Jahan bjp wahan vikas Know what PM Modi say on victory in Bengal Assam and Puducherry जहां भाजपा, वहां विकास; बंगाल-असम और पुडुचेरी की जीत पर पीएम मोदी ने और क्या कहा, India News in Hindi - Hindustan
More

जहां भाजपा, वहां विकास; बंगाल-असम और पुडुचेरी की जीत पर पीएम मोदी ने और क्या कहा

पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता को आदरपूर्वक नमन करते हुए कहा कि यह जनादेश भारतीय लोकतंत्र की अटूट ताकत को दर्शाता है। पीएम ने भाजपा के कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं का विशेष अभिनंदन करते हुए कहा कि हर छोटा-बड़ा कार्यकर्ता कमाल कर दिया और कमल खिला दिया।

Mon, 4 May 2026 08:26 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share
जहां भाजपा, वहां विकास; बंगाल-असम और पुडुचेरी की जीत पर पीएम मोदी ने और क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता को आदरपूर्वक नमन करते हुए कहा कि यह जनादेश भारतीय लोकतंत्र की अटूट ताकत को दर्शाता है। पीएम मोदी ने भाजपा के कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं का विशेष अभिनंदन करते हुए कहा कि हर छोटा-बड़ा कार्यकर्ता कमाल कर दिया और कमल खिला दिया। यह परिणाम नए इतिहास की रचना है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और लगन को जीत की असली ताकत बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

20 से अधिक राज्यों में भाजपा-NDA की सरकारें

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकारें हैं। पार्टी का मंत्र 'नागरिक देवो भव' है और सरकार निरंतर जनसेवा में जुटी हुई है। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि जनता साफ देख रही है कि जहां भाजपा है, वहां सुशासन और तेज विकास है।उन्होंने हाल के चुनावी रुझानों का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनी, महाराष्ट्र में बड़ी जीत मिली, दिल्ली में अभूतपूर्व सफलता हासिल हुई और बिहार में पहले से भी अधिक समर्थन प्राप्त हुआ।

गंगा-ब्रह्मपुत्र और मां कामाख्या का आशीर्वाद

असम के संदर्भ में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गंगा जी के साथ-साथ ब्रह्मपुत्र का भी हम पर आशीर्वाद रहा है, मां कामाख्या का भी आशीर्वाद रहा है। असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए पर भरोसा जताया है। हैट्रिक हुई है। 2013 का अपना काशी अनुभव साझा करते हुए पीएम ने याद किया कि नामांकन के समय उन्होंने कहा था कि मां गंगा ने उन्हें बुलाया है। उन्होंने कहा कि आज भी हर पल मां गंगा का आशीर्वाद महसूस करते हैं, जो देश और जनता पर निरंतर बना हुआ है।

लोकतंत्र की जीत, रिकॉर्ड मतदान

प्रधानमंत्री ने कहा कि जीत और हार लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन इन पांच राज्यों के चुनावों ने दुनिया को भारत की लोकतांत्रिक ताकत दिखाई है। उन्होंने आगे कहा कि भारत केवल लोकतंत्र नहीं, मदर ऑफ डेमोक्रेसी है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में लगभग 93 प्रतिशत मतदान को ऐतिहासिक बताया। असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी रिकॉर्ड मतदान हुआ। महिलाओं की भारी भागीदारी को लोकतंत्र की सबसे उज्ज्वल तस्वीर बताया।

गंगोत्री से गंगासागर तक कमल

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले साल बिहार चुनाव के बाद गंगा के बहाव का जिक्र किया था, जो अब बंगाल की जीत के साथ पूरा होता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक अब कमल खिल गया है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में भाजपा-एनडीए की सरकारों को उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया।

उपचुनावों में भी NDA की जीत

इसके अलावा विभिन्न उपचुनावों के नतीजों को उत्साहजनक बताते हुए प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र, गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में एनडीए को मिले जनसमर्थन का उल्लेख किया। महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की बड़ी जीत का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने सभी राज्यों की जनता, चुनाव आयोग, उसके कर्मचारियों और सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त किया।

डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना साकार

इस दौरान प्रधानमंत्री ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए संघर्ष किया और समृद्ध बंगाल का सपना देखा था। वह सपना अब जनता के सहयोग से पूरा होने जा रहा है। 4 मई 2026 को बंगाल के भाग्य में नया अध्याय जुड़ गया है। पीएम मोदी ने कहा कि अब बंगाल भयमुक्त होकर विकास के नए भरोसे के साथ आगे बढ़ेगा और राज्य में नई संभावनाएं खुलेंगी।