खून... फटे कागज और शव, बेंगलुरु में किराए के फ्लैट में झारखंड की युवती की लाश, क्या है राज?
बेंगलुरु के अडुगोडी में एक किराए के फ्लैट में एक युवती का शव सड़ी-गली हालत में मिला है। मृतका की पहचान पूजा दत्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह झारखंड की रहने वाली थी, और यहां पर एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी।

बेंगलुरु के अडुगोडी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक युवती का शव सड़ी-गली हालत में मिला है। मृतका की पहचान पूजा दत्ता (34 ) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह झारखंड की रहने वाली थी, और यहां पर एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात पड़ोसियों ने मकान से दुर्गंध आने की शिकायत की। इस बात की जानकारी मिलने के बाद मकान मालिक ने पुलिस को जानकारी दी और मौके पर बुलाया। जब पुलिस पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी।
पुलिस के अनुसार, अंदर का नजारा देखकर सबके होश ही उड़ गए। कमरे के अंदर पूजा दत्ता का नग्न और सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच से पता चला है कि मौत कम से कम तीन दिन पहले हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खून से लथपथ शव और कमरे में बिखरे फटे कागज तथा चलते पंखे के कारण मौत का कारण फिलहाल संदिग्ध लग रहा है।
पुलिस के अनुसार, झारखंड के धनबाद (हीरापुर) की रहने वाली पूजा पिछले तीन साल से यहां अकेली रह रही थी। वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी। मकान मालकिन जनकम्मा ने बताया कि पूजा की शादी नहीं हुई थी। अक्सर वह हिंदी में ही बात करती थी। मकान मालिक ने आगे बताया कि बगल वाले मकान के दो किराएदारों ने बताया कि उनके मकान से बदबू आ रही है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। जनकम्मा ने कहा कि दरवाजा अंदर से बंद था और तीन कुंडियां लगी हुई थीं। शव पर चोट के निशान भी दिख रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि पूजा के घर एक लड़का अक्सर आता था। उनके अनुसार, दोनों के बीच आये दिन नोक-झोंक होते रहता था।
दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूजा के मोबाइल फोन कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया और जानने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मकान मालिक के बयान के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।




साइन इन