Kolkata RG Kar Medical College Hospital Another incident at two people died in three days due to mismanagement कोलकाता के आरजी कर हॉस्पिटल में फिर कांड, तीन दिनों में दो लोगों की अव्यवस्था से मौत, India News in Hindi - Hindustan
More

कोलकाता के आरजी कर हॉस्पिटल में फिर कांड, तीन दिनों में दो लोगों की अव्यवस्था से मौत

कोलकाता के आरजी कर मेडीकल कॉलेज अस्पताल में अव्यवस्था की वजह से एक और व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। सोमवार को एक मरीज की शौचालय जाते समय गिरने से मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि उन्होंने स्टॉफ से मदद की मांगी थी, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।

Mon, 23 March 2026 05:07 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
कोलकाता के आरजी कर हॉस्पिटल में फिर कांड, तीन दिनों में दो लोगों की अव्यवस्था से मौत

पश्चिम बंगाल का आरजी कर अस्पताल एक बार फिर चर्चा में है। राज्य के इस मेडीकल कॉलेज और अस्पताल से अब चिकित्सीय लापरवाही का मामला सामने आया है। कथित तौर पर गंभीर हालत में अस्पताल लाए गए एक मरीज की शौचायल ले जाने में मदद करने से स्टॉफ ने इनकार कर दिया। इसके बाद जब साथ आए लोग उसे पैदल ही शौचालय ले जा रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतक बिस्वजीत सामंता को सोमवार सुबह ही सीने में दर्द, सांस लेने में दिक्कत और नाक से खून निकलने की वजह से ट्रामा सेंटर में लाया गया था। परिवार ने बताया कि शुरुआती इलाज के बाद सामंता की हालत में सुधार हुआ, लेकिन जब उन्होंने शौचालय जाने के लिए स्टाफ से मदद मांगी, तो उन्होंने किसी भी तरह की मदद करने से इनकार कर दिया।

स्ट्रेचर या किसी व्हीलचेयर की उपलब्धता न होने के वजह से परिवार को ही सामंता को पैदल सेकर शौचालय की तरफ से जाना पड़ा। रास्ते में वह गिर पड़े और बेहोश हो गए। बाद में डॉक्टरों ने जांच करके उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी ने बताया, "हम उन्हें पिछली रात यहां पर लेकर आए थे। उनकी नाक से खून आ रहा था। इलाज के बाद उनकी हालत में थोड़ा सुधार हुआ, फिर उन्होंने शौचालय जाने की बात कही, लेकिन वहां पर स्ट्रेचर या व्हील चेयर की व्यवस्था नहीं थी। हमने अस्पताल स्टॉप से मदद करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने कोई बात नहीं सुनी। हमें पैदल ही जाना पड़ा, जिसकी वजह से यह दुखद घटना हुई। अगर स्ट्रेचर मिल जाता, तो ऐसा नहीं होता।"

सामंता की मौत के बाद परिजनों से अस्पताल में विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया और प्रबंधन के ऊपर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। इस पूरे मामले पर अभी तक अस्पताल प्रशासन की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है।

आपको बता दें, अभी हाल ही में आरजी कर अस्पताल में ही एक व्यक्ति की लिफ्ट में फंसने की वजह से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। गौरतलब है कि यह मेडीकल कॉलेज और अस्पताल पूरे देश की नजर में उस वक्त आया था, जब यहां पर एक महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार की जघन्य घटना सामने आई थी। अस्पताल में ही काम करने वाले एक व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद पूरे देश में गुस्सा फूट पड़ा था और कई हफ्तों तक आंदोलन चला था।