। डिंपल ने कहा, ''सपा चाहती है कि इसमें ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) और अल्पसंख्यक महिलाओं को भी अलग से आरक्षण मिले...।''

17 Apr 2026, 01:26:04 PM IST

Delimitaion Bill: देश के साथ अन्याय कर रही सरकार- हैबी ईडन

Delimitaion Bill: कांग्रेस सांसद हैबी ईडन ने कहा, पीएम मोदी ने काला धन वापस लाने का वादा किया था। यह सरकार केवल वादे करती है। आज कई राज्यों की प्रतिनिधित्व की छीना जा रहा है। ऐसे में देश के साथ न्याय कैसे होगा।

17 Apr 2026, 01:15:50 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: विपक्ष पर बरसीं अनुप्रिया पटेल

Nari Shakti Vandan Adhiniyam:अनुप्रिया पटेल ने कहा कि जो लोग आज नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर रहे हैं वे तब कोई काम नहीं कर पाए जब उनकी सरकार थी। उन्होंने कहा कि मार्च 2027 तक जातिगत जनगणना के भी आंकड़े आ जाएंगे। उन्होंने कहा, हमारे मित्र यह भी सवाल उठा रहे थे कि चुनावी लाभ के लिए हमने इस विशेष सत्र को बुलाया है। कुछ राज्यों के चुनाव तो 9 अप्रैल के खत्म हो गए हैं। कुछ ही राज्यों के बाकी रह गए हैं।

17 Apr 2026, 01:13:28 PM IST

Rajya Sabha: राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

Rajya Sabha: राज्यसभा की बैठक शुक्रवार को मनोनीत सदस्य हरिवंश के उपसभापति पद पर निर्वाचित होने के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित ।

17 Apr 2026, 12:55:25 PM IST

Delimitaion Bill: राजनीतिक नोटबंदी साबित होगा परिसीमन- शशि थरूर

Delimitaion Bill: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने महिला आरक्षण अधिनियम में संशोधन के लिए सरकार द्वारा संसद में लाए गए विधेयकों पर उसे आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि परिसीमन (डिलिमिटेशन) की कवायद 'राजनीतिक नोटबंदी (डिमोनेटाइजेशन)' साबित होगी। थरूर ने शुक्रवार को लोकसभा में महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित 'संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026', 'परिसीमन विधेयक, 2026' और 'संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026' पर चर्चा में भाग लिया। उन्होंने कहा महिलाओं के आरक्षण को परिसीमन से जोड़ना भारतीय महिलाओं की आकांक्षाओं को ''देश के इतिहास की सबसे विवादास्पद और जटिल प्रशासनिक कवायदों में से एक'' में बंधक बनाकर रखना है।

17 Apr 2026, 12:53:10 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: संविधान को क्यों कमजोर करना चाहती है सरकार- डिंपल यादव

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि नारी अल्पसंख्यक महिलाओं और ओबीसी महिलाओँ को भी आरक्षण मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संशोधन की समयसीमा बताती है कि बीजेपी नारियों को नहीं बल्कि खुद को सशक्त करना चाहती है ताकि उसे कोई सत्ता से ना हटा सके। बीजेपी को पता है कि उसका वोट खिसक रहा है और इसलिए यह बिल केवल भ्रम फैलाने के लिए लाया गया है।

17 Apr 2026, 12:48:32 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: बीजेपी ने तो सीता जी को भी भुला दिया- कल्याण बनर्जी

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, स्पीकर का पद महिला के लिए आरक्षित करिए। कैबिनेट में 50 फीसदी महिला का आरक्षण तय हो। लोकसभा सीटों के लिए भी तय हो 50 पर्सेंट का कोटा। हम लोग दुर्गा जी की पूजा करते हैं, जिनकी भगवान राम ने भी आराधना की थी। यहां तक कि आप जय श्री राम बोलते हैं, जबकि हम जय सिया राम बोलते हैं। इस तरह आपने तो सीता जी को ही भुला दिया। हम लोग दुर्गा जी का पूजा करता है, सीता जी का भी पूजा करते हैं। BJP वाला सीता जी का भी नाम नहीं लेते हैं।

17 Apr 2026, 12:45:53 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: हिंदुत्व की बात करने वाले देवी काली को भूल गए- कनिमोझी

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: महिला आरक्षण से संबंधित विधेयकों का विरोध करने के लिए द्रमुक सांसदों के काले परिधान पहनने को 'काला टीका' करार देने संबंधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी सदस्य कनिमोझी ने शुक्रवार को कहा कि ''हिंदुत्व की बात करने वाले देवी काली को भूल गए।''

लोकसभा में महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित 'संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026', 'परिसीमन विधेयक, 2026' और 'संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026' पर चर्चा में भाग लेते हुए कनिमोझी ने यह टिप्पणी की।

17 Apr 2026, 12:22:16 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: केंद्र पर बरसे कल्याण बनर्जी

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि बीजेपी ने महिला शक्ति का कभी सम्मान नहीं किया। कल्याण बनर्जी ने कहा कि परिसीमन से पहले इस कानून को तुरंत लागू करने की क्या जरूरत थी। इसके परिसीमन के बाद भी लागू किया जा सकता था।

17 Apr 2026, 12:10:05 PM IST

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: ललन सिंह बोले, महिलाओं के साथ न्याय नहीं होने देना चाहती कांग्रेस

Nari Shakti Vandan Adhiniyam: पंचायती राज मंत्री रजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि कांग्रेस चाहती ही नहीं कि महिलाओं के साथ न्याय हो। प्रधानमंत्री जी ने भी सचेत किया है कि अगर आपने इसका विरोध किया तो परसों तक इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।