Kerala CM Pinarayi Vijayan changed social media bio ahead of Result assembly elections 2026 केरल में होने वाला है उलटफेर? नतीजों से पहले CM पिनाराई विजयन ने बदला बायो, अब क्या लिखा, India News in Hindi - Hindustan
More

केरल में होने वाला है उलटफेर? नतीजों से पहले CM पिनाराई विजयन ने बदला बायो, अब क्या लिखा

केरल विधानसभा चुनाव परिणाम आने से महज एक दिन पहले मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के बायो में बड़ा बदलाव कर दिया है। अब उनकी बायो में लिखा है कि पॉलितब्यूरो सदस्य, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी)।

Sun, 3 May 2026 07:34 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share
केरल में होने वाला है उलटफेर? नतीजों से पहले CM पिनाराई विजयन ने बदला बायो, अब क्या लिखा

केरल विधानसभा चुनाव परिणाम आने से महज एक दिन पहले मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के बायो में बड़ा बदलाव कर दिया है। अब उनकी बायो में लिखा है कि पॉलितब्यूरो सदस्य, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी)। दरअसल, यह बदलाव ऐसे समय में सामने आया है जब केरला में चुनावी नतीजों का इंतजार किया जा रहा है। इसलिए इसे लेकर सियासी गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह किसी बड़े राजनीतिक संकेत की ओर इशारा है या महज सामान्य बदलाव?

बता दें कि विजयन अपने गृह क्षेत्र धर्मदम से लगातार तीसरी बार विधायक बनकर सत्ता में वापसी की ऐतिहासिक कोशिश कर रहे हैं। यह सीट परंपरागत रूप से वामपंथियों का गढ़ रही है, लेकिन 2026 का यह चुनाव केवल स्थानीय जीत-हार से कहीं ज्यादा अहम है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) और भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) दोनों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का मुद्दा बन गया है। यूडीएफ ने विजयन के खिलाफ वीपी अब्दुल रशीद को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने के रंजीत को टिकट दिया है। विजयन ने 2016 और 2021 में इस सीट पर आसान जीत दर्ज की थी।

पिछले चुनावों का आंकड़ा

2021 के विधानसभा चुनाव में पिनारई विजयन को 95,522 वोट (59.8%) मिले थे, जबकि यूडीएफ उम्मीदवार सी. रघुनाथन को 28.4% वोट प्राप्त हुए। 2016 में जब विजयन पहली बार इस सीट से चुनाव लड़े थे, तो उन्होंने यूडीएफ के मंबारम दिवाकरन को 30,905 वोटों के अंतर से हराया था। उस समय विजयन को 87,329 वोट मिले थे।

एग्जिट पोल में यूडीएफ की मजबूत स्थिति

विभिन्न एग्जिट पोल के अनुमानों में कांग्रेस नीत यूडीएफ को स्पष्ट बढ़त दिखाई गई है। एक्सिस माई इंडिया के सर्वे के अनुसार यूडीएफ 78 से 90 सीटें जीत सकता है, जबकि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को 49-62 और एनडीए को 0-3 सीटें मिलने का अनुमान है।

वहीं, पीपुल्स पल्स के मुताबिक यूडीएफ 75-85, एलडीएफ 55-60 और एनडीए 0-3 सीटें हासिल कर सकता है। जेवीसी पोल में भी यूडीएफ को 72-84 सीटों का अनुमान लगाया गया है।

गौरतलब है कि केरल में 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान हुआ था। मतदान प्रतिशत 78.27 रहा। मतगणना 4 मई को होगी। इसी दिन तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।

बता दें कि 2021 के चुनाव में एलडीएफ ने 99 सीटें जीतकर केरल की पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा को तोड़ा था। सीपीआई(एम) अकेले 62 सीटें जीतने में सफल रही थी। इस बार एग्जिट पोल के नतीजे यूडीएफ नेताओं के लिए राहत भरे माने जा रहे हैं।