उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार रात को अचानक ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने दिन में राज्यसभा की चेयर संभाली और कई मीटिंगों में भी हिस्सा लिया। जगदीप धनखड़ के इस्तीफे को लेकर किसी को अंदाजा तक नहीं था कि वह अचानक ही ऐसा कोई फैसला ले लेंगे। वह बिना किसी अपॉइंटमेंट के राष्ट्रपति भवन पहुंचे और अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस बीच कांग्रेस ने दावा किया है कि सोमवार दोपहर को कोई बड़ा घटनाक्रम हुआ था। शायद इसी के चलते उपराष्ट्रपति ने ऐसा फैसला लिया है। पार्टी का कहना है कि सरकार उन्हें अपना इस्तीफा वापस लेने के लिए मनाए।
22 Jul 2025, 03:08:27 PM IST
Parliament Monsoon Session LIVE: अखिलेश यादव का SIR पर तीखा हमला
SIR के मुद्दे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'हर चुनाव को जीतने के लिए भाजपा एक नई रणनीति बनाती है। 8 करोड़ वोट और एक-डेढ़ महीने में आप नई वोटर लिस्ट बनाएंगे। उत्तर प्रदेश में अभी उपचुनाव में पुलिस ने बंदूक से वोट रोका था। मैं दावे से कहता हूं कि कुंदरकी में आप CCTV निकाल कर देख सकते हैं पुलिस वोट डालती मिलेगी। अयोध्या में ये लोग हारे थे तो मिल्कीपुर हराना जरूरी था। बिहार में नई वोटर लिस्ट बनने का मतलब है भाजपा ने बेईमानी करने के लिए कोई बहुत बड़ी तैयारी की है।'
22 Jul 2025, 03:06:40 PM IST
Parliament Monsoon Session LIVE: 'फर्जी वोट को जोड़ना ही SIR'
समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने SIR (विशेष गहन समीक्षा) पर कहा, 'वोट को काटना और फर्जी वोट को जोड़ना ही SIR है। इसलिए सारे लोग इसका विरोध कर रहे हैं। लोकतंत्र से कोई मतलब नहीं है।'
22 Jul 2025, 02:32:09 PM IST
Jagdeep Dhankhar Resigns LIVE: जगदीप धनखड़ ने हमेशा बिना किसी दबाव के बात की- पवन कल्याण
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने मंगलवार को कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बिना किसी राजनीतिक दबाव के निडरता से अपने विचार व्यक्त किए। अभिनेता से नेता बने पवन कल्याण ने कहा कि धनखड़ ने सार्वजनिक जीवन के लिए एक उच्च मानदंड स्थापित किया है। धनखड़ के इस्तीफे के बाद ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कल्याण ने कहा, ‘आपने (जगदीप धनखड़) बिना किसी राजनीतिक दबाव के निर्भीक होकर जो विचार व्यक्त किए, उन्होंने सार्वजनिक जीवन के लिए एक उच्च मानक स्थापित किया है।’ भारत के प्रति उनकी समर्पित और बहुमूल्य सेवा के लिए धनखड़ का आभार व्यक्त करते हुए आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति ने अपने कार्यकाल में अटूट प्रतिबद्धता के साथ पद की गरिमा को बरकरार रखा और ‘संवैधानिक मूल्यों’ की रक्षा की।
22 Jul 2025, 02:23:27 PM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: राम गोपाल यादव ने क्या कहा
समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने SIR (विशेष गहन समीक्षा) पर कहा, 'वोट काटने की और मनमाने वोट जोड़ने की साजिश चल रही हो तो राज्यसभा के चलने या ना चलने का क्या मतलब है।' उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर उन्होंने कहा कि ये आश्चर्यजनक है।
22 Jul 2025, 02:22:04 PM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: 'धनखड़ जी को अच्छे से जानता हूं'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर अनिल विज ने कहा, 'उन्होंने स्पष्ट बताया है कि स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया है। मैं जगदीप धनखड़ जी को अच्छे से जानता हूं। वे बहुत साफ बात करने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने कारण बता दिया है। विपक्ष का काम केवल तिल का ताड़ बनाना है।'
22 Jul 2025, 02:20:00 PM IST
Parliament Monsoon Session LIVE: सदन की कार्यवाही बुधवार तक स्थगित
मॉनसून सत्र के दूसरे दिन भी विपक्षी दलों का हंगामा नहीं थमा। ऐसे में दोनों सदनों की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत अन्य विपक्षी दल एसआईआर, पहलगाम और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग कर रहे हैं।
22 Jul 2025, 01:49:43 PM IST
Parliament Monsoon Session LIVE: रवि शंकर प्रसाद SIR पर क्या बोले
SIR (विशेष गहन समीक्षा) पर भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा, 'ये जो विरोध हो रहा है इस पर मुझे कुछ सवाल करना है- वोट वही कर सकता है जो भारत का नागरिक है तो अगर इसकी थोड़ी जांच हो रही है तो परेशानी क्या है। वोट वो कर सकता है जो उस क्षेत्र या जगह में रह रहे हो तो वहां पर रह रहे हैं या नहीं ये देखने में क्या जा रहा है। चुनाव आयोग ने कहा है कि बहुत लोग बाहर से आए हैं तो यहां वही वोट देगा जो भारत का नागरिक है यही देखने का काम वो कर रहे हैं। इसको देखकर विपक्ष परेशान क्यों हैं?'
22 Jul 2025, 01:27:49 PM IST
Parliament Monsoon Session LIVE: 'हम SIR पर चर्चा की मांग कर रहे'
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'यह लोकतंत्र पर स्पष्ट हमला है। हम SIR (विशेष गहन समीक्षा) पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। हम SIRनहीं चाहते। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पहले ही खत्म हो चुकी है। सरकार चर्चा के लिए बिल्कुल तैयार नहीं है। वे पहलगाम पर चर्चा के लिए सहमत हुए थे। हम अगले हफ्ते इस पर चर्चा के लिए तैयार हैं, लेकिन यह लोकतंत्र से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक है।'
22 Jul 2025, 01:26:04 PM IST
Parliament Monsoon Session LIVE: 'घर जाकर खाना खाकर सोना होता है'
भाजपा सांसद रवि किशन ने SIR पर कहा, 'विपक्ष बिहार में सरकार नहीं बना पाएगी क्योंकि पीएम मोदी और नीतीश कुमार जी का जो विश्वास है, मुझे गांव-गांव से फोन आ रहा है कि भाजपा-NDA सरकार के प्रति पूरा रुझान है। ये निश्चित है कि वहां पर सरकार NDA की बन रही है। विपक्ष का काम है चिल्लाना और सदन को स्थगित करवाना। वो लोग स्थगित इसलिए करवाते हैं क्योंकि उन्हें घर जाकर खाना खाकर सोना होता है।'
22 Jul 2025, 12:56:39 PM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा स्वीकार
भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे की जानकारी मंगलवार को राज्यसभा को दी गई। गृह मंत्रालय ने संविधान के अनुच्छेद 67 (ए) के तहत जारी अधिसूचना में यह जानकारी दी कि उपराष्ट्रपति ने तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यसभा की बैठक जैसे ही मंगलवार दोपहर 12 बजे प्रश्नकाल के लिए शुरू हुई, सभापति की कुर्सी पर बैठे घनश्याम तिवाड़ी ने सदन को सूचित किया कि “गृह मंत्रालय, दिनांक 22 जुलाई 2025 की अधिसूचना के माध्यम से भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा संविधान के अनुच्छेद 67 (ए) के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया गया है।”
22 Jul 2025, 12:49:26 PM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: 'स्वास्थ्य इतना खराब नहीं हुआ है कि...'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत ने कहा, 'उपराष्ट्रपति का स्वास्थ्य इतना खराब नहीं हुआ है कि उन्हें इस्तीफा देना पड़े। किसी ने उनका स्वास्थ्य खराब किया है। सत्तारूढ़ पार्टी चुप है। इसका मतलब है कि कुछ गलत है।'
22 Jul 2025, 12:46:56 PM IST
Parliament Monsoon Session LIVE: प्रियंका बोलीं- लोकतंत्र का कत्ल
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'ये लोकतंत्र का कत्ल है। इसलिए हम बार-बार बोल रहे हैं ये एकदम गलत है।'
22 Jul 2025, 12:45:14 PM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: धनखड़ के इस्तीफे पर JMM सांसद महुआ माझी
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर JMM सांसद महुआ माझी ने कहा, 'ये सबके लिए आश्चर्यजनक है। जब वे सदन में आए तो ऐसा नहीं लगा कि उनकी तबीयत इस्तीफा देने लायक खराब है। इसके पहले भी तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने केवल कुछ दिनों की छुट्टी ली फिर वे वापस आ गए। ये सत्र भी पूरा हो सकता था उसके बाद वे इस्तीफा दे सकते थे। लेकिन पहले दिन आकर रात में इस्तीफा देना और दिन भर किसी को भनक तक ना लगने देना इसको लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। लोग तरह-तरह के क्यास लगा रहे हैं।'
22 Jul 2025, 12:43:31 PM IST
Parliament Monsoon Session LIVE: डिंपल यादव ने SIR पर क्या कहा
सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा, 'सरकार की कोई मंशा ही नहीं है कि वे जनता और लोगों की बात सुनें। अभी जो SIR की जा रही है इससे अपने आप में सवाल उठते हैं।'
22 Jul 2025, 12:25:37 PM IST
Jagdeep Dhankhar Resigns LIVE: रविकिशन बोले- स्वास्थ्य खराब है, इस पर राजनीति करना ठीक नहीं
भाजपा नेता रविकिशन ने कहा कि कितने लोग ऐसे हैं, जिन्होंने सुबह को बात की और शाम को उनकी मौत हो गई। उनका स्वास्थ्य खराब है और रेस्ट के लिए उपराष्ट्रपति ने इस्तीफा दिया है। रविकिशन ने कहा कि किसी के स्वास्थ्य पर भी राजनीति करना ठीक नहीं है।
22 Jul 2025, 12:23:35 PM IST
Jagdeep Dhankhar Resigns LIVE: राष्ट्रपति ने स्वीकार किया धनखड़ का इस्तीफा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। वाइस प्रेसिडेंट ने सोमवार रात को अचानक इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल अभी दो साल से ज्यादा का बचा हुआ था।
22 Jul 2025, 12:20:43 PM IST
Jagdeep Dhankhar Resigns LIVE: पीएम नरेंद्र मोदी की इस्तीफे पर प्रतिक्रिया
पीएम नरेंद्र मोदी ने जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने पर प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने लिखा, ‘श्री जगदीप धनखड़ जी को भारत के उपराष्ट्रपति सहित कई भूमिकाओं में देश की सेवा करने का अवसर मिला है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’
22 Jul 2025, 12:18:06 PM IST
Parliament Monsoon Session LIVE: कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित
गृह मंत्रालय ने संविधान के अनुच्छेद 67A के तहत भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे की सूचना तत्काल प्रभाव से दे दी है। वहीं, संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। विपक्ष एसआईआर और पहलगाम पर चर्चा करने की मांग पर अड़ा हुआ है।
22 Jul 2025, 12:11:41 PM IST
Parliament Monsoon Session LIVE: संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू
संसद के दोनों सदनों का कार्यवाही दोपहर 12 बजे के बाद दोबारा शुरू हुई है। हालांकि, विपक्षी दल एक बार फिर से हंगामा कर रहे हैं। सभापति की ओर से उन्हें शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस बीच, राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
22 Jul 2025, 11:52:04 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: इस्तीफे पर सांसद चंद्रशेखर आजाद का बयान
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा, 'मैं उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं कि उनका स्वास्थ्य अच्छा रहे। उन्होंने अचानक जिस तरह से इस्तीफा दिया तो ये चिंता की बात तो है ही और सब जगह अटकलें लग रही है। लेकिन मैं आग्रह करूंगा कि उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए। उनका कार्यकाल अच्छा रहा है और वह किसानों के लिए हमेशा खड़े रहे हैं तो मैं राष्ट्रपति से मांग करता हूं कि उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए।'
22 Jul 2025, 11:38:24 AM IST
Parliament Monsoon Session LIVE: ऑपरेशन सिंदूर पर 16 घंटे की चर्चा पर अखिलेश यादव
लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर 16 घंटे की चर्चा पर सपा सांसद अखिलेश यादव ने कहा, 'हम लोग भी चर्चा के लिए तैयार हैं जब प्रधानमंत्री रहेंगे। बिना प्रधान के क्या बयान दें और किसको बयान दें? क्या भूल हुई, क्या चूक हुई, इंटेलिजेंस फेलियर था? ये कोई एक बार नहीं हुआ है। पुलवामा में हुआ फिर पहलगाम में हुआ।'
22 Jul 2025, 11:37:04 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: 'उनके जैसा अक्खड़ मिजाज का आदमी...'
कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर कहा, 'बहुत दुखद है और मुझे लगता है कि जो भी हुआ है वो सामान्य सा नहीं है। उनके जैसा अक्खड़ मिजाज का आदमी जो बीमारी की हालत में भी सदन आते थे और पूरा समय देते थे। उनका स्वास्थ्य कारणों की वजह से इस्तीफा सामान्य नहीं लग रहा है। कम से कम सरकार को इस पर बोलना चाहिए। सरकार चुप है। ये चुप्पी दर्शाती है कि सबकुछ सामान्य नहीं है।'
22 Jul 2025, 11:34:38 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: धनखड़ के इस्तीफे पर शशि थरूर ने क्या कहा
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, 'उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतत, ये बहुत दुखद है कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है। मैं उनके जल्द ठीक होने की कामना करूंगा।'
22 Jul 2025, 11:28:57 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: 'ये बहुत बड़ा घपला है'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, 'लगातार उनका दो दिन बाद कार्यक्रम था अगर वह अस्वस्थ होते तो पहले इस्तीफा देते या बाद में देते। तो ये बहुत बड़ा घपला है। कहीं पर निगाहें कहीं पर निशाना है।'
22 Jul 2025, 11:27:32 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: धनखड़ के इस्तीफे पर रामदास अठावले
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर कहा, 'वह बहुत गंभीर, व्यवस्थित इंसान हैं। उनका योगदान हमारे देश के लिए बहुत रहा है। वह सबकी बाते सुनते हैं, लेकिन उनकी तबीयत कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही है। इसलिए उन्होंने इस्तीफा दिया है।'
22 Jul 2025, 11:26:04 AM IST
Parliament Monsoon Session LIVE: SIR के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी सांसद प्रदर्शन कर रहे हैं। बिहार में SIR (विशेष गहन समीक्षा) के मुद्दे पर संसद के मकर द्वार पर इकट्टा होकर उन्होंने अपना विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की।
22 Jul 2025, 11:23:57 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: 'एम्स में भर्ती थे धनखड़'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर भाजपा सांसद डॉ. भगवत किशनराव कराड ने कहा, 'उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को कुछ दिन पहले एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया।'
22 Jul 2025, 11:11:25 AM IST
Parliament Monsoon Session LIVE: हंगामे के चलते कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद संसद के मॉनसून सत्र का आज पहला दिन है। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते से विपक्ष हंगामा करने लगा। इसे देखते हुए सभापति ओम बिरला ने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
22 Jul 2025, 10:47:27 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: 'अचानक कौन-सी बात हो गई'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने कहा, 'ये हमारे लिए चौंकाने वाला है क्योंकि कल शाम तक वह संसद में पूरी तरह शामिल थे। अचानक कौन-सी बात हो गई। यहां पर कोई सुरक्षित नहीं है।'
22 Jul 2025, 10:46:07 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: प्रमोद तिवारी बोले- संसदीय इतिहास का काला
जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने पर कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा, 'ये चौंकाने वाला है। मैं उनसे आग्रह करूंगा कि वह फिर से विचार करें। वह संसदीय ज्ञान के धनी थे और किसानों के आवाज उठाने वाले थे। ये संसदीय इतिहास का काला दिन है जब एक उपराष्ट्रपति जी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पा रहे हैं।'
22 Jul 2025, 10:22:33 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign LIVE: सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने क्या कहा
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, 'मैंने कल उन्हें राज्यसभा की कार्यवाही बहुत ही अच्छे ढंग से कराते सुना है। कहीं पर ऐसा नहीं लग रहा था कि महामहिम बीमार हैं। अचानक कल रात मुझे पता चला तो मुझे आश्चर्य हुआ है। उन्होंने अपने स्वास्थ्य का हवाला दिया तो मुझे कोई टिप्पणी नहीं करनी है। मैं प्रभु से प्रार्थना करता हूं कि वे स्वस्थ और प्रसन्न रहें।'
22 Jul 2025, 10:17:16 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign: 'पहले जैसा संबंध नहीं रहा'
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा, 'उपराष्ट्रपति का इस्तीफा अचानक है और दुर्भाग्यपूर्ण है। वे कल बैठक में शामिल हो रहे थे और आज भी उनके साथ बैठक थी। सुनने में आया है कि क्षेत्र में भी उनके कार्यक्रम भी थे। हम उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं लेकिन कहीं ना कहीं प्रमाणित होता है कि केंद्र सरकार और उपराष्ट्रपति के बीच संबंध पहले जैसा नहीं रहा।'
22 Jul 2025, 10:03:18 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resigns LIVE: कांग्रेस बोली- केंद्र सरकार बताए इस्तीफा क्यों हुआ
लोकसभा में कांग्रेस के डिप्टी स्पीकर गौरव गोगोई ने उपराष्ट्रपति के इस्तीफे पर जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में चीजें स्पष्ट करनी चाहिए कि क्या उसे पहले इसकी कोई जानकारी थी। उन्होंने कहा कि अचानक हुआ यह इस्तीफा चौंकाने वाला है।
22 Jul 2025, 09:58:53 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign: कांग्रेस सांसद ने बिहार चुनाव से जोड़ा
कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे को लेकर चिंता जाहिर की है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि बिहार चुनाव से पहले यह फैसला लिया गया है ताकि भाजपा को फायदा मिल सके। मल्लू रवि ने दावा किया कि सरकार बिहार चुनाव से पहले उनसे छुटकारा पाना चाहती थी। अब किसी ऐसे नेता को इस पद पर लाया जाएगा, जिससे बिहार चुनाव में उसे फायदा मिल सके। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनकी सेहत का ही मसला नहीं है बल्कि कुछ और बड़ी चीज है।
22 Jul 2025, 09:48:08 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign: स्क्रिप्ट पहले से लिखी गई- कांग्रेस सांसद
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा, 'हम भगवान से उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं। राजनीति में सब कुछ सामान्य लगता है लेकिन ऐसा नहीं है। अगर यह स्वास्थ्य कारणों से था तो मुझे लगता है कि वे सत्र शुरू होने से पहले भी इस्तीफा दे सकते थे। कल अचानक उनका इस्तीफा आया, यह अप्रत्याशित था। कल केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि जो कुछ मैं कहूंगा, वह रिकॉर्ड पर जाएगा तो क्या आप उपराष्ट्रपति को निर्देश देंगे? दूसरी बात, कल बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक थी। संसदीय कार्य मंत्री गायब हो गए। जेपी नड्डा जी गायब हो गए। इसलिए मैंने कहा कि स्क्रिप्ट पहले से लिखी हुई थी।'
22 Jul 2025, 09:30:56 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign: धनखड़ के इस्तीफे पर क्या बोले राजद नेता
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, 'ये तो वह जाने कि किन स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया लेकिन जो प्रतीत होता है कि उन्होंने ये इस्तीफा कहीं न कहीं दबाव में दिया है क्योंकि उनकी भावना कहीं न कहीं आहत हुई है। उनके विशेषाधिकार का जो हनन हो रहा था, उनके विशेषाधिकार को संसद में भाजपा के द्वारा जो चुनौती दी जा रही थी इससे कहीं न कहीं वो आहत होंगे। कोई न कोई कारण तो रहा है जिस कारण से उन्होंने इस्तीफा दिया है। स्वास्थ्य का कारण तो एक बहाना है लेकिन असलियत तो उनका इस सरकार से आहत होना प्रतीत होता है।'
22 Jul 2025, 09:17:37 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign: जगदीप धनखड़ की जगह फिलहाल कौन संभालेगा जिम्मेदारी
उपराष्ट्रपति पद के चुनाव की टाइमलाइन को लेकर संविधान में कुछ स्पष्टता नहीं है। लेकिन राज्यसभा चेयरमैन के तौर पर उनकी जिम्मेदारी डिप्टी चेयरमैन निभा सकते हैं। फिलहाल जेडीयू के सांसद हरिवंश यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसका अर्थ हुआ कि वही अब चेयरमैन होंगे और राज्यसभा का संचालन करेंगे।
22 Jul 2025, 09:14:48 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign: सबसे ऐक्टिव उपराष्ट्रपति के तौर पर जाने जाएंगे धनखड़- कपिल सिब्बल
जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति से इस्तीफे को लेकर कपिल सिब्बल की टिप्पणी आई है। उन्होंने कहा कि जगदीप धनखड़ को सबसे ऐक्टिव राज्यसभा चेयरमैन के तौर पर जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे 4 दशकों से शानदार रिश्ते रहे हैं।
22 Jul 2025, 09:11:43 AM IST
Jagdeep Dhankhar Resign: जगदीप धनखड़ ने अचानक दिया उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा
जगदीप धनखड़ के इस्तीफे को लेकर किसी को अंदाजा तक नहीं था कि वह अचानक ही ऐसा कोई फैसला ले लेंगे। वह बिना किसी अपॉइंटमेंट के राष्ट्रपति भवन पहुंचे और अपना इस्तीफा सौंप दिया।